** रिटायर्ड आरओ एवं बह पंचायत प्रधान पीर सहाय ने प्रेरित किए स्वयंसेवक पधर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुफरी में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ सेवानिवृत्त वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं ग्राम पंचायत बह के प्रधान पीर सहाय ठाकुर ने किया। विशेष शिविर में 29 स्वयंसेवी छात्र छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। पाठशाला के प्रधानाचार्य अमरीक सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करने उपरांत शिविर में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्य अतिथि पीर सहाय ठाकुर ने स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ-साथ सेवा भाव का होना नितांत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्कूल और कॉलेज स्तर पर एनएसएस यूनिट बना कर ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि सात दिन तक आयोजित की जाने वाली तमाम गतिविधियों का पूरी तन्मयता और निष्ठा के साथ निर्वहन करें।उन्होंने शिविर के सफल आयोजन को लेकर 13000 रुपए की नगद राशि स्कूल प्रबंधन को सौंपी। वहीं उच्च पाठशाला खील के मुख्याध्यापक रूप सिंह कटारिया ने भी 2100 रुपए राशि भेंट की। इस दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर एसएमसी प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर सहित स्कूल का शिक्षक और गैर शिक्षक वर्ग भी मौजूद रहा।
** स्कूल लेक्चरर की परीक्षा की उत्तीर्ण मंडी जिले की करसोग तहसील गांव ममेल की निवासी पूजा देवी ने कड़ी मेहनत करके अपने पहले ही प्रयास में स्कूल लेक्चर की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन किया है, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने उनको बधाइयां भी दी। पूजा देवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, सास-ससुर, माता-पिता और अपने पति तिजेंद कुमार को दिया है। अब पूजा स्कूल में कॉमर्स विषय को पढाएगीं । बता दे कि पूजा केवल 25 वर्ष की है इन्होंने काफी कम उम्र में अपने लक्ष्य को हासिल किया है। इन्होंने शादी के बाद अपनी पढ़ाई को लगातार जारी रखा और शादी के बाद इन्होंने एमकॉम की डिग्री HPU से हासिल की और लगातार 2 साल तक अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करके अपने लक्ष्य को हासिल किया और अपने गांव के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनी। इन्होंने गृहस्त जीवन में रहकर भी अपना यह लक्ष्य पूरा किया।
शिमला के संजौली मस्जिद में बनीं तीन अवैध मंजिलें गिराने के आदेशों की कॉपी नगर निगम प्रशासन ने मस्जिद कमेटी को भेज दी है। नगर निगम आयुक्त कोर्ट में लिए फैसले के अनुसार संजौली मस्जिद में अवैध निर्माण मस्जिद कमेटी की ओर से किया गया है। ऐसे में मस्जिद कमेटी को ही इसे गिराना होगा। इसे गिराने का खर्च भी खुद मस्जिद कमेटी को ही वहन करना है। यदि तय समय अवधि में अवैध निर्माण नहीं टूटता है तो नगर निगम इसे तोड़ेगा, इसका खर्च मस्जिद कमेटी से लिया जाएगा। 5 मंजिला मस्जिद की ऊपरी तीन मंजिली गिराई जानी हैं। दो महीने के भीतर इन आदेशों की अनुपालना करनी होगी। मौके पर की जाने वाली कार्रवाई की रिपोर्ट भी अगली सुनवाई को नगर निगम आयुक्त कोर्ट में देनी होगी। अगली सुनवाई 21 दिसंबर को निर्धारित की गई है। नगर निगम आयुक्त कोर्ट के फैसले की विस्तृत कॉपी मस्जिद कमेटी को शुक्रवार को भेजी गई। हालांकि, अवकाश के चलते सोमवार तक ही यह कमेटी को यह कॉपी मिल पाएगी। मस्जिद कमेटी का कहना है कि सोमवार को यह कॉपी मिलनी है, इसलिए बैठक बुलाई है। इस बैठक में नगर निगम कोर्ट के फैसले पर विस्तृत चर्चा होगी और आगामी रणनीति बनाई जाएगी। अवैध मंजिलें कैसे तोड़ी जानी है, इस पर चर्चा की जाएगी। मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ ने कहा कि सोमवार को इस बारे में फैसला लिया जाएगा।
* एरियर भुगतान न होने पर पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी *मेडिकल बिल, लीव इन केशमेंट और जीआईएस का भुगतान करने की भी रखी मांग हिम.आंचल पेंशनर्स कल्याण संघ ने 2016 से बकाया एरियर का भुगतान न होने पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। पेंशनरों ने मांग उठाई कि एरियर का एकमुश्त भुगतान शीघ्र किया जाए। शनिवार को वन विश्राम गृह उरला में द्रंग ब्लाक पेंशनर्स कल्याण संघ अध्यक्ष एमसी चौहान की अध्यक्षता में आयोजित संघ की बैठक में पेंशनरों ने उनकी मांगों को पूरा न करने पर प्रदेश सरकार को खरी-खोटी सुनाई। ब्लाक अध्यक्ष एमसी चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 75 वर्ष की आयु के ऊपर के पेंशनरों का बकाया एरियर भुगतान कर दिया है, जिसके लिए पेंशनर्स सरकार के आभारी हैं। इसी तर्ज पर अन्य पेंशनरों को भी यह सुविधा शीघ्र प्रदान की जाए। पेंशनरों की कम्यूट कटौती सरकारी नियमानुसार दस वर्ष आठ माह बाद बंद की जाए। हर माह की पहली तारीख को पेंशन दी जाए। इसके अलावा उन्होंने चिकित्सा बिलों का भुगतान, लीव इन केसमेंट और जीआईएस का भुगतान करने की भी मांग की। इस दौरान पेंशनरों ने भूतपूर्व सैनिकों की तर्ज पर वन रैंक वन पेंशन का मामला भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस बारे नीतिगत प्रावधान करे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर भूप सिंह वर्मा, एनआर शर्मा, मनोज ठाकुर, गोकल चंद, पुरखी राम, राम सिंह, कश्मीर राज, रोशन लाल, रेवत सिंह, नागणु राम, हरदेव सिंह और केसी नेगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन के मुख्य सलाहकार धनीराम तंनवर, प्रधान श्यामलाल ठाकुर, महासचिव सतपाल शर्मा ,दीप राम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, संतराम चंदेल, जसबीर सिंह ,नेकीराम ,वेद ठाकुर ,बीना देवी ,पुष्पा सूद, रूप राम ठाकुर ,आशा राणा, धर्म सिंह ठाकुर ,जीत सिंह, श्यामलाल भाटिया, पतराम पवंर व समस्त कार्यकारिणी ने तथा जिला सोलन के समस्त पुलिस पेंशनरों ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषणा किए जाने का स्वागत और धन्यवाद किया है कि पेंशनरों के सभी वित्तीय लाभ 28 अक्टूबर तक दिवाली से पहले प्रदान कर दिए जाएंगे, जिसमें 4% डी ए, चिकित्सा बिल जो कई सालों से पैडिंग थे उनकी अदायगी करना और जो 75 साल की उम्र से ऊपर के पेंशनर को बकाया साढ़े 22 परसेंट एरियर की राशि प्रदान करना व हर महीने सभी पेंशनर की पेंशन महीने की पहली तारीख को देना इस प्रकार की घोषणा से सभी पेंशनरों में खुशी की लहर है। धनीराम तनवर ने कहा कि रिटायर होने के बाद इस उम्र में सभी पेंशनरों को अपने बकाया वित्तीय लाभ की राशि के भुगतान का इंतजार रहता है ताकि वह अपनी बकाया जिंदगी को अच्छे से गुजार सकेऔर वह अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज समय पर कर सके। संगठन प्रदेश सरकार का फिर से आभार प्रकट करती है कि इस प्रकार की आर्थिक परिस्थितियों पर भी सरकार ने पेंशनरों के लिए यह वित्तीय लाभ देने की घोषणा की है जो बहुत ही काबिले तारीफ है और भविष्य में भी पेंशनर आशा रखते हैं कि इसी प्रकार से इनके वित्तीय लाभ सरकार द्वारा समय-समय पर प्रदान किए जाते रहेंगे।
**दशहरे पर ठोडो मैदान में होगा कुश्ती का आयोजन विजयादशमी के पावन अवसर पर सोलन के ठोडो ग्राउंड में तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। इस बार सोलन के ऐतिहासिक ठोडो ग्राउंड में 40 फुट ऊंचे रावण के साथ-साथ कुंभकरण जिसकी लंबाई 35 और मेघनाथ जिसकी लंबाई 30 फीट हैं इनका दहन होगा। इसके साथ सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में कुश्ती का आयोजन भी किया जाएगा। थोड़ी ही देर में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों को खड़ा कर दिया जाएगा। पहली बार पुतलों का निर्माण करने पंजाब के भटिंडा से सोलन पहुंचे कारीगर बबलू का कहना है कि वो पिछले 10 सालो से पुतले बनाने का काम कर रहे है और इस बार सोलन में दशहरे के मौके पर उन्हें पुतले बनाने का मौका मिला। बता दे कि इस बार भी रावण का दहन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं सोलन के विधायक धनी राम शांडिल करेंगे।
**अद्वैता फाउंडेशन ने 30000 की आर्थिक सहायता की प्रदान ऊना/लकी: जरूरतमंदों की मदद के लिए सीमा क्षेत्र न देखते हुए अद्वैता फाउंडेशन ऊना एक बार फिर आगे आई है। अद्वेता फाउंडेशन की तरफ से किडनी से पीड़ित आशीष के परिवार को आज 30 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी गई है। फाउंडेशन की सदस्य डॉक्टर मोनिका ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले जानकारी मिली थी कि देहला गांव में आशीष कुमार की दोनों किडनी खराब है और बड़ी मुश्किल से अपना परिवार पाल रहा है। उन्होंने कहा हमने 30000 से इनकी आर्थिक मदद की है। यह परिवार इस पैसे से सब्जी का कारोबार करना चाहते हैं ताकि यह किसी पर डिपेंड ना रहे और अपनी आर्थिक की को मजबूत कर सके। मोनिका के मुताबिक आशीष की बेटी को संगीत में रुचि है और हिमाचल के कांगड़ा में हुए ग्रैंड फिनाले में उन्होंने पहला स्थान जीता है। मीडिया के सामने कृतिका ने अपने सिंगिंग की कुछ लाइन भी गाकर सुनाई।
हिमाचल देशभर समेत हिमाचल प्रदेश में भी आज धूमधाम से दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। शाम के समय प्रदेशभर में रावण दहन किया जाएगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश का एक ऐसा जिला भी हैं,जहां पर रावण दहन नहीं होगा। प्रदेश के बाकी शहरों की तरह यहां पर जिला स्तरीय दशहरा उत्सव नहीं मनाया जाता है और न ही यहां पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले जलाए जाते हैं। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर शहर में दशहरा पर्व नहीं मनाया जा रहा है और न ही यहां पर विजयदशमी का उत्सव मनाने को लेकर कोई तैयारी की गई है। पिछले 3 सालों से यहां पर दशहरे का त्योहार नहीं मनाया जाता है। हालांकि हमीरपुर शहर में राम नाटक क्लब द्वारा भव्य रामलीला का आयोजन किया जाता है, लेकिन यहां पर रावण दहन नहीं किया जाता है। शहरवासियों ने यहां भी दशहरा पर्व मनाने की प्रशासन से अपील की है। दरअसल हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश हैं कि स्कूल के मैदानों में सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं हो सकते हैं, जिसके चलते हमीरपुर शहर में पिछले तीन सालों से रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले नहीं जलाए जाते हैं। हमीरपुर में दशहरा उत्सव स्कूल मैदान में मनाया जाता था। ऐसे में हाईकोर्ट के फैसले के बाद से स्कूल मैदान में दशहरा उत्सव नहीं मनाया जा रहा है। वहीं, शहर के व्यापारियों और लोगों का कहना है कि हमीरपुर में भी अन्य शहरों की तरह दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाना चाहिए। दशहरा कमेटी हमीरपुर के पूर्व प्रधान दीप बजाज का कहना है, "हमीरपुर शहर में दशहरे का सबसे बड़ा पर्व मनाया जाता था। तीन सालों से अब तक हाईकोर्ट के आदेशों के बाद बाल स्कूल के मैदान में गतिविधियां नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही बाल स्कूल मैदान में कोरियन ग्रास लगाए जाने से भी मैदान में कोई कार्यक्रम नहीं हो पा रहा है। हमीरपुर शहर के लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि हमीरपुर में भी दशहरे का आयोजन किया जाना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश में अब तय समय अवधि ही नहीं, परीक्षा परिणाम भी शिक्षकों की पदोन्नति का आधार बनेगा। कम परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों की एसीआर में निगेटिव टिप्पणी भी लिखी जाएगी। प्रदेश सरकार ने पदोन्नति और एसीआर से जुड़ी पुरानी व्यवस्था को बदल दिया है। लगातार प्रदर्शन में गिरावट आने पर शिक्षकों की वेतन वृद्धि भी रोकी जाएगी। प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा देने और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी किए हैं। अभी तक एसीआर में नकारात्मक टिप्पणी करने का प्रावधान नहीं था। इस वर्ष से पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए नए प्रावधान कर दिए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन लगातार कम होता जा रहा है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे में देश में हिमाचल 21वें स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश की गिनती कुछ वर्ष पहले तक टॉप तीन राज्यों में हाेती थी। सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या में भी बड़ी कमी आई है। बीते दो दशकों में सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या में 5 लाख से अधिक की कमी आई है। इस कारण प्रदेश में बीते दिनों 500 से अधिक स्कूलों को मर्ज भी करना पड़ा है। इन कमियों को दूर करते हुए अब सरकार ने शिक्षकों की जवाबदेही तय करने के लिए कड़े फैसले लिए हैं। इसी कड़ी में पदोन्नति को परीक्षा परिणाम के साथ जोड़ा गया है। अब पदोन्नति सिर्फ तय समय अवधि पूरी करने पर ही नहीं मिलेगी। परीक्षा परिणाम को भी आंका जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों की एसीआर में भी कम परिणाम को दर्ज किया जाएगा। निगेटिव टिप्पणियां भी अब एसीआर में की जाएंगी। बीते दिनों ही स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के नतीजों में 25 फीसदी से कम परिणाम देने वाले 116 स्कूलोंं के 250 शिक्षकों को नोटिस जारी हुए हैं। इन प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों (टीजीटी) को इस बार वार्षिक इंक्रीमेंट नहीं मिलेगी। कुल 116 स्कूलों में 30 स्कूल ऐसे भी हैं, जहां परीक्षा परिणाम शून्य रहा है। भविष्य में इस तरह के परिणाम ना आए, इसके लिए शिक्षकों को सतर्क करने के लिए पदोन्नति और एसीआर से परीक्षा परिणाम को जोड़ा गया है।
आज देशभर में विजयदमशी का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। दशहरे के पर्व पर आज हिमाचल में भी धूमधाम के साथ रावण दहन किया जाता है। राजधानी शिमला के जाखू मंदिर में दशहरा पर्व को लेकर सारी तैयारियां की जा चुकी हैं। आज शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जाखू मंदिर के प्रांगण में रावण दहन करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को डीसी शिमला और एसपी शिमला ने जाखू मंदिर में जाकर सुरक्षा व्यवस्था को लेरक निरीक्षण किया। डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने कहा, "दशहरा बहुत महत्वपूर्ण उत्सव है। इसको देखते हुए जाखू में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। जाखू मंदिर में उत्सव सबसे पहले व्यवस्था को लेकर एसपी, एसडीएम समेत अधिकारियों ने व्यापक समीक्षा की है।। रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले लगभग बनकर तैयार हैं। डीसी शिमला ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज शाम को 5:30 बजे जाखू मंदिर पहुंचेंगे और 5:50 बजे रिमोट कंट्रोल के जरिए से रावण दहन करेंगे. उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व पर ज्यादा से ज्यादा लोग यहां पहुंचते हैं। यहां पर 6 से 7 हजार लोगों के आने की संभावना है। इसको देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। वहीं, एसपी शिमला संजीव गांधी ने कहा, "दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत है। जाखू मंदिर में दशहरा उत्सव एक ऐतिहासिक परंपरा रहा है। इसकी महत्वता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से तैयार है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारी कर ली है। आज सुबह 10:30 बजे के बाद जाखू मंदिर के लिए गाड़ियों के आवागमन पर रोकर लगा दी जाएगी। एसपी शिमला ने बताया कि आज बड़ी तादाद में लोग जाखू मंदिर पहुंचने वाले है। जगह कम होने के चलते पार्किंग एक बड़ी समस्या बन जाती है। ऐसे में आज के दिन यातायात के लिए फेरी सिस्टम रहेगा और एचआरटीसी की टैक्सी के जरिए श्रद्धालु मंदिर पहुंच पाएंगे। इस दौरान उन्होंने मंदिर आने वाले लोगों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
खिलखिलाते चेहरे और बेहतरीन भविष्य की कामना के साथ आज लॉरेट शिक्षण संस्थान में सत्र 2024 में आए सभी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें एम फार्मेसी, फार्म डी, बी फार्मेसी, प्रथम वर्ष के विद्यार्थी उपस्तिथ रहे। कार्यक्रम पारम्परिक रूप से सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुआ इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के प्रबंधक एवं निर्देशक डॉ रण सिंह ने शिरकत की। डॉ रण एवं संस्थान के प्राचार्य एवं निर्देशक ने दीप प्रज्वलित करते हुए सभी नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने कहा ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती डॉ एम् एस आशावत ने कहा इस पार्टी का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों का स्नेहपूर्ण स्वागत करना है। ऐसी पार्टियाँ छात्रों में आत्मविश्वास भरती हैं और उनकी रचनात्मकता को बढ़ाती हैं और कहा इस प्रकार के समारोह जूनियर्स को बंधन बनाने और वरिष्ठों के साथ अच्छा समन्वय सुनिश्चित करने में मदद करते हैं। इस कार्यक्रम में उपप्राचार्य डॉ विनय पंडित तथा डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ सी पी एस वर्मा भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने सोलो डांस, ग्रुप डांस, ग्रुप सांग, सोलो सांग आदि रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर एसोसिएट प्रोफेसर शिव कुमार खुशवा थे। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में नए विद्यार्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए निर्णायक मंडल ने इस साल के एम् फार्मा से मिस्टर फ्रेशर अदित चौधरी ,मिस फ्रेशर पल्लवी, मिस्टर पर्सनालिटी आरुष एवं मिस पर्सनालिटी दीक्षा फार्म डी से मिस्टर फ्रेशर रूद्र मिस फ्रेशर लक्षिता , मिस्टर पर्सनालिटी आर्यन ,मिस पर्सनालिटी तनिक्षा, डिप्लोमा इन फार्मेसी से मिस्टर फ्रेशर अभिषेक मंगवान ,मिस फ्रेशर श्रुति मिस्टर पर्सनालिटी हर्निश ,मिस पर्सनालिटी वंशिका बी फार्मेसी से मिस्टर फ्रेशर कृष मिस फ्रेशर आस्था शर्मा मिस्टर पर्सनालिटी पियूष शर्मा एवं मिस पर्सनालिटी के खिताब से नबाजा गया। इस कार्यक्रम के जज असिस्टेंट प्रोफेसर देव राज डॉ स्वाति एवं असिस्टेंट प्रोफेसर धीरज शर्मा तथा इस अवसर पर डॉ परवीन डॉ अमरदीप अंकलगी, डॉ अदिति, डॉ मयंक, सहायक प्रोफेसर अजय, सहायक प्रोफेसर अर्चना ,प्रो आस्था तथा स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
** 33 लाख से निर्मित स्वाखरी पंचायत भवन जनता को समर्पित **बोले, सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर नाकाम, बदले की भावना से कर रही काम विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने स्नोरघाटी की ग्राम पंचायत स्वाखरी में 33 लाख की लागत से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व की जय राम सरकार के समय में स्वाखरी नई पंचायत बनाई गई, जिसके भवन निर्माण को लेकर तैंतीस लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया था। आज नया भवन जनता को लोकार्पित किया गया है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनता को बेहतर सुविधा मिलेगी। यहां विकास कार्यों को गति देने के लिए माकूल बजट प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने कार्यकाल में प्रदेश को नई दिशा दी है। मंडी जिला विकास के मामले में अग्रणी रहा है, जबकि सुक्खू सरकार अब बदले की भावना से कार्य कर रही है। यहां खोले गए संस्थान बंद कर जनता के साथ भेदभाव किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का दो साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। मंडी जिला को फूटी कौड़ी की सौगात नहीं मिल पाई है। बरसात में हुई भीषण आपदा में पीड़ित परिवारों को राहत राशि मिलना तो दूर कुशलक्षेम जानने तक मुख्यमंत्री समय नहीं दे पाए हैं। मुख्यमंत्री हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुए हैं। ऐसी जनविरोधी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन अब प्रदेश की जनता बना चुकी है। इस दौरान द्रंग भाजपा मंडल अध्यक्ष मेहर चंद भारती, महामंत्री राज ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रधान नर्वदा देवी, टिक्कर पंचायत प्रधान वंदना भंडारी, पलसेहड़ पंचायत प्रधान भूप सिंह, उप प्रधान केसर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
** तैयारियों को लेकर एसडीएम ने लीअधिकारियों की बैठक पधर: आपदा जोखिम न्यूनीकरण अंतरराष्ट्रीय दिवस के अंतर्गत 14 अक्तूबर सोमवार को नेता जी सुभाष चंद्र मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर के प्रांगण में उपमंडल स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि एक से 15 अक्तूबर तक आपदा जोखिम न्यूनीकरण अंतरराष्ट्रीय दिवस (समर्थ) मनाया जा रहा है। इस माॅक ड्रिल का उद्देश्य भूकंप जैसी प्राकृतिक घटना घटित होने पर राहत व बचाव के संबंध में त्वरित उठाए जाने वाले विभिन्न प्रभावी कदमों की तैयारियों को सुनिश्चित करना है। ताकि इस प्रकार की आपदा के समय में प्रभावित लोगों के बचाव के संबंध में समय रहते प्रभावी कदम उठा जान माल के नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपदा के समय सबसे पहले स्थानीय लोग ही मौके पर पहुंचते है। इसलिए आम लोगों का आपदा के प्रति जागरूक होना अति आवश्यक है। यदि आम लोग आपदा के प्रति जागरूक होंगे तो आपदा के समय होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। ऐसे में समर्थ अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। ताकि लोगों को आपदा से बचाव व आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने माॅक ड्रिल के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
** नशे से बचने के लिए खेलकूद और सामाजिक क्रियाकलापों में हिस्सा लें युवा: राकेश चंदेल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उरला में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर गुरुवार को शुरू हुआ। शुभारंभ अवसर पर सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता राकेश चंदेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर ने मुख्य अतिथि को सम्मानित करने उपरांत विशेष शिविर में सात दिन तक आयोजित की जाने वाली गतिविधियों बारे ब्यौरा प्रस्तुत किया। शिविर में कुल पच्चीस स्वयंसेवी छात्र छात्रा हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान मुख्य अतिथि राकेश चंदेल ने स्वयंसेवकों से पूरी तन्मयता के साथ विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। चरित्र निर्माण पर बल देते हुए कहा की आज के दौर में युवा वर्ग को नशे के चंगुल से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे जैसी बुराइयों से बचने के लिए खेलकूद और सामाजिक क्रियाकलापों में दिलचस्पी लेना बेहद अनिवार्य है। उन्होंने स्वच्छ भारत तथा भारत निर्माण में एक स्वयंसेवी की भूमिका बारे जागरूक किया। प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर ने एनएसएस की आज के दौर में उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी स्वयंसेवकों को दी। एनएसएस प्रभारी पंकज कुमार प्रवक्ता भौतिक शास्त्र व बंता देवी प्रवक्ता हिंदी ने इस सात दिवसीय शिविर की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विशेष शिविर में स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस वाटिका का सरंक्षण, आयुष केंद्र परिसर, बाजार, प्राकृतिक पेयजल स्त्रोत और वन विश्राम गृह परिसर की साफ सफाई के साथ अन्य क्रियाकलाप किए जाएंगे। इस दौरान एसएमसी प्रधान भूप सिंह धरवाल, शिक्षक और गैर शिक्षक वर्ग सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
हिमाचल प्रदेश में ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली से सामने आया है। मनाली में निर्माणाधीन भवन में इंटीरियर का काम करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ स्थानीय व्यक्ति ने ठगी को लेकर पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता ने 30 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी के खिलाफ भुंतर थाने में मामला दर्ज हो चुका है। आरोपी कर्नाटक के मंगलौर का रहने वाला है। आरोपी की पहचान पीएच मोहम्मद मुनाजिल नाम के तौर पर हुई हैं। वो एक इंटीरियर डिजाइनर है। आरोपी ने मनाली और साथ लगते इलाके में भवन की इंटीरियर का काम लिया था और उसके बदले में उसने लोगों से 25 से 30 लाख रुपए की राशि भी ली है, लेकिन अब आरोपी धनराशि इकट्ठी कर मनाली से फरार हो गया है और अब लोगों का काम भी नहीं कर रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि अब तक मोहम्मद मुनाजिल ने जो भी काम किया है, उसमें सामान की गुणवत्ता भी सही नहीं है। आरोपी काम में घटिया किस्म का सामान इस्तेमाल कर रहा था। वहीं, आरोपी इंटीरियर डिजाइनर से काम करवाने वाले स्थानीय लोग उसे ढूंढ रहे हैं। लेकिन अभी तक उसके बारे में किसी को कुछ पता नहीं चला है।
** 3 गुणा बढ़े स्टॉल के दाम हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में 13 अक्टूबर से 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव शुरू होगा, जिसका समापन 19 अक्टूबर को होगा। वहीं, इस बार दशहरा उत्सव समिति ने लोकल हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट स्टॉल के दाम महंगे कर दिए हैं, जिसके चलते स्थानीय हैंडीक्राफ्ट कारोबारी मायूस हो गए हैं। ऐसे में 12 से ज्यादा हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों ने इस बार दशहरा उत्सव में कारोबार करने से किनारा कर लिया है। लोकल हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों का कहना है कि इस बार दशहरा उत्सव समिति ने स्टॉल के दाम 3 गुणा ज्यादा बढ़ा दिए गए हैं, जिसमें 33 हजार बेस प्राइस के साथ जीएसटी और कैनोपी के कुल 53 हजार रुपए लिए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल ये ही स्टॉल 28 हजार से लेकर 30 हजार रुपए में दिए गए थे, लेकिन इस साल स्टॉल के दामों में भारी भरकम बढ़ोतरी की गई है, जिससे हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अपनी मांगों को लेकर स्थानीय कारोबारी डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश से मिले। स्थानीय व्यापारी राम सिंह ने बताया, साल 1992 से लेकर अब तक दशहरा उत्सव में हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट का उत्पाद बेचकर अपना परिवार का पालन पोषण कर रह रहे हैं। हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट बनाकर दशहरा उत्सव में उत्पाद बेचते हैं। इस बार स्टॉल 52 हजार रुपए का दिया जा रहा है। हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारोबार से बहुत से लोग जुड़े हुए हैं। ऐसे में इस बार कारोबार न करने से हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट से जुड़े बुनकरों को भी भारी नुकसान होगा। सभी कारोबारी दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर से आग्रह करते हैं कि स्थानीय कारोबारियों के स्टॉल के दाम पिछले साल से 10% ही बढ़ाया जाए, ताकि सब लोग मेले में दुकान लगाकर कारोबार कर सकें और हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट से जुड़े लोगों को इसका फायदा मिल सके। स्थानीय कारोबारी कोयला देवी ने बताया कि पिछले कई सालों से वो दशहरा उत्सव में हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट फू, शॉल, टोपी, मफलर, जैकेट, पट्टू आदी बेचने का कारोबार करते हैं, लेकिन इस बार दशहरा उत्सव समिति द्वारा महंगे दामों पर स्टॉल दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश से मिलकर राहत की मांग की है, लेकिन हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों की मांग पर दशहरा उत्सव समिति की ओर से कोई राहत नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव में 52 हजार रुपए का स्टॉल दिया जा रहा है। वो लोग इतने ज्यादा पैसे देने में असमर्थ हैं। वहीं, दशहरा उत्सव समिति की वाइस चैयरमैन एवं डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने बताया, लोकल हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों को हाईकोर्ट के आदेश पर स्टॉल में 15 रुपए की छूट दे दी गई है, जिसके बाद बेस प्राइज 33 हजार रुपए किया गया है। दशहरा उत्सव समिति द्वारा मीना मार्केट में प्राइम लोकेशन पर स्टॉल लगाए गए हैं, जिस कारण दुकानों के रेट बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज के जाहू कलां में प्रवासी मजदूर योगेश कुमार की हत्या के आरोपी को कोर्ट ने ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर भेजा गया था, जिसमें जांच के दौरान भोरंज पुलिस ने सभी सबूतों को इकट्ठा कर हत्या के आरोप को साबित किया। भोरंज थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया, हत्या का आरोपी मोनू यादव को 5 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद बुधवार को हमीरपुर न्यायालय में पेश किया गया और आरोपी को न्यायालय ने ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया। हत्या के आरोप में पुलिस ने सभी सबूत इकट्ठे करके कोर्ट में पेश किए हैं। गौरतलब है कि मृतक योगेश कुमार (उम्र 37 साल) कई महीनों से सुनैहल खड्ड के किनारे जाहू पंचायत के वार्ड नंबर-8 जाहू कलां गांव में रहता था। यहां वो अपने परिवार के साथ किराए पर रहता थ। योगेश कुमार उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वो यहां पर फेरी का काम करता था. वहीं, आरोपी मोनू यादव भी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और जाहू कलां के साथ लगते क्रशर पर कुक का काम करता था। दोनों में दोस्ती थी और उनका साथ में उठना बैठना था। 26 सितंबर की शाम को दोनों ने एक साथ शराब पी और आपसी बहसबाजी के चलते दोनों में झगड़ा हो गया, जिसके बाद मोनू यादव ने योगेश कुमार का नशे में गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने ही मृतक की पत्नी को योगेश की मौत की जानकारी दी थी, जिसके बाद योगेश की पत्नी ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस को मोनू यादव पर शक हुआ, क्योंकि योगेश की मौत के समय वो नशे में धुत था,जिसके बाद पुलिस ने मोनू को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की और आरोपी ने गुनाह कबूल कर लिया।
सोलन: दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में 8 अक्टूबर 2024 को सीनियर सेक्शन किंडर गार्डन के प्री नर्सरी, नर्सरी, एलकेजी यूकेजी व फर्स्ट के नन्हे मुन्ने बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस व सोलो डांस कंपटीशन का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि इसका आयोजन अनुराधा,रीता व ममता के मार्गदर्शन में करवाया गया। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्वलन व वैदिक मंत्र उच्चारण द्वारा किया गया। इसके साथ साथ कार्यक्रम का मंचन प्लस टू की छात्रा अनरज्ञा दीवान द्वारा किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों में आत्मविश्वास व प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। और उनके व्यक्तित्व में निखार आता है। प्री नर्सरी में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में आधृत को हिमाचली लड़के के रूप में प्रथम , आदिव को मिस्टर शशि भूषण मित्तल के रूप में सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। नर्सरी क्लास की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में शानवी को प्रिंसिपल मैम के रूप में, अनायरा को भारत माता, युवान को स्वामी दयानन्द के रूप में प्रथम स्थान मिला वही माहिरा ने रानी लक्ष्मी बाई, अभियान ने फेसबुक, व्हाट्सप्प, शिवांश को शहीद भगत सिंह के रूप में द्वितीय स्थान मिला और रितिका ने बटरफ्लाई , युवराज ने ॐ स्कूल फ्लैग की भूमिका ऐडा कर तृतीय स्थान झटका। एल. के. जी. के सोलो डांस कंपटीशन में छात्र केटेगरी में काव्यांश चौहान व लक्ष्य प्रथम, महावित गुप्ता द्वितीय, और दिवेश व अर्श बंसल तृतीय स्थान पर रहे।छात्रा वर्ग में अमायरा व ख्याति प्रथम, अविका व आराध्या द्वितीय और आरुषि तृतीय स्थान पर रही। यूकेजी के सोलो डांस कंपटीशन में नव्या, रितिका व आशना प्रथम, रिद्धि राठौर व गुंजन द्वितीय, निविदाया व आरोही तृतीया और निहान को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। फर्स्ट क्लास के सोलो डांस कंपटीशन में लड़कों में अद्वैत व सूर्य प्रथम, काव्यांश वियान कश्यप व सूर्यांश द्वितीय व ऋत्विक, पार्थ व वियान तृतीय स्थान पर रहे। लड़कियाँ एम. अंशिका को उत्कृष्ट कलाकार का पुरस्कार मिला, श्रीचा प्रथम, केदारा द्वितीय और शारिका तृतीय स्थान पर रहीं। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने सभी विजेताओं को बधाई दी और अभिभावकों का धन्यवाद देते हुए उनसे आग्रह किया कि वह अपने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। अभिभावकों ने अपने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए। कहा कि उनके बच्चे ऐसे विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जहां बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ मोरल वैल्यूज भी दी जाती हैl कार्यक्रम का समापन शांति पाठ द्वारा किया गया।
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने बिजली सब्सिडी का युक्तिकरण किया है। उद्योगों को दी जाने वाली बिजली सब्सिडी खत्म करने से सरकार अपने खजाने को ब्रीदिंग स्पेस देना चाहती है, लेकिन इससे उद्योगपति नाराज हो गए हैं। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का दावा है कि सब्सिडी खत्म करने के बावजूद हिमाचल में उद्योगों को पड़ोसी राज्यों से सस्ती बिजली मिल रही है। वहीं,उद्योगपति इस दावे से इनकार करते हुए कह रहे हैं कि बिजली पड़ोसी राज्यों से महंगी है। इसे लेकर भारतीय उद्योग परिसंघ यानी सीआईआई के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में ऊर्जा सचिव राकेश कंवर से भी मुलाकात की है। ऊर्जा सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि हिमाचल व पड़ोसी राज्यों की बिजली दरों का तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। साथ ही इस मामले को सीएम सुक्खू के समक्ष रखा जाएगा। अगले हफ्ते इस मामले में फिर से सीआईआई के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। हिमाचल प्रदेश को देश का उर्जा राज्य कहा जाता है। हिमाचल प्रदेश बैंकिंग सिस्टम के जरिए देश के अन्य राज्यों को बिजली सप्लाई करता है। राज्य में पांच नदियां ऐसी हैं, जो बारहमासी हैं। हिमाचल में 24 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता है, लेकिन अभी तक 11209 मेगावाट जल विद्युत ही उत्पादन हो रहा है। राजस्व की बात की जाए तो हिमाचल प्रदेश ने वर्ष 2023-24 में बिजली उत्पादन से 1434 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया है। हिमाचल में उद्योग जगत सबसे बड़ा बिजली का उपभोक्ता है। उद्योग जगत में 2023-24 में 6382.64 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई। ये कुल बिजली खपत का 58.26 फीसदी है। ये आंकड़ा दिसंबर 2023 तक का है। यानी उद्योगों को सबसे अधिक बिजली दी जाती है। राज्य सरकार उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए बिजली पर सब्सिडी प्रदान करती है। राज्य सरकार ने इस सब्सिडी का युक्तिकरण किया है। उसके बाद से बिजली महंगी हुई है। सरकार का तर्क है कि बिजली में सब्सिडी से सरकार के खजाने पर सालाना 900 करोड़ रुपए का बोझ पड़ता है। सीएम सुक्खू का कहना है कि राज्य सरकार ने उद्योगों को दी जाने वाली विद्युत सब्सिडी का युक्तिकरण किया है। सीएम का दावा है कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में हिमाचल में उद्योगों को सस्ती दर पर पावर सप्लाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि 33 केवी (किलोवाट) से 220 केवी तक की वोल्टेज आपूर्ति वाले बड़े उद्योगों को पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड की तुलना में एक रुपए प्रति यूनिट से अधिक सस्ती दर पर बिजली दी जाएगी। सीएम का कहना है कि राज्य में केवल 159 इंडस्ट्रियल यूनिट्स हैं, जिन्हें 33 केवी से 220 केवी तक बिजली की आपूर्ति की जरूरत है। आंकड़ों के अनुसार हिमाचल में 33 केवी से 220 केवी तक वोल्टेज आपूर्ति के बड़े उद्योगों के अलावा 11 केवी और 22 केवी की वोल्टेज आपूर्ति वाले 2,011 उद्योग है। इन यूनिट्स को भी पड़ोसी राज्यों की तुलना में एक रुपए प्रति यूनिट से अधिक सस्ती दर पर बिजली दी जा रही है। इन उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने विद्युत शुल्क को 16.5 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया है। राज्य में कुल 31,298 लघु और मध्यम उद्योग इकाइयां हैं। इन्हें पहले की तरह ही सब्सिडी मिलती रहेगी। हिमाचल प्रदेश में सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, ऊना आदि जिलों में सबसे अधिक उद्योग हैं। यहां के उद्योगपति सरकार के बिजली सब्सिडी खत्म करने के फैसले से खुश नहीं हैं। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के निर्वाचन क्षेत्र हरोली में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण होना है। यहां हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने बिजली सब्सिडी की बहाली की मांग उठाई है। एसोसिएशन के पदाधिकारी राकेश कौशल का कहना है कि ऊना के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र की नौ इंडस्ट्रियल यूनिट्स जो 33 केवी से 220 केवी की खपत वाली हैं, पर अनुदान खत्म होने से 14 करोड़ रुपए सालाना का बोझ पड़ेगा। यदि सब्सिडी बहाल न हुई तो तालाबंदी कर पलायन की नौबत आ जाएगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश स्टील इंडस्ट्री एसोसिएशन के मुखिया मेघराज गर्ग का कहना है कि राज्य सरकार ने दो साल में बिजली की दरों में 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। एसोसिएशन के महासचिव राजीव सिंघल का कहना है, हिमाचल में पंजाब के मुकाबले पचास पैसे प्रति यूनिट अधिक रेट है। पंजाब, हरियाणा व जेएंडके सहित उत्तराखंड से अधिक दरें अब हिमाचल की हैं। वहीं, राज्य सरकार के ऊर्जा सचिव राकेश कंवर का कहना है कि पड़ोसी राज्यों की दरों के साथ हिमाचल की दरों का तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। उद्योगपतियों के प्रतिनिधियों से साथ फिर से बैठक की जाएगी। उद्योग जगत का कहना है कि हिमाचल में एक रुपए सब्सिडी खत्म होने के बाद बिजली पड़ोसी राज्यों से यहां बिजली महंगी हो गई है। वहीं, सरकार का दावा है कि बिजली अभी भी पड़ोसी राज्यों से सस्ती है। आंकड़ों पर गौर किया जाए तो हिमाचल प्रदेश में अभी बिजली सब्सिडी खत्म करने के बाद 66 केवी उपभोग वाली इंडस्ट्रियल यूनिट्स को 7.70 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली मिल रही है। ये दरें एक रुपए प्रति यूनिट की सब्सिडी खत्म होने के बाद की हैं। वहीं, इससे पहले 31 मार्च 2023 को ये दर 5.29 पैसे प्रति यूनिट थी। इसमें लोड फैक्टर का भी हिसाब होता है। वहीं, 220 केवी उपभोग करने वाले उद्योगों को अब 7.58 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली मिल रही है। ये पहले 5.19 पैसे प्रति यूनिट थी। वहीं, जेएंडके में ये दर 5.37 पैसे प्रति यूनिट, हरियाणा में 6.76 पैसे प्रति यूनिट व पंजाब में 7.45 पैसे प्रति यूनिट है। ये आंकड़े 24 सितंबर को दरें बढ़ाने के बाद के है। फिलहाल अब उद्योगपतियों को अगले हफ्ते ऊर्जा सचिव के साथ मीटिंग का इंतजार है। राज्य सरकार का दावा है कि सब्सिडी खत्म होने के बाद उसे सालाना अधिकतम 600 करोड़ रुपए बचेंगे। अभी राज्य सरकार सभी उद्योगों को बिजली सब्सिडी पर 900 करोड़ सालाना खर्च कर रही है। इसमें से छोटे यूनिट्स को सब्सिडी जारी है और उनकी बिजली ड्यूटी भी घटाई गई है।
हिमाचल प्रदेश में देहरा में आयोजित हुए राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद सरकार और कर्मचारियों के बीच में तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है। आजादी के महापर्व के दिन डीए और संशोधित वेतनमान के एरियर के भुगतान की घोषणा न होने से प्रदेश की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने वाले कर्मचारी सरकार से नाराज चल रहे हैं। विभिन्न कर्मचारी महासंघ सरकार से बार-बार डीए और एरियर के भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने कर्मचारियों की मांग को गंभीरता से नहीं लिया है। वहीं, सीएम सुक्खू ने स्वस्थ होने के बाद से सचिवालय में अब अपना रूटीन का कार्य संभाल लिया है, जिस पर कर्मचारियों ने सीएम को वार्ता के लिए बुलाए जाने के लिए दो दिन का समय दिया था, जो अब पूरा हो गया है, लेकिन सरकार ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए नहीं बुलाया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी परिसंघ ने 15 अक्टूबर को जनरल हाउस बुला लिया है। इस दिन फिर से अब सुक्खू सरकार पर कर्मचारियों का गुबार उतरेगा। हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर सचिवालय कर्मचारियों ने 21 और 23 अगस्त को जनरल हाउस बुलाया था, जिसमें सरकार को विधानसभा के मानसून सत्र समाप्त होने के बाद डीए और एरियर के भुगतान किए जाने का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन कर्मचारियों को सरकार के खिलाफ भाषणबाजी करने पर नोटिस जारी किए गए। यही नहीं कैबिनेट मंत्री के खिलाफ बोलने पर प्रिविलेज मोशन भी लाया गया है। ऐसे में सीएम के साथ वार्ता से पहले कर्मचारी प्रिविलेज मोशन और नोटिस को वापस लेने की भी मांग कर रहे हैं। इस पर भी सरकार की तरफ से कोई फैसला अभी तक नहीं लिया गया है। ऐसे में नाराज चल रहे कर्मचारियों के सब्र का बांध फिर से टूट गया है, जिसके बाद अब 15 अक्टूबर को सचिवालय परिसर में कर्मचारियों का जनरल हाउस होगा। ऐसे में सीएम सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की मुश्किलें फिर से बढ़ सकती हैं। हाल ही में सचिवालय में कर्मचारियों की बैठक हुई थी। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी परिसंघ के अध्यक्ष संजीव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, मीटिंग अब 15 अक्टूबर को जनरल हाउस करने का फैसला लिया गया है। ये जनरल हाउस सचिवालय परिसर में दोपहर बाद 1.30 होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठन भी जुटेंगे। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी परिसंघ के अध्यक्ष संजीव शर्मा का कहना है,15 अक्टूबर को जनरल हाउस बुलाया गया है। कर्मचारियों के डीए और एरियर के भुगतान को लेकर भी सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया है। इसके अलावा पेंशनर्स को इस महीने 9 तारीख को पेंशन जारी की गई पिछले महीने सितंबर में कर्मचारियों को भी वेतन 5 तारीख को दिया गया। वहीं पेंशनर्स के खाते में भी 10 तारीख पेंशन डाली गई थी। इसलिए अब जनरल हाउस बुलाया गया है, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को उनके 62वें जन्मदिवस पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अग्निहोत्री की दीर्घ आयु तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री के समर्पण भाव के साथ प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुकेश अग्निहोत्री इसी प्रकार भविष्य में भी प्रदेश के विकास और कल्याण में प्रतिबद्धता से अपना योगदान सुनिश्चित करेंगे।
डाक विभाग द्वारा आज विश्व डाक दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत ‘फिट इंडिया फिट पोस्ट’ अभियान के तहत ‘पोस्टाथन वॉक रिले’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डाक अधीक्षक संदीप धर्माणी ने सभी को स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पोस्टाथन के माध्यम से यह भी संदेश दिया कि दैनिक जीवन में फिटनेस को शामिल करना एक संतुलित और संतुष्टिपूर्ण जीवन के लिए अति आवश्यक है। इसके अतिरिक्त ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत सभी प्रमुख डाकघरों में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कुनिहार के तालाब मंदिर परिसर में राधे श्याम परिवार संस्था द्वारा आयोजित की जा रही सात दिवसीय भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ के छठे दिन प्रसिद्ध कथा वाचक एवं बांके बिहारी विश्व मंगलम सेवा धाम के प्रमुख संस्थापक हरीजी महाराज ने कृष्ण- रुक्मिणी विवाह के प्रसंग सहित कृष्ण की अनेक लीलाओं का व्याख्यान किया। कथा वाचक ने कहा कि कृष्ण बाल्यकाल से ही गवालो के साथ गऊए चराना,गोपियों की मटकियां फोड़ना, गोपियों संग रास लीला करना, मधुर बांसुरी वादन करना, एक उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाना और इंद्र का अभिमान चूर करना जैसी कई अदभुत लीलाएं की। कथा व्यास हरिजी महाराज ने श्रोताओं को कृष्ण और रुक्मिणी के विवाह का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि रुक्मिणी कई रूपों में प्रकट हुई है और हर रूप में नारायण का ही वर्णन करती है। रुक्मिणी का भाई रुक्मिणी का विवाह शीशपाल से करवाना चाहता था सारे नगरों में शादी के कार्ड बांटने शुरू हो गए लेकिन रुक्मिणी तो मन से कृष्ण को अपना वर मानती थी। रुक्मिणी ने कृष्ण को खत लिखा कि मेरा भाई मेरी शादी शीशपाल से करवाने जा रहे हैं। यदि शीशपाल से मेरी शादी होती है तो मैं जहर खाकर मर जाऊंगी। मैं आपसे शादी करना चाहती हूं और मन से आपको अपना वर मान चुकी हूं, मुझे यहां से तुरंत ले जाएं। कृष्ण ने बहुत सोच विचार कर निर्णय लिया और अकेले ही रथ पर बैठ कर रुक्मिणी को लाने निकल गए तथा रुक्मिणी को साथ लाकर रुक्मिणी से विवाह रचा लिया। आगे के प्रसंग में कथा व्यास ने कहा कि यमुना नदी में कालिया नाग ने अपने विष को छोड़कर आतंक मचाया हुआ था, जिसके विष वाले पानी पीने से मनुष्यों व जानवरों की मृत्यु हो रही थी, जब कृष्ण को इस बात का पता चला तो कृष्ण ने कालिया नाग से युद्ध कर उसका मर्दन किया तथा यमुना को विष से मुक्त किया। डी डी कश्यप मीडिया प्रभारी विश्व मंगलम सेवा धाम ने जानकारी देते हुए बताया कि कल वीरवार 10 अक्तूबर को 11 बजे पूर्णाहुति होगी तथा 12 बजे से 2 बजे तक प्रवचन के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद आयोजकों द्वारा विशाल भंडारा सभी क्षेत्र वासियों के लिए लगाया जाएगा। इस अवसर पर डॉक्टर नागेश गर्ग ,गोदावरी आर्या, कृष्णा पंवर, इंदिरा शांडिल, कुमारी अनिता कश्यप, नीलम गर्ग, लता, इंदु शांडिल, कौशल्या शांडिल, कमला देवी, लछमी रघुवंशी, मीरा कश्यप, पुष्पा देवी, अंजना, सुलेखा, शीला, श्यामा नन्द शांडिल, जगदीश पंवर,जगदीश चंदेल आदि मौजूद रहे।
** सभी कलाकार कर रहे हैं अपने अपने किरदार का शानदार प्रदर्शन शरद नवरात्रों पर पूरे देश में जगह-जगह रामलीला का मंचन हो रहा है। कुनिहार में भी पिछले कई वर्षो से रामलीला जन कल्याण समिति रामलीला का मंचन करवाती आ रही है। आजकल भी यह मंचन पहले नवरात्रे से करवाया जा रहा है, जिसमे सभी स्थानीय कलाकार इसमें बढ़चढ़ कर भाग लेकर अपनी कलाकारी का सुन्दर व आकर्षक मंचन कर रहे हैं। दूर दूर से लोग भारी संख्या में प्रतिदिन यहां पहुंचकर रामलीला का आनंद ले रहे हैं। निदेशक रमण शर्मा व संदीप जोशी की अगुवाई में गौरव शर्मा राम, प्रिंस खुराना लक्ष्मण, हन्नी जोशी माता सीता , सौर्य जोशी हनुमान व संजय जोशी रावण का शानदार किरदार निभा रहे हैं तो वहीं भरत सुजल पूरी, शत्रुघ्न, पारस अरोड़ा, राजा जनक अजय जोशी,दशरथ मोनू जोशी और शबरी का किरदार सुमित बड़े सुंदर ढंग से निभा रहे है। समिति अध्यक्ष रितेश जोशी ने बताया कि पंचायत प्रधान जगदीश अत्री ,देवेंद्र उपाध्याय,स्टेज सचिव अरुण, आशीष द्वेदी,संदीप जोशी,अरविंद जोशी, मुकेश शर्मा, प्रदीप पूरी ,रोहित जोशी व सभी समिति सदस्यों सहित इस आयोजन को सफल बनाने में अपना भरपूर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 11 अक्तूबर को रामलीला को विराम दिया जाएगा तथा 12 अक्तूबर को दशहरा मैदान में राम का किरदार निभा रहे गौरव शर्मा द्वारा तीर चलाकर रावण का विशाल पुतला जलाया जाएगा। और दशहरा उत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।
पधर: राजकीय महाविद्यालय द्रंग स्थित नारला में डॉ. कल्याण चंद मंढोत्रा ने प्राचार्य के रूप में पदभार संभाला। डॉ. मंढोत्रा इससे पहले महाविद्यालय में संगीत विषय के प्रध्यापक रहे हैं। महाविद्यालय में बतौर प्राचार्य कार्यभार संभालने उपरांत उन्होंने अध्यापकों, कर्मचारियों, और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज को एक उत्कृष्ट शैक्षिक संस्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। विद्यार्थियों को शैक्षिक, नैतिक और सामाजिक रूप से विकसित करना मूल उद्देश्य रहेगा,जिससे युवा वर्ग आत्मनिर्भर और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बन सके। उन्होंने कहा कि वे पहले से ही द्रंग कॉलेज के साथ जुड़े हैं। तीन वर्ष तक इसी कॉलेज में कार्यवाहक प्राचार्य के रूप में कार्य करने का अनुभव रहा है।उन्होंने सभी शिक्षक और गैर शिक्षक वर्ग से आह्वान किया कि आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करते हुए कॉलेज को एक आदर्श कॉलेज बनाने के लिए भरपूर सहयोग दें।
भारतीय डाक विभाग मुख्य डाकघर देहरा में विश्व डाक दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें अधीक्षक डाकघर देहरा बलबीर चंद विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस उपलक्ष पर दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने भ्रमण किया, जिसमें डाकपाल देहरा राकेश कुमार ने डाक विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसी कड़ी में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पेड़ लगाया गया। बच्चों को डाक टिकट संग्रह और बचत करने के लिए अवगत कराया गया। बच्चों द्वारा इंडिया पोस्ट मेरा दोस्त और आज की बचत कल की मुस्कान जैसे नारों का उच्चारण कर आज के दिवस को स्मरणीय बना दिया। समारोह के दौरान अधीक्षक द्वारा सभी का धन्यवाद किया गया और आए हुए बच्चों व शिक्षकों को सम्मानित किया गया। डाकपाल देहरा राकेश कुमार द्वारा स्कूल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने हमारे निमंत्रण को स्वीकार कर अपनी सहभागिता दी।
**पुलिस कर रही मामले की जांच तांत्रिक विद्या से इलाज के नाम एक महिला के साथ उसके पति और पति के दोस्त किया रेप.. ये मामला है हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के तहत पड़ते तहसील खुंडियां का जहा, तांत्रिक विद्या से इलाज के नाम एक महिला के साथ उसके पति और पति के दोस्त ने रेप किया। बता दे कि महिला का पति और आरोपी बिरोजा निकालने का काम करता है। दोनों थिल में किराए के कमरे रहते हैं। पांच अक्तूबर को महिला अपने पति के पास थिल गई थी। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से बीमार चल रही थी। खाना खाने के बाद पति ने महिला से कहा कि उसका दोस्त तांत्रिक विद्या से इलाज करता है और तांत्रिक विद्या से तुम्हें ठीक कर देगा। फिर रात को सुरेश चंद ने कुछ मंत्र पढ़े और तीनो सो गए। इस दौरान पहले पति सुरेश कुमार फिर आरोपी सुरेश चंद ने महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन पीड़ित महिला अपने ससुराल पहुंची और यह आप बीती अपनी जेठानी को सुनाई, जिसके बाद दोनों ने खुंडियां पुलिस स्टेशन पहुंच कर दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
** 47 चयनित उम्मीदवारों की सूची हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग में प्रवक्ता (स्कूल न्यू) वाणिज्य के पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने लिखित वस्तुनिष्ठ और विषय योग्यता परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन में उनके प्रदर्शन के आधार पर योग्यता के क्रम में 47 उम्मीदवारों की सूची प्रवक्ता वाणिज्य पदों पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित की है। अनुशंसित उम्मीदवारों की अंतिम नियुक्ति हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से उनके दस्तावेजों/प्रमाणपत्रों के सत्यापन के अधीन है। भर्ती परिणाम आयोग ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड़ कर दिया है।
** इस महीने 93 फीसदी कम बरसे बादल हिमाचल प्रदेश में आगामी छह दिनों तक माैसम साफ रहने के आसार हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज मध्य व उच्च पर्वतीय स्थानों पर कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 10 से लेकर 15 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। आज मंडी, शिमला व सिरमाैर जिले में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी आज हल्के बादल छाए हुए हैं। मानसून सीजन में 1 से 9 अक्तूबर तक राज्य में सामान्य से 93 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के दाैरान बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, किन्नाैर, कुल्लू, लाहाैल-स्पीति, शिमला, सिरमाैर व सोलन में बारिश हुई ही नहीं। कांगड़ा में सामान्य से 92, मंडी 48 व ऊना में 8 फीसदी कम बारिश हुई।
सोलन के यूरो किड्स प्लेस्कूल (कोटलानाला) में नवरात्रों के चलते आज डांडिया डांस का आयोजन किया गया। इस आयोजन के तहत स्कूल के सभी बच्चे विभिन्न परिधानों में सजकर आए जो कि बहुत ही सुन्दर और आकर्षक लग रहे थे। स्कूल की प्रिंसियल मिसेज सीमा बहल ने माता के नौ रुपों की जानकारी दी, इस दौरान माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना भी की गई। बच्चों ने नवरात्र के मौके पर किए जाने वाले लोक नृत्य "डांडिया" डांस की बेहतरीन प्रस्तुति दी। इसमें अविराज, पारी, अव्या, वरनिका, सिद्धार्थ, मेतांश, प्रयाग, भशिका, वान्या, दिशा, साक्षी, युवान', भाविन, विरोबी, सारिका, मिक्षिता, अर्थ मैतांश, दिबांशी, वानी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम स्कूल के डायरेक्टर मि. शोभित बहल की देखरेख में सम्पन्न हुआ।
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित अरनी यूनिवर्सिटी इंदौरा में 6 अक्टूबर को छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान छात्रों के एक गुट ने यूनिवर्सिटी में अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाए। मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 10 छात्रों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, मामले में अरनी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. विवेक सिंह ने कहा कि कॉलेज में सभी धर्मों के छात्र पढ़ते हैं। छात्रों द्वारा भारत विरोधी कोई भी नारे नहीं लगाए गए हैं। छात्रों के बीच हुई लड़ाई को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। मामले को लेकर अरनी यूनिवर्सिटी के कुलपति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कुलपति डॉ. विवेक सिंह ने कहा, "6 अक्टूबर को कॉलेज में दो गुटों में विवाद हुआ, जिसे यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुलिस के साथ मिलकर मामले को सुलझा लिया था। इस दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक बयानबाजी व नारेबाजी नहीं की गई थी। इस तरह की बात को लेकर कोई वीडियो और अन्य सबूत सामने नहीं आए हैं। दो गुटों में हुई लड़ाई को लेकर जांच कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। कुलपति डॉ. विवेक सिंह ने कहा, "मामले के शुरुआती दौर में ही 10 छात्रों सस्पेंड कर दिया गया है। अरनी विश्वविद्यालय में एंटी इंडिया और संप्रदाय को लेकर किसी भी प्रकार की बात नहीं रखी जाती है। सभी छात्र विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। बावजूद इसके भारत विरोधी कोई भी बात नहीं है। कुछ माह पूर्व एक जनवरी को उन पर हमला भी हुआ था। ऐसे में एक बार फिर से विश्वविद्यालय को बदनाम करने का प्रयास भी हो सकता है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा, "बच्चों को भड़काने व संप्रदाय का नाम लेकर लड़ाने का काम किया जा रहा है। सोशल मीडिया में भी दुष्प्रचार किया जा रहा है। बाउंड्री बॉल जमीनी डिमार्केशन न होने से अधुरी है, जिससे बाहरी लोग भी विवि में प्रवेश कर रहे हैं। सरकार और प्रशासन को भी इस विषय को लेकर मदद करनी चाहिए।
बिलासपुर/सुनील: जिला स्तरीय कला उत्सव एवं रंगोत्सव की प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन रहा। पाठशाला की छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिसमें रंगोत्सव प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा की प्रियंका ने 2डी पेंटिंग में प्रथम स्थान हासिल किया तथा आठवीं कक्षा की ही आकृति ने स्केचिंग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कला उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में रिशिता कक्षा 11वीं की छात्रा ने स्टोरी टेलिंग में प्रथम स्थान हासिल किया तथा लोक नृत्य में कक्षा 12वीं की ईशा जयसवाल श्रेया कुमारी जानवी तथा कक्षा 11वीं की प्रेरणा ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । पाठशाला के लिए गर्व की बात है कि इनमें से दो छात्राओं प्रियंका और रिश्ता का चयन राज्य स्तरीय रंगोत्सव और कला उत्सव प्रतियोगिताओं के लिए हुआ। विजेता छात्राओं ने प्रधानाचार्य रेखा शर्मा को ट्रॉफी सौंप कर आशीर्वाद लिया। प्रधानाचार्य ने छात्राओं के कुशल प्रशिक्षण के लिए संगीत प्रवक्ता रीना वर्मा को इसका श्रेय दिया तथा आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित रहे ।
पधर: चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थलटूखोड़ के खिलाड़ी छात्रों ने राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन कर स्कूल के साथ-साथ मंडी जिला का नाम रोशन किया। अंडर-19 छात्र वर्ग राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता जिला सिरमौर के पांवटा साहिब क्षेत्र की पीएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तरूवाला में आयोजित की गई, जिसमें स्कूल के आठ खिलाड़ियों ने ठोडा (पारंपरिक लोक खेल ) में जिला मंडी का प्रतिनिधित्व करते हुए एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। स्कूल के प्रधानाचार्य राम लाल ने कहा कि खिलाड़ी तन्मय ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण, सतीश ने 61, सागर ने 52, मनोज ने 64 और साहिल ने 73 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक हासिल किए,जबकि सौरभ ठाकुर ने 46, सागर ने 49 और लक्की ठाकुर ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी छात्रों का प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन रहा, जिसके लिए प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर ने सभी खिलाड़ी छात्रों और शारीरिक अध्यापक सुनील कुमार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुनिहार के तालाब मंदिर परिसर में सात दिवसीय भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन करवाया जा रहा है l इस पावन कथा का श्रवण करवा रहे प्रसिद्ध कथा वाचक एवं बांके बिहारी विश्व मंगल सेवा धाम के प्रमुख संस्थापक हरीजी महाराज अपनी ज्ञान भक्ति मई मधुर वाणी से कथा का रसास्वादन करा रहे हैं l कथा के पांचवे दिवस मे कृष्णा प्रकट उत्सव मनाया गया l कथावाचक ने अपने कथा प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए बताया कि जब-जब इस धरा पर अधर्म का बोलबाला होता है, तो तब-तब इस धरा की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने चौबीस अवतार धारण करके मानव रूप में इस धरा पर अवतरित होकर इस धरा की रक्षा की l इसी के तहत द्वापर युग में भगवान विष्णु ने मां देवकी के गर्भ में भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी में रोहिणी नक्षत्र में मथुरा में कंस के कारागार में जन्म लिया और वासुदेव ने उन्हें गोकुल में नंदबाबा और यशोदा के पास पालने के लिए छोड़ दिया lभगवान कृष्ण ने जन्म से ही अपनी दिव्य अलौकिक शक्तियों को दिखाना आरंभ कर दिया था l भगवान कृष्ण ने बाल रूप में गोकुल में बहुत सारी लीलाएं की l कथा के दौरान गोवर्धन पर्वत के महत्व बारे विस्तृत वृतांत सुनाया गया। इसके साथ कथावाचक ने अपने कथा प्रसंग में आधुनिक युग में गंभीर चुनौतियां और समस्याओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने युवा शक्ति को संस्कार पूर्ण नैतिक शिक्षा देने का सभी अभिभावकों से आह्वान किया। आज का मानव असीमित इच्छाओं के कारण इस भौतिकता वादी युग में बहुत आत्म केंद्रित हो गया है वह देह से ही मानव प्रतीत होता है परंतु विचार से दानव जैसे कृत्य करता है। आज का मानव शरीर से तो भारतीय प्रतीत होता है परंतु विचारों से पाश्चात्य संस्कृति का गुलाम प्रतीत होता है। उन्होंने कथा प्रसंग में उपस्थित जनसमुदाय से भागवत में लिखी हुई शिक्षाओं को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। डी डी कश्यप मीडिया प्रभारी विश्व मंगलम सेवा धाम ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अक्तूबर को कथा को विराम दिया जाएगा तथा इस दिन कथा का समय 12 से 2 बजे तक रहेगा। इस अवसर पर गोदावरी आर्या, कृष्णा पंवर,इंदिरा शांडिल,कुमारी अनिता कश्यप,नीलम गर्ग,लता,इंदु शांडिल,कौशल्या शांडिल,कमला देवी, लछमी रघुवंशी,मीरा कश्यप,पुष्पा देवी,अंजना,सुलेखा,शीला,श्यामा नन्द शांडिल आदि मौजूद रहे।
एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, सोलन के एम.फार्म (फार्माकोलॉजी/फार्मास्युटिक्स) द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों ने हमीरपुर तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान के छात्रों ने विश्वविद्यालय स्तर पर टॉप 10 में अपना स्थान सुरक्षित किया है। यह उपलब्धि संस्थान के शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाती है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में स्थापित किया है। संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. अवनीत गुप्ता ने कहा, "हमारे एम.फार्म छात्रों की यह उपलब्धि हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह हमारे शिक्षकों के समर्पण और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस सफलता से निश्चित रूप से संस्थान का नाम रोशन हुआ है। संस्थान के सभी शिक्षकों ने छात्रों को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रदर्शन न केवल छात्रों के लिए, बल्कि पूरे संस्थान और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी अपने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और उनके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान आने वाले वर्षों में भी ऐसी ही उत्कृष्ट उपलब्धियों की आशा करता है।
** वन परिक्षेत्र टिक्कन के सौजन्य से दो दिवसीय सेमिनार आयोजित वन परिक्षेत्र टिक्कन के सौजन्य से चौहारघाटी की पशाकोट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट में वन्य प्राणी सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों को क्षेत्रीय भृमण करवा कर वन्य प्राणी सह अस्तित्व को बढ़ावा देने और वन प्राणियों की सुरक्षा के लिए जागरूकता बारे विस्तृत जानकारी दी गई। जागरूकता सेमिनार में कक्षा नवीं से बाहरवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सेमिनार में विभागीय वन खंड अधिकारी राम लाल, वन रक्षक जोगिंदर सिंह, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार और प्यार चंद ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए वनों के साथ वन्यजीवों की उपस्थिति अनिवार्य है। हमें पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उनके लिए पानी और भोजन का ध्यान रखना चाहिए। विद्यार्थियों ने इस दौरान जागरूकता रैली निकाल कर पर्यावरण और वन्य जीवों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान पाठशाला प्रधानाचार्य राज कुमार ठाकुर, प्रवक्ता जीव विज्ञान डॉ. संजय कुमार, कृष्ण सिंह ठाकुर और व्यवसायिक प्रशिक्षक अभिषेक वर्मा सहित अन्य स्कूल स्टाफ भी मौजूद रहा।
** 21 विद्यालयों के लगभग 529 छात्र- छात्रा प्रतिभागी ले रहे भाग राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन के द्वारा संचालित दो दिवसीय राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्य परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा) राजेश शर्मा द्वारा किया गया। राजेश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 जिलों के राज्य सरकारी शिक्षण संस्थान,पी एम जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, निजी शिक्षण संस्थानों के 21विद्यालयों से लगभग 529 छात्र एवं छात्रा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। छात्र व छात्रा वर्ग में ब्रास बैंड तथा पाईप बैंड की प्रतियोगिता करवाई जा रही है। दोनो वर्गो में से विजेता टीम राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नेतृत्व करेगी। प्रतियोगिता का समापन बुधवार 9 अक्तूबर को होगा।
** हिमाचल के शिक्षण संस्थान में विरोधी नारों का लगा दुर्भाग्यपूर्ण इंदौरा/मनीष ठाकुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समय-समय पर समाज , देश व शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती आई है। और बड़े दुख के साथ यह कहना पढ रहा है कि हिमाचल मे जहा हर घर से कोई ना कोई मां भारती की सेवा मे तत्पर रहता है उसी प्रदेश के एक विश्वविद्यालय के अन्दर भारत तेरे टुकड़े होंगे इनशाह अल्लाह इनशाह अल्लाह के नारे लगाए जाते हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इकाई मंत्री इंदौर लखन कपूर ने बयान जारी करते हुए कहा है कि कल अरनी विश्वविद्यालय में समुदाय विशेष के छात्रों द्वारा गुंडागर्दी का प्रदर्शन किया गया। पहले तो उन्होंने एक छात्र को जमकर पीटा और उसके बाद जब कुलपति उस छात्र को अपनी गाड़ी में बैठाकर बचाकर ले जा रहे थे तो उन्होंने कुलपति की गाड़ी तक पर हमला कर दिया। इसके बाद 60-70 गुंडों ने इकट्ठे होकर भारत विरोधी नारे लगाए। अल्लाह हू अकबर और भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे नारे उन्होंने विश्वविद्यालय कैंपस में लगाए । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रशासन व सरकार से यह मांग करती है कि इस तरह की देश विरोधी गतिविधियों मे संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई करी जाए। विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत उन छात्रों को विश्वविद्यालय से बाहर निकाले। और प्रशासन उन पर देशद्रोह कानून के तहत कार्यवाही करे। अन्यथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एक बड़ा आंदोलन प्रदेश भर में करेगी। हिमाचल जैसे शांत राज्य के विश्वविद्यालयों को जेएनयू नहीं बनने दिया जाएगा। इसलिए प्रशासन इन अराजक तत्वों पर जल्द ही कार्यवाही करे ताकि देवभूमि का शांत माहौल ख़राब ना हो।
इंदौरा/मनीष ठाकुर: राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में सीएसीए के चयनित छात्र पदाधिकारीयों को महाविद्यालय की प्राचार्या और अन्य अध्यापकों द्वारा शपथ दिलाई गई। आज का यह कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में सीएसीए के प्रभारी प्रोफेसर आरके गुप्ता द्वारा आयोजित करवाया गया प्रोफेसर गुप्ता ने सभी चयनित छात्रों को महाविद्यालय में उनके कर्तव्यों और छात्र नेताओं के रूप में उनके कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया इस कार्यक्रम में प्रोफेसर योगेश पॉल, प्रोफेसर कुलवंत सिंह, प्रोफेसर अंजना, प्रोफेसर रेखा पठानिया, डॉ. अक्षय, डॉक्टर विवेक, डॉक्टर कमल, डॉक्टर रोहित गांधी, प्रोफेसर सुरेश कुमार, प्रोफेसर रजनी, प्रोफेसर पूनम, डॉ दीपक आदि ने भी चयनित छात्रों को शपथ दिलाई। एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा सुनैना को सत्र 2024 - 25 के लिए सीएसीए के अध्यक्ष के रूप में और पूनम ठाकुर को उपाध्यक्ष युविका पठानिया को सचिव तथा अनमोल को संयुक्त सचिव के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके अलावा सीएसीए के अन्य विभिन्न पदों में सी.आर. के लिए चयनित प्रतिनिधियों में कंचन वाला, महक, मालिका, हरप्रीत, दिव्यांशु, नमिता रानी, नवजोत कौर, रेड रिबन क्लब के लिए अनुज और तमन्ना, खेल से जुड़ी गतिविधियों के लिए शिवांगी और रितिक, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए रितिका राणा और श्रेया, रोड सेफ्टी के लिए विकास और नेहा, राष्ट्रीय सेवा योजना के लिए सचिन और सलोनी, एनसीसी के लिए शिवम और पलक, रेंजर से राजकुमारी तथा रोवर से अतुल को सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ सुमीक्षा गुप्ता ने सभी को संबोधित किया और सत्र 2024 - 25 के लिए चयनित सीएससीए की कार्यकारिणी को अपनी शुभकामनाएं दी।
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में हाल ही में एक साथ 3 तेंदुओं की साइटिंग के बाद अब हिल स्टेशन जमटा में विशालकाय अजगर की साइटिंग हुई है। दरअसल करीब 10 फीट इस लम्बे अजगर को देख मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए, रिहायशी इलाके में इसकी दस्तक ने लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी। सूचना मिलने पर वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर अजगर को क्षेत्र से दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। वन विभाग की मानें तो जिला सिरमौर के मैदानी इलाकों में अक्सर विशालकाय अजगर की साइटिंग के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार यह हिल स्टेशन जमटा में नजर आया, जहां मौसम भी निचले इलाकों के मुकाबले काफी ठंडा रहता है। यह अजगर नावणी पंचायत के जमटा में ग्रैंड व्यू होटल की ओर जाने वाले रास्ते पर बीएसएनएल की एक्सजेंच के ठीक साथ दिखाई दिया, जिसे देखते ही लोग दहशत में आ गए। जहां इस अजगर की साइटिंग हुई है, वहां रिहायशी इलाका है। इसके साथ ही महामाया बाला सुंदरी का मंदिर भी है। एक निजी स्कूल भी यहां चल रहा है और दो होटल भी यहां पर मौजूद हैं। इस दृष्टि से उक्त मार्ग पर लोगों की आवाजाही काफी ज्यादा रहती है। इस दौरान कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। फॉरेस्ट गार्ड मोसिन खान और हरजीत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने इस अजगर को एक पिंजरे में डाला और यहां से करीब 8 किलोमीटर दूर बनेठी के समीप जंगल में छोड़ दिया और तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। दूसरी तरफ वन विभाग के आरओ प्रेम कंवर ने बताया कि अजगर की लम्बाई 10 फीट थी, जिसे वन कर्मियों ने इस रिहायशी क्षेत्र से काफी दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया हैं। जिले के निचले यानी गर्म इलाकों में अकसर अजगर जैसे बड़े जीव देखने को मिलते हैं, लेकिन संभवतः यहां पहली बार ऐसा विशालकाय जीव देखा गया.' बता दें कि हाल ही में 4 अक्तूबर को जिला के हरिपुरधार मार्ग पर सुबह करीब साढ़े 4 बजे तीन तेंदुओं की एक साथ साइटिंग हुई थी, जिसे एक वाहन चालक ने अपने कैमरे में कैद दिया। हालांकि चंद मिनटों की चहलकदमी के बाद यह तीनों तेंदुए सड़क से नीचे खुद ब खुद गायब हो गए थे।
ज्वालाजी से होशियार पुर बंद पड़े रूट को विभाग बहाल करे। प्रधान नाहन नगरोटा,न्याल,बनी,सेहरी, लग बलयाना बी डी सी राजीव, विनोद डोगरा और अजय ने विभाग से आग्रह किया है कि इस बंद पड़े रूट को ज्वालाजी, चंबा पत्तन , सदवा, गरली, बनी, सेहरी,लग बलयाना,अम्ब टीला होकर चलाना उचित होगा। एक तो ये बस तीन विधान सभा क्षेत्र ज्वालाजी, जसवां-परागपुर व चिंतपूर्णी की लगभग पंद्रह पंचायत से होकर गुजरने वाली इकलौती बस होगी वहीं दूरी कम होने के साथ-साथ इन पिछड़े क्षेत्रों के लोगों को होशियार पुर, अमृतसर, जालंधर और देहली जाने के लिए घर द्वार से सुविधा प्राप्त होगी। अत: क्षेत्रीय प्रबंधक देहरा से करवध निवेदन है कि लोगों की सुविधा हेतु इस बस को फिर से चलाने बारे विचार करे। हम सभी पंचायतों के प्रतिनिधि आप के आभारी होंगे।
**भरवाईं स्कूल में वन्य जीव संरक्षण जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित चिंतपूर्णी/मनोज कुमार: राजकीय वरिष्ठ माध्यामिक पाठशाला भरवाईं में पीकॉक इको क्लब , एन सी सी इकाई तथा स्काउट और गाइड इकाई द्वारा वन्य जीव संस्क्षण जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नौणी कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्य प्राणियों के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास, रक्षा, जंगलों के महत्व और वन्य जीवों के संरक्षण के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रण लिया कि वे सभी वन्य जीव जंतुओं की सुरक्षा के लिए प्रयासरत रहेंगे। उप प्रधानाचार्य सुरेंदर सिंह ने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण मानव जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है । उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण को बचा लो नहीं तो कल को रोना पड़ेगा। आज ही सजग हो जाओ नहीं तो कल को पछताना पड़ेगा। ईको सिस्टम तभी मजबूत होगा जब वन्यजीवों का जीवन सुरक्षित होगा। तभी हम मनुष्यों का जीवन भी सुरक्षित हो पाएगा। इसके लिए हम सबको मिलकर प्रयास करना होगा प्रार्थना सभा में शिक्षक विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण की जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान बच्चों को पर्यावरण बचाने की शपथ भी दिलाई गई एवं ग्लोबल वार्मिंग को गतिविधि तरीकों से बताया गया। इस मौके पर डिप्टी रेंजर राय सिंह, वन रक्षक राकेश कुमार, साहिल बन्याल और बीएससी वानिकी छात्र सूर्यांश, शिवांश, रशिक, विरेन एवं सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
** मृतक बिहार का रहने वाला था लाहौल-स्पीति: जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। दरअसल जिले की एलियास झील के पास एक युवक पहाड़ी से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक आईआईटी का छात्र था। वहीं, छात्र के गिरने की सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने पहाड़ी से छात्र के शव को बरामद कर लिया है। दुर्गम रास्तों से पैदल चल कर छात्र के शव को केलांग अस्पताल लाया गया। जहां पर छात्र का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसपी लाहौल स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि ये घटना 6 अक्टूबर को हुई है। मृतक छात्र की पहचान मिहिर कुमार सिन्हा निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है। वर्तमान में छात्र आईआईटी मंडी में पढ़ाई कर रहा था। एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि 6 अक्टूबर को पुलिस स्टेशन केलांग में एक युवक अंशुल का फोन आया, जिसमें बताया गया कि आईआईटी मंडी का छात्र मिहिर कुमार सिन्हा एलियास झील के पास एक पहाड़ी से पैर फिसलने से गिर गया है। अंशुल और उसका समूह उस दौरान सिस्सू में रह रहा था। इसके अलावा छात्र के साथ गए अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किया जा रहे हैं। एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि मिहिर के पिता को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। उसके बाद डीडीएमए और आईटीबीपी अधिकारियों की मदद से जिला पुलिस बचाव दल ने डीएसपी मुख्यालय केलांग के निर्देशन में सर्च अभियान शुरू किया। डीएसपी मुख्यालय केलांग की देखरेख में पुलिस पोस्ट कोकसर से पुलिस बचाव दल ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस पोस्ट कोकसर की टीम ने शुरुआती खोज और बचाव प्रयास किए और कठिन इलाके से मिहिर कुमार सिन्हा के शव को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि मौके पर निरीक्षण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के बाद, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
**डिजिटल हाउस अरेस्ट का दिखाया डर हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगों द्वारा आए दिन लोगों को ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला कुल्लू जिले का है। मामले में शातिरों द्वारा एक व्यक्ति को डिजिटल हाउस अरेस्ट साइबर फ्रॉड का शिकार बनाकर 36 लाख रुपए की राशि ऐंठ ली गई है। 3 दिन बाद जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने हिमाचल प्रदेश सीआईडी के साइबर थाना पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी में इसकी शिकायत दर्ज करवाई।एएसपी साइबर थाना मध्य खंड मंडी मनमोहन सिंह ने बताया कि पीड़िती की शिकायत के आधार पर साइबर थाना मंडी की टीम ने भारतीय न्याय सहिंता की धारा 318 (4), 319(2) व आईटी, एक्ट की 66 (डी) के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे अनजान नंबर से फोन आया और उसे बताया गया कि उसका मोबाइल नंबर पोर्नोग्राफी व गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हैं। इन अपराधों के तहत उसके नाम पर मुंबई में 17 केस दर्ज हैं। इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल से संबंधित कागजात भेजे, जिसमें शिकायतकर्ता के नाम पर केनरा बैंक में संदिग्ध खाता, फर्जी बैंक एंट्री सहित फर्जी एटीएम होने के बारे में बताया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को फर्जी सुप्रीम कोर्ट, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नाम पर फर्जी आदेश भी भेजकर एक लिखित इकरारनामा लिख कर भेजने को कहा। इस जांच के पूरा होने तक साइबर ठगों ने उसे किसी से बात न करने, फोन कॉल कट न करने व उनकी फोन कॉल लगातार अटेंड करने के लिए कहा, जिसके बाद साइबर ठगों ने नकली आईपीएस अधिकारी बनकर शिकायतकर्ता को उपरोक्त केस में सारे फंड सरेंडर करने के लिए कहा व बताया कि आपका सारा पैसा जांच करके 3 दिन में लौटा दिया जाएगा, जिस पर शिकायतकर्ता ने ठगों द्वारा बताए गए खातों में तीन ट्रांजेक्टसन के जरिए 36 लाख 50 हजार की राशि जमा करवा दी। 3 दिन बाद जब शिकायतकर्ता को पैसा वापस नहीं मिला तो उसने बार-बार साइबर ठगों के नंबरों पर फोन किया, लेकिन जब साइबर ठगों ने फोन का कोई जबाव नहीं दिया तो व्यक्ति को उसके साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
जयसिंहपुर/नरेंदर डोगरा: आलमपुर के साई गांव की बेटी कोमल शर्मा ने एम.एस. सी. मैडिकल सर्जिकल नर्सिंग (क्रिटिकल केयर नर्सिंग) में डिग्री हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कोमल ने यह डिग्री स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान से हासिल की है। कोमल ने जमा दो तक की पढ़ाई धर्मशाला से करने के बाद डेरा बस्सी से बी.एस.सी. नर्सिंग की। उसके बाद एम एस सी नर्सिंग की डिग्री पी जी आई चण्डीगढ़ से हासिल की। कोमल को यह डिग्री भारत सरकार के निति आयोग के सदस्य विनोद कुमार पोल द्वारा पी जी आई की और से आयोजित समारोह के दौरान दी गई। कोमल वर्तमान में पी.जी.आई. चंडीगढ़ में सेवारत है। कोमल के पिता ध्रुव देव शर्मा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड़ धर्मशाला से एस ओ के पद से सेवानिवृति हुए हैं व माता अध्यापिका है। कोमल अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व अध्यापकों को देती है।
जयसिंहपुर/नरेंदर डोगरा: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोअर लंबागांव में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने पुलिस थाना लंबागांव में अपनी सेवाएं दी। स्वयंसेवकों ने पुलिस थाना लंबागांव के परिसर की सफाई की घास उखाड़ी और झाड़ियों को काटा व आसपास की सफाई की । वही शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवकों को विद्यालय के प्रांगण में लंबागांव के विकास राणा ने प्रेरक भाषण देकर स्वयंसेविकों को प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी अशोक चौधरी, मोनिका कटोच, राजेश शर्मा, एसएचओ अशोक कुमार भी मौजूद रहे।
जयसिंहपुर/नरेंदर डोगरा: आयुष, युवा सेवाएँ एवं खेल यादविंदर गोमा 8 अक्तूबर को जयसिंहपुर में एसडीएम आवास एवं पुस्तकालय का लोकार्पण करेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आयुष मंत्री प्रातः 11 बजे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके उपरांत 2:30 बजे एसडीएम आवास और पुस्तकालय का लोकार्पण करेंगे। गोमा 9 अक्तूबर को सांय 4 बजे शाहपुर में जिला स्तरीय दशहरा के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके उपरांत 5 बजे आयुर्वैदिक डिस्पेंसरी शाहपुर का निरीक्षण करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि यादविंद्र गोमा 10 अक्तूबर को सुबह 11 बजे जयसिंहपुर में लोगों की समस्याएं सुनेंगे और सांय 5 बजे राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव जयसिंहपुर के शुभारंभ करेंगे। मंत्री 11 और 12 अक्तूबर को भी राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव में शामिल रहेंगे।
कुनिहार: पूर्व सैनिक लीग जिला सोलन की एक विशेष बैठक रविवार 13 अक्तूबर को चौधरी कॉम्प्लेक्स (नजदीक सिविल अस्पताल कुनिहार ) में सूबेदार मेजर एम एल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। कुनिहार इकाई अध्यक्ष कैप्टन रणधीर सिंह कंवर ने बैठक बारे जानकारी देते हुए बताया कि बैठक ठीक 11 बजे शुरू हो जाएगी, जिसमे सभी इकाइयों के अध्यक्षों व सचिवों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में जिला सोलन पूर्व सैनिक लीग कार्यकारिणी के चुनाव करवाने बारे में चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में जिला सोलन के अध्यक्ष के दिशा निर्देशों के मुताबिक इकाइयों के अध्यक्ष व सचिव भाग लेंगे।
किसानों ने लहसुन बिजाई की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अक्तूबर से नवंबर तक प्रदेश में लहसुन की बिजाई की जाती है। इस बार लहसुन बीज की अधिक मांग से दाम भी दोगुना हो गए हैं। सब्जी मंडी में कश्मीरी लहसुन का बीज 280 से 300 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। पिछले वर्ष इसके बीज की किसानों ने 120 से 160 रुपये तक खरीद की। बढ़ते दाम के चलते एक क्विटंल बीज लगाने वाला किसान सिर्फ 50 किलो की ही खरीद कर रहा है। कई छोटे किसान तो अभी बीज खरीदने के लिए असमंजस में हैं। सब्जी मंडी सोलन में कश्मीर से लहसुन का बीज आया है। इस बार लहसुन के अच्छे दाम मिलने के बाद बीज के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। सोलन, सिरमौर, कुल्लू, सहित अन्य जिलों में नवंबर से अक्तूबर माह के बीच लहसुन की बिजाई का कार्य किया जाता है। सोलन सब्जी मंडी से इन दिनों सिरमौर और सोलन के किसान मजबूरन महंगे दामों में लहसुन बीज की खरीद भी कर रहे हैं। सब्जी मंडी सचिव रविंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश के लहसुन में बहुत से औषधीय गुण हैं, जिस कारण इसकी मांग पूरे वर्ष रहती है। इस वर्ष भी किसानों को लहसुन के अच्छे दाम मिले हैं। इसमें लहसुन 250-350 रुपये प्रति किलो तक भी मंडी में बिका है। किसानों को सब्जी मंडी में ग्रेड के हिसाब से बीज दिया जा रहा है। जिला सोलन में हर वर्ष लहसुन से करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। सोलन, सिरमौर का लहसुन सोलन मंडी से देश सहित विदेश को भी सप्लाई किया जाता हैं। जिला सोलन के करीब 1000 हेक्टेयर भूमि पर लहसुन की पैदावार की जाती है। कृषि विभाग भी लहसुन का बीज किसानों को वितरित करता है, लेकिन अधिकतर किसान बीज की खरीद बाजार से ही करते हैं।
**चोटियों पर बर्फबारी की संभावना हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम बिगड़ने के आसार हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर 8 से 10 अक्तूबर तक बारिश का पूर्वानुमान है। इस दाैरान चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इसके बाद 11 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। उधर, मैदानी भागों में माैसम साफ रहने से पारा और चढ़ने के आसार हैं। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं।


















































