हिमाचल में बारिश का दौर जारी, 10 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश ने आज सुबह से कई भागों में बारिश हो रही है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी सुबह से बारिश जारी है। बीती रात में भी कई भागों में तेज बारिश और तूफान चला रहा। सुजानपुर के चमियाना में तूफान के चलते बिजली की एचटी लाइन टूट गई है। कांगड़ा में भी तूफान के बाद सुबह दो घंटे तक बिजली गुल रही। राज्य में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश और ओलावृष्टि के बाद न्यूनतम तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। नाहन का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरने के बाद 18 डिग्री रह गया है। मौसम में आए बदलाव के बाद पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 मई को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। एक जून से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन 2 जून तक अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश जारी रहेगी। 3 और 4 जून को भी अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार है। इससे अगले पांच दिनों के दौरान गर्मी से राहत मिलेगी।
