प्रदेश में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग शिमला के अनुसार आज और कल प्रदेशभर में बारिश से राहत मिलने की संभावना है, जिससे किसानों और बागवानों को कुछ राहत मिलेगी।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 11 मई से प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने 11 से 14 मई तक कई जिलों में बारिश, आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। खासतौर पर 12 और 13 मई को खराब मौसम का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है।
11 मई के लिए ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं 12 मई को मौसम और अधिक खराब होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। 13 और 14 मई को भी प्रदेश के मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने किसानों और बागवानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार तेज हवाएं और ओलावृष्टि फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंचा सकती हैं, इसलिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
