हिमाचल में आज 10 जिलों में मौसम बिगड़ेगा: तेज बारिश, तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मई महीने के दौरान मौसम ने हैरान कर देने वाला मोड़ ले लिया है। सोलन में न्यूनतम तापमान सोमवार को सामान्य से 10.1 डिग्री नीचे गिरकर 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 14 मई 2021 को 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लाहौल एंड स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड एक बार फिर लौट आई है। ताबो का तापमान 3.5 डिग्री और कुकुमसेरी का 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि के चलते प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। भुंतर, मंडी, नाहन, ऊना और शिमला में भी अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
IMD के अनुसार, आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से कम रहेगा। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 मई तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ेगा, जिससे केवल ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 9 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 10 मई को फिर से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं।
