सोलन/सन्नी गौतम: स्वयं को सोलन की देवभूमि अपार्टमेंट में एक फ्लैट का मालिक बताने वाले एक व्यक्ति ने कोटलानाला निवासी एक व्यक्ति को दस लाख का चूना लगा दिया। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर सदर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।सोलन के सदर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को दी गई शिकायत में कोटलानाला निवास संजय शर्मा ने बताया कि धीरज शर्मा नामक एक व्यक्ति ने स्वयं को देवभूमि अपार्टमेंट में एक फ्लैट का स्वामी बताते हुए गत वर्ष उसके साथ फ्लैट हस्तांतरित करने का सौदा किया था। इस पर इसने बैंक चैक के माध्यम से कुल 10 लाख रुपये बयाना राशि के रुप में धीरज शर्मा को प्रदान दिए थे। धीरज शर्मा ने उपरोक्त राशि के प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर उपरोक्त फ्लैट को इसके नाम हस्तांतरित करने का आश्वासन दिया था ।परन्तु 15 दिन बीतने के बावजूद धीरज ने न तो फ्लैट ही उसके नाम किया और न ही उसके रुपये लौटाए। इस बीच उसने मामूली धनराशि उसे अवश्य लौटाई। संजय शर्मा की शिकायत सदर पुलिस थाने में धीरज शर्माके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों से चिट्टे की बड़ी खेप जब्त करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नशा तस्कर पति-पत्नी को धर-दबोचा है। आरोपी दंपति से पुलिस ने 109.52 ग्राम चिट्टे की बड़ी खेप बरामद की है। दोनों पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। नूरपुर के एसपी अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस ने कंडवाल में नाकाबंदी की हुई थी, जिस दौरान एक गाड़ी में सवार दंपति से बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी दंपति की पहचान रवि कुमार और उसकी पत्नी शिल्पा के तौर पर हुई है। आरोपी दंपति फतेहपुर के झाझवा गांव के निवासी हैं. पुलिस ने दंपति के कब्जे से 109 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने कहा कि भविष्य में भी नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से भी अपील करते हुए कहा कि युवा भी इस नशे से दूर रहे और अपना ध्यान खेलों की तरफ आकर्षित करें। उन्होंने कहा कि नूरपुर पुलिस समय-समय पर इस तरह के नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करती रहती है। इन नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।गौरतलब है कि प्रदेश में आए दिन नशा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। बीते सितंबर महीने में शिमला पुलिस ने भी प्रदेश में सबसे बड़ी चिट्टे की खेप बरामद की थी, जिसमें शिमला पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के एक व्यक्ति को चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था और उससे 468 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने इसके सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया था, जो कि शिमला जिले का ही निवासी था और ऊपरी शिमला में नशे का कारोबार चलाता था।
**पथ संचलन के दौरान कुनिहार बाजार में जगह -जगह लोगो ने की पुष्प वर्षा कुनिहार में राष्ट्र सेविका समिति कुनिहार नगर द्वारा शस्त्र पूजन व पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयंती शर्मा ने की तो वहीं ऊषा शर्मा व राष्ट्र सेविका समिति प्रांत संचालिका कमलेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सर्व प्रथम शस्त्र पूजन व ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राष्ट्र सेवा समिति कुनिहार नगर की ओर से ज्योति ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। भारत की प्राण शक्ति वंदेमातरम इस विषय पर कार्यक्रम की बौद्धिक वक्ता डॉ मुक्ता ने बताया भारत यानी राष्ट्र ये मातृभूमि ,भारत भूमि का मेरुदंड रीढ़ की हड्डी धर्म हैं। दो शब्दों और 6 अक्षरों से बना यह उदघोष बंदे मातरम इस राष्ट्र की प्राण शक्ति है। उन्होंने बताया कि विवेकानंद जी ने कहा था कि भारत की प्राण शक्ति कभी अक्रांत नहीं हुई। डॉ मुक्ता ने अपने वक्तव्य में अनेक राष्ट्र भक्ति के विचारों से सेविकाओं को अवगत करवाया। कार्यक्रम की अध्यक्षा जयंती शर्मा ने कहा कि इस तरह का अंतर्राष्ट्रीय स्तर का महिला संगठन जो महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु कार्यरत है हम सभी को भी ऐसे संगठन का हिस्सा बनना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम स्थल तालाब मैदान से सभी सेविकाओं ने पथ संचलन में भाग लिया। बैंड की मधुर धुन पर कदम ताल करते हुए सेविकाएं पथ संचलन करते हुए पुराना बस अड्डा कुनिहार से पूरे बाजार से होते हुए वापिस कार्यक्रम स्थल पहुंची ,पूरे बाजार में जगह जगह सेविकाओं पर पुष्प बरसाए गए। इस कार्यक्रम में लगभग 170 सेविकाओं ने भाग लिया।
उप मंडल मुख्यालय संग्रह के बाल विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जिला इकाई हरिपुरधार द्वारा गुरुवार को वार्षिक पथ संचलन किया गया। इस अवसर पर सोलन विभाग संघ चालक चंदशेखर ने संघ के भगवां ध्वज के समक्ष नतमस्तक होकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में योगेंद्र कपिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 100 के करीब स्वयं सेवको ने भाग लिया। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने संघ गणवेश में बाल विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल प्रांगण से संघ के बेंड के साथ बस अड्डा बाजार से वन परिक्षेत्राधिकारी कार्यालय होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल तक पथ संचलन किया। इस दौरान विभाग संघ चालक चंद्रशेखर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डा कैशव बलिराम हेडगेवार के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए संघ द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करने की सलाह दी। खंड कार्यवाह सतपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विजय दशमी से दीपावली तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा वार्षिक पथ संचलन किया जाता है।
केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में 17 तारीख से दो दिवसीय पुस्तकालय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी देते हुए केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर की निदेशक प्रो सत्यम कुमारी व पुस्तकालय अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने बताया कि एन ई पी 2020 के संदर्भ में "शैक्षणिक पुस्तकालयों का पुनरुद्धार: संभावनाएँ और चुनौतियाँ" विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश भर के विशेषज्ञ, पुस्तकालयाध्यक्ष, शिक्षाविद् और शोधार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 17 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विक्रम कुमार शर्मा (पुस्तकालयाध्यक्ष, केन्द्रीय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय धर्मशाला) और विशिष्ट अतिथि डॉ. शिवराम राव के. (पुस्तकालय विभागाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला) शामिल होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. हरीश चन्द्र (जी एन डी यू अमृतसर) व नवीन डोबरियाल (सी एस यू देवप्रयाग) रहेंगे। इस समस्त कार्यक्रम के संयोजक डॉ. पूरण माल गुप्ता (विश्वविद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली) होंगे। कार्यक्रम संरक्षक प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी (कुलपति, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली) व कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. सत्यम कुमारी (निदेशक, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर, बलाहर) होंगे। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन एन ई पी 2020 एवं भारतीय ज्ञान प्रणाली के तहत शैक्षणिक पुस्तकालयों की भूमिका पर विचार करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य प्रवक्ता एवं पूर्व कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ठाकुर सुरिंदर सिंह मनकोटिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कर्मचारियों तथा पेंशनरों को 4% महंगाई भते की किस्त देने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया है। मनकोटिया ने कहा कि 4 प्रतिशत महँगाई भते की किस्त जारी करने से प्रदेश के 1.80 कर्मचारी और 1.70 पेंशनर लाभान्वित होंगे। ये पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने दिवाली के अवसर पर, इतिहास में पहली बार कर्मचारियों और पेंशनरों को पहली की वजाय 28 अक्तूबर को वेतन व पेंशन की अदायगी करने की ठानी है। इस सौगात को कर्मचारी, अधिकारी, पेंशनर कभी भूलेंगे नहीं। इसी के साथ चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए 10 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान करके सभी लम्बित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के निपटान के आदेश जो मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिए हैं, उससे वर्तमान कर्मचारियों व सेवानिवृत कर्मचारियों को एक बहुत बड़ी राहत मिलेगी। 75 वर्ष या इससे अधिक आयु के पेंशनरों का पूरा बकाया एरियर देने के आदेश से, तथा चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को 20 हजार रुपये वेतन एरियर देने के आदेश जो सरकार ने दिए हैं उससे पता चलता है कि सरकार कर्मचारी व सेवानिवृत कर्मचारी हितेषी सरकार है। और ये उनके मुँह पर तमाचा है जो कर्मचारियों के ड्यूज न देने का डिंडोरा पीट रहे थे। इतना ही नहीं बल्कि इससे भी आगे बढ़कर मुख्यमंत्री ने एक और इतिहासिक फैसला लेते हुए बोर्डो व निगमों के 1 लाख कर्मचारियों व सेवानिवृत कर्मचारियों को भी मालामाल कर दिया। उनके आदेशानुसार बोर्डो व निगमों के कर्मचारियों व पेंशनरों को भी पहली नवंबर की वजाय दीपावली से पूर्व , 28 अक्टूबर को वेतन व पेंशन मिलेगी। पिछली सरकार से देय हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों व पेंशनरों का ओवरटाइम, जो 55 माह से देय था और जो करीब 90 करोड़ बनता है, उसे दिसम्बर तक देकर चुकता कर दिया जायगा। और तो और सरकार ने निगम के कर्मचारियों व पेंशनरों के मेडिकल बिलों की आपूर्ति के लिए 9 करोड़ देगी जिससे 2 महीने में लंबित बिल चुकता कर दिए जाएंगे। मनकोटिया ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर अपने कार्यकाल में वेतन आयोग के न एरियर दे पाए न मेडिकल बिलों की अदायगी कर पाए, न ओवरटाइम की पेमेंट की, न कोई 5 साल भता बढ़ाया और न दिवाली से पहले कभी वेतन व पेंशन दी। अनुराग ठाकुर, जयराम ठाकुर, बिक्रम ठाकुर ये वो तीन ठाकुर हैं जो पहले दिल्ली की केंद्र सरकार के पास जाकर हिमाचल के ड्यूज यानी हक के पैसे, हिमाचल के शेयर के पैसे रुकवाते हैं और फिर दूसरे राज्यों में जाकर, हिमाचल प्रदेश और यहाँ के भोले-भाले लोगों को बदनाम करते हैं। क्या ये तीन ठाकुरों की तिकड़ी भूल गई कि एक लाख 35 हजार कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम जिस पेन से मुख्यमंत्री ने दी है उसकी अभी सिहाई भी नहीं सूखी। बदनाम करने की वजाय ये तिकड़ी ये बताएं कि इतनी बड़ी आपदा आने पर इन्होंने केंद्र से क्या दिलाया? स्टेट शेयर और जीऐसटी का पैसा तो हर माह, हर स्टेट को आता है ये तो केंद्र तथा राज्यों का रूटीन का मैटर है। हम मुख्यमंत्री और समस्त कैबिनेट का आभार व्यक्त करते हैं कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, उन्होंने कर्मचारियों व पेंशनरों को दिवाली से पहले 1 तारीख के वजाय 28 को वेतन, पेंशन, डी ए देने का साहस जुटाया।
ज्वालामुखी उपमंडल के तहत मझीण क्षेत्र जहाँ तीन बैंक हैं पर एक भी एटीएम आज दिन तक स्थापित नहीं है। मझीण में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, काँगड़ा कोऑपरेटिव बैंक और हिमाचल ग्रामीण बैंक को मिला कर कुल तीन बैंक है पर एटीएम की सुविधा किसी बैंक की भी नहीं है। विकास धीमान ने बताया कि क्षेत्र ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के मुख्य व्यापारिक केंद्रों में से एक है। यहां खरीदारी के लिए बहुत बड़ी मार्किट है लेकिन एटीएम का न होना यहाँ के स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए बहुत बड़ी मुश्किल बन गया है । नकदी के लिए या तो हमें बैंक या फिर एटीएम के लिए नादौन जाना पड़ता है। विकास धीमान ने बताया कि नकदी निकालने गए लोग नादौन में ही अपना सामान खरीद लेते हैं जिसके फल स्वरूप यहाँ के व्यापारी को नुक्सान होता है। विकास धीमान ने बताया कि आज की तारिक में हर किसी का खता बैंक में है और बैंक एटीएम कार्ड मेंटिनेंस के नाम पर वार्षिक फीस भी लेता है लेकिन एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं करवा रहा । विकास धीमान ने सवाल उठाया है कि जब तक एटीएम नहीं लग जाता मझीण के खाता धारकों से एटीएम कार्ड फीस नहीं ली जानी चाहिए। विकास धीमान ने स्थानीय बैंक प्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द यहां एटीएम स्थापित किए जाए ताकी स्थानीय जनता को कुछ राहत मिले।
जिला शिमला में सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शिमला के नेरवा से सामने आया है। बीती रात नेरवा में एक स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय गाड़ी में 4 लोग सवार थे, जिसमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नेरवा में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी अस्पताल शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि सड़क हादसा देर रात करीब एक बजे के आसपास हुआ है। एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर HP 08C-0346) नेरवा से करीब 15 किलोमीटर दूर शामटा-टिकरी सड़क मार्ग पर पीपलाह के पास दुर्घटना का शिकार हो गई और खाई में गिर गई, जिस समय गाड़ी खाई में गिरी, उस समय गाड़ी में 4 लोग सवार थे, जिनमें से एक स्थानीय निवासी व तीन युवक बिहार के रहने वाले थे। तीनों युवक स्थानीय व्यक्ति के पास काम कर रहे थे जब देर रात काम से वापस घर लौटते समय ये सड़क हादसा हुआ। मृतकों की पहचान प्रताप हंसटा (उम्र 38 साल) निवासी नेरवा, जिला शिमला के रूप हुई है, जबकि एक अन्य मृतक बिहार का निवासी था। वहीं, गाड़ी में सवार अन्य दो लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। जिन्हें नेरवा अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद शिमला के आईजीएमसी के रेफर कर दिया गया है। जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है। दोनों घायल युवक बिहार के रहने वाले हैं।
मंडी: जिला मंडी में सड़क पर चलती एचआरटीसी की खटारा बसों में खराबी आने के बाद अब एचआरटीसी व सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। बस में खराबी का ताजा घटनाक्रम मंडी जिले के करसोग में सामने आया है। यहां एचआरटीसी की एक बस सड़क पर धुआं छोड़ती हुई नजर आ रही है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सड़क पर धुंधा करती एचआरटीसी बस का यह वीडियो बीती रोज 16 अक्तूबर का है. ये बस करसोग से मैंढी रूट पर जा रही थी। बस की सवारियों ने बताया कि बीते रोज आधे रास्ते में ही ये बस खराब हो गई और अचानक इसमें से धुआं निकलने लगा। बस में बैठी सवारियों को जैसी ही बस में खराबी का एहसास हुआ तो सभी लोग अपनी जान बचाते हुए बस से नीचे उतर गए, जिसके बाद मौके पर मौजूद सवारियों ने धुआं छोड़ती इस बस का वीडियो बना लिया। सवारियों का कहना है कि एचआरटीसी की इन खटारा बसों के कारण लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। वहीं, थोक में धुंआ छोड़ रही इन बसों के कारण पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। जब इस बारे में आरएम करसोग हुमेश ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया, बस के टर्बो शॉट टूटने के कारण गाड़ी धुआं छोड़ रही थी। टर्बो शॉट टुटने के बाद इंजन ऑयल साइलेंसर में चला गया, जिससे गाड़ी और ज्यादा धुंधा छोड़ने लगी. बस में अन्य तरह की और कोई भी खराबी नहीं पाई गई है, कुछ देर बाद बस को ठीक करने के बाद रूट पर भेज दिया गया। गौरतलब है कि मंडी जिले में एचआरटीसी बस की खराबी की ये पहली घटना नहीं है। पिछले 6 महीने में जिले में आधा दर्जन के करीब ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते 15 अक्टूबर को भी करसोग डिपो की एक बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई थी। बीती 18 अप्रैल को एचआरटीसी की सेमी डीलक्स बस का चलते-चलते पिछला हिस्सा टायरों समेत खुल गया था। ये बस जोगिंद्रनगर से अमृतसर जा रही थी और धर्मपुर के नेरी में ये हादसा पेश आया था। वहीं, इसके तीन बाद 21 अप्रैल को एचआरटीसी की खड़ी बस में से अचानक धुआं उठने से आग भड़क गई थी। रात्रि ठहराव के लिए ये बस धर्मपुर के भराड़ी में खड़ी की गई थी। बस ड्राइवर समेत स्थानीय लोगों ने पानी फेंककर आग पर काबू पाया था। इसके अलावा 8 मई को भी सुंदरनगर से केरन जा रही एचआरटीसी की बस का चलते-चलते टायर खुल गया था। इस बस में स्कूली बच्चे भी सवार थे।
जयसिंहपुर/नरेंदर डोगरा: कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में दिनांक 18-10-2024 को अभिभावक-अध्यापक संघ (PTA) की आम सभा महाविद्यालय परिसर में 11 बजे रखी गई है। महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावक इस आम सभा में सादर आमंत्रित हैं। आम सभा की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय प्रोफ़ेसर उपेन्द्र शर्मा करेंगे। इस आम सभा में पीटीए की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा महाविद्यालय के वार्षिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
चिंतपूर्णी/मनोज कुमार: ऊना जिला के राजकीय प्राथमिक पाठशाला डुहल बंगवाला में वीरवार को आपदा प्रबंधन टीम भरवाई के सौजन्य से आपदा जागरूक शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आपदा मित्र संदीप कुमार और मयंक कुमार ने छात्रों को आपदा के प्रति बचाव के बारे में जागरूक किया।
डीएवी भड़ोली स्कूल में सैलड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया कि बच्चों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ भाग लेना चाहिए, इससे उनके अंदर छिपी हुई कला बाहर आती है और उन में आत्मविश्वास बढ़ता है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सैलड को बहुत खूबसूरती से सजाया। इस प्रतियोगिता में 9वीं और 11वीं के बच्चों ने अपने-अपने सदन की ओर से हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का परिणाम सदन स्तर के आधार पर निकाला गया। बच्चों ने खीरा, मूली, टमाटर आदि सब्जियों से सुंदर-सुंदर कलाकृतियों से सजी हुई सलाद बनाई सलाद में मयूर आकृति के अलावा अन्य विभिन्न आकृतियां आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में पहला स्थान गांधी सदन के प्रतिभागियों में अनामिका, सचित ,सिमरन ,शुभांशु ,आदि ने प्राप्त किया । दूसरा स्थान सुभाष सदन के प्रतिभागियों में आईना दत्ता, अनन्या शर्मा ,जतिन, आरव सूद, अर्णव गौतम ने प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने विजेता रहे बच्चों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया और बच्चों व अध्यापकों को बधाई दी।
कांगड़ा: विधानसभा नूरपुर के कस्बा जसूर में मंगलवार को हिमाचल परिवहन निगम की बस के नीचे आ जाने से एक बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की उम्र डेढ़ साल बताई जा रही है। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बेहद दर्दनाक था। बच्ची का शरीर सड़क पर ही चिपक गया। बच्ची की शिनाख्त करना ही मुश्किल हो गया था। मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब निवासी निहाल की डेढ़ साल की बच्ची निहारिका जसूर सब्जी मंडी के पीछे खेल रही थी। यहां पास में ही एचआरटीसी वर्कशॉप भी है। वर्कशॉप के साथ ही खड्ड किनारे प्रवासी लोगों की झुग्गी झोपड़ियां हैं। एचआरटीसी चालक वीरेंद्र कुमार पुत्र नसीब सिंह निवासी नूरपुर टायर पंक्चर लगवाने गया था। इसी दौरान बच्ची बस के नीचे खेल रही थी, जैसे ही चालक ने गाड़ी को रिवर्स किया टायर के नीचे आ जाने से उसकी मौत हो गई। बच्ची का पिता पंजाब के लुधियाना का रहना वाला है और परिवार सहित जसूर में झुग्गी झोपड़ी में रहता है। वहीं इस मामले की पुष्टि करते हुए नूरपुर के एसपी अशोक रत्न ने बताया कि, पुलिस ने इस मामले को लेकर केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने मौके से सबूत भी जुटाए हैं और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बस चालक द्वारा जब बस को रिवर्स किया जा रहा था उस समय बस की पिछले टायर की नीचे आने से बच्ची को मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम होने के उपरांत शव परिजनों के सपुर्द कर दिया जाएगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह के विद्यार्थियों ने हरिपुरधार के निकट मानव हिल रिसॉर्ट में दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान टूरिज्म व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। विद्यालय के जमा एक और जमा दो कक्षा के 50 छात्र छात्राओं ने टूरिज्म व्यवसाय के अंतर्गत कुकिंग, कैटरिंग, हाउसकीपिंग और होटल मैनेजमेंट की अनेक विधाओं का व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दो दिवसीय व्यावसायिक कार्यशाला के दौरान विद्यालय के 50 छात्र छात्राओं ने मानव हिल रिसोर्ट में पहुंच कर ट्रैकिंग, कैम्पिग के अलावा गीत संगीत और क्विज प्रतियोगिता सहित अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ साथ मानव हिल रिसोर्ट में एक शाम गुजार कर पर्यटन व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मानव रिजॉर्ट के प्रबंध निदेशक मेला राम शर्मा ने बताया की पर्यटन व्यवसाय एक उत्तम रोजगारमूलक व्यवसाय हैं और सिरमौर जिला के हरिपुरधार क्षेत्र में यहां के नैसर्गिक सौंदर्य के कारण पर्यटन विकास की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार और दूसरों को रोजगार देने की संभावनाओं के कारण हिमाचल में यह व्यवसाय बहुत विस्तृत तौर पर फल फूल रहा है । पाठशाला क व्यवसायिक अध्यापक रिशव शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ आवोहवा और अद्भुत प्राकृतिक नजारों के कारण हर साल देश विदेश से लाखों सैलानी हिमाचल भ्रमण पर आते हैं। उन्होने कहा कि हिमाचल में पर्यटन व्यवसाय युवाओं के उज्जवल भविष्य का आधार बन सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को इस पर्यटन व्यवसाय से को अपने का आवाहन किया ताकि स्वरोजगार के साथ-साथ हुए दूसरों को भी रोजगार के साधन मुहैया करवा सके। इस दौरान मानव हिल रिजॉर्ट में विद्यार्थियों को सैलानियों के लिए भोजन तैयार करने, खाना परोसने, सफाई व्यवस्था बनाए रखने, हाउसकीपिंग के साथ-साथ कैंपिंग टेंट तैयार करने इत्यादि होटल मैनेजमेंट विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर हरिपुरधार से ट्रैक ट्रेकिंग के एक्सपर्ट अनिल राणा और प्रवीण ठाकुर ने विद्यार्थियों को कैंपिंग टेंट लगाने और ट्रैकिंग की अनेक रोमांचक विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों ने इस दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान मानव हिल रिसॉर्ट में झूले झूलने के साथ साथ सिरमौर नाटिया लगाकर खूब मौज मस्ती की और अपने जीवन की एक शाम को यादगार बनाया । इस अवसर पर पाठशाला के अध्यापकों ओमप्रकाश पुंडीर, रजनीश कोंडल और पूनम ने मानव हिल रिजॉर्ट मैं भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों मैं अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने में अपना अमूल्य सहयोग दिया।
** अनुबंध और एसएमसी शिक्षकों की दिवाली फीकी हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने सरकारी कर्मचारीयों को 4% डीए देकर जहां एक अहम मुद्दे को शांत कर दिया है, वहीं शिक्षकों के कुछ तबके ऐसे भी हैं जो सरकार पर राहत के लिए निगाहें गढ़ाए बैठे हैं। हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारीयों ने एकजुट होकर एक उम्मीद से सुक्खू सरकार को भरपूर समर्थन दिया था कि उनके सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर सुक्खू सरकार सहानुभूति पूर्वक निर्णय लेगी लेकिन दो वर्ष पूर्ण होने पर भी कर्मचारीयों की आकांक्षाएं ज्यों की त्यों बरकरार है। जहां अनुबंध कर्मचारियों को वर्ष में दो बार नियमित किया जाना था, सुक्खू सरकार ने उन्हें वर्ष में एक बार ही नियमित करने का निर्णय लिया है, जिससे अनुबंध शिक्षकों को खासी निराशा हाथ लगी है और दो साल पूर्ण होने पर भी प्रदेश सरकार पर राहत के लिए नजरें गढ़ाए बैठे हैं ।वहीं एसएमसी शिक्षकों के लिए भी कोई ठोस नीति नहीं बन पाई है। प्रदेश के अति दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे बहुत से एसएमसी शिक्षक लगभग 12 वर्षों की लंबी अवधि पूर्ण करने पर भी कोई नीति न बनने से हताश बैठें हैं। इन वर्गों को तो अपने भविष्य की ही चिंता सताए जा रही है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला सिरमौर ईकाई के अध्यक्ष कपिल मोहन ठाकुर, जिला महामंत्री दीपक त्रिपाठी, ज़िला संगठन मंत्री श्यामलाल भटनागर, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कंवर, ऋषिपाल शर्मा, मामराज चौधरी, शिवानी शर्मा, राधेश्याम शास्त्री, बलदेव सिंह आदि ने एक प्रैस विज्ञप्ति में कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारीयों को 4% डीए देकर इस महंगाई के दौर में एक राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इसका 21 माह का 1-1-2023 से लंबित एरियर भी इस माह के वेतन के साथ ही एकमुश्त दे देना चाहिए। नियमित शिक्षकों के साथ - साथ शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग ऐसा भी है जो अभाव और असुरक्षा में अपनी गुजर वसर कर रहा है। दिवाली और त्योहारों पर दिए जाने वाले भत्ते और आर्थिक लाभों से कोसों दूर है। अनुबंध शिक्षक जो 2 वर्ष पूर्ण कर नियमितीकरण की आस में बैठे हैं, उन्हें पहले की भांति ही वर्ष में दो बार नियमित करने पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए एसएमसी शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग प्रदेश सरकार से नियमितीकरण की आस लगाए बैठा है,अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार से निवदेन करता है, कि शिक्षा प्रदेश की बुनियाद है और समाज के सशक्तिकरण में अहम भूमिका अदा करती है।अतः सरकार को प्रदेश की शिक्षा प्रणाली को दुरस्त और मजबूत करने के लिए प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को आर्थिक और समाजिक सुरक्षा प्रदान करनी होगी।
कुनिहार: जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन जिला सोलन के अध्यक्ष के डी शर्मा व जिला महा सचिव जगदीश पंवर ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि जिला कार्यकारिणी का चुनाव जो सितम्बर माह में होना अपेक्षित था। वह चुनाव 25 अक्तूबर (शुक्रवार) को मनसा माता मन्दिर परिसर धर्मपुर जिला सोलन में किया जाना निर्धारित किया गया है। उन्होंने समस्त जिला कार्यकारिणी पदाधिकारी तथा जिला के 11यूनिटों के तमाम प्रतिनिनियों (डेलीगेटस) से अपील की है कि दिनांक 25 अक्तुबर को सुबह ठीक 11 बजे मनसा माता मंदिर परिसर धर्मपुर में जिला कार्यकारिणी के होने वाले चुनाव में भाग लेना सुनिश्चित करें तथा उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करे। यह जानकारी जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के जिला मिडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
** ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे हरियान जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जिला कुल्लू में विभिन्न इलाकों के देवी-देवता पधारे हुए हैं। यहां लोगों को देवी-देवताओं के मिलन का भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही देवी-देवताओं के साथ आए हरियान भी ढोल-नगाड़ों की थाप पर खूब झूम रहे हैं, जिससे दशहरा उत्सव की शोभा बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के तीसरे दिन सुबह सभी देवी-देवताओं के शिविर में आरती और पूजा-अर्चना की गई है। उसके बाद कई शिविरों में श्रद्धालुओं द्वारा नाटी भी डाली गई। विभिन्न इलाकों से आए लोग शिविरों में सभी देवी-देवताओं के दर्शन कर रहे हैं। भगवान रघुनाथ के अस्थाई शिविर में भगवान रघुनाथ, माता सीता, शालिग्राम, नरसिंह, हनुमान जी का विधिवत स्नान, हार शिंगार के साथ विधिवत पूजा अर्चना की गई। भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने मंत्र उच्चारण के साथ पूजा अर्चना की। वहीं, भगवान रघुनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने भगवान रघुनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने भी दशहरा मैदान में देवी-देवताओं के अस्थाई शिविरों में हाजिरी भरी। इस दौरान उन्होंने सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि दशहरा कमेटी की तरफ से इस बार दशहरा उत्सव समिति के द्वारा कई देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा गया है। देवी-देवताओं के इस महाकुंभ में उनके आदर में कोई कमी नहीं रहेगी। इस बार देवी-देवताओं के लिए 25 आधुनिक फायरप्रूफ टेंट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी देवी-देवताओं को आधुनिक फायर प्रूफ टेंट दिए जाएंगे।
** अगले महीने समीक्षा करेंगे सीएम हिमाचल में राजस्व से संबंधित लंबित मामलों का अब जल्द ही निपटारा होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी लंबित राजस्व मामलों का निपटारा करने के लिए विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से लंबित मामलों का निपटारा किया जा रहा है। इसमें और तेजी लाई जाने की आवश्यकता हैं। लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से छुटकारा मिलना चाहिए, जिस पर राजस्व अधिकारियों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को घर द्वार पर सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है और लंबित राजस्व मामलों का निपटारा करना अति आवश्यक है।उन्होंने सभी मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को दुरूस्ती से सभी लंबित मामलों का 31 अक्टूबर, 2024 तक निपटारा करने के निर्देश दिए हैं, जिसकी समीक्षा नवंबर महीने में की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सभी उपायुक्त लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा के लिए अपने जिलों में एक-एक नोडल अधिकारी की तैनाती करें। इसकी सूचना डीसी को सरकार को भेजनी होगी, ताकि लंबित मामलों को समय सीमा के भीतर निपटाया जा सके। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निपटारे के लिए उपायुक्तों को नायब तहसीलदार तक खाली पड़े पदों को भरने की शक्तियां प्रदान की गई हैं। इसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह नवंबर माह में इस मामले की दोबारा समीक्षा करेंगे। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज के रूप में 4500 करोड़ रुपए जारी किए हैं। इस धनराशि से प्रभावित परिवारों की सहायता करने को कहा गया है, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर छत नसीब हो सके। बता दें कि पिछले साल मानसून सीजन में 500 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा 10 करोड़ रुपए की सार्वजनिक और निजी संपत्ति का नुकसान हुआ था। पिछली बरसात में 23 हजार परिवार प्रभावित हुए थे, जिनके पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार ने 4,500 करोड़ रुपए का आपदा राहत पैकेज लागू किया है। इस पैकेज के तहत पूरी तरह से नष्ट हो चुके घरों के लिए मुआवजे की राशि 1.30 लाख रुपए से बढ़ाकर 7 लाख रुपए किया गया है।
कसौली/हेमेन्द्र कंवर: धर्मपुर ब्लॉक के तहत गुल्हाडी पंचायत के गांव छटेरा में ग्रामीणों के विरोध के बाद पानी का व्यवसायिक बोर करने आई मशीन को मौके से हटाया गया। उल्लेखनीय है कि गांव में चल रहे एक होटल निर्माण बिना पंचायत की एनओसी के पानी का बोर कर रहे थे, जिस पर ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तथा इसकी शिकायत पंचायत प्रधान ,पुलिस व जलशक्ति विभाग से की गई, जिस पर तुरन्त कार्रवाई करते हुए पंचायत उपप्रधान दिनेश गोवेर्धन, पंच रेखा तथा पुलिस मौके पर पहुची तथा बोर मशीन को रुकवाया गया। एनओसी मांगे जाने पर वहां मौजूद होटल के कर्मचारी एनओसी न दिखा पाए।जिसके बाद बोर मशीन को वापिस भेज़ा गया तथा होटल कर्मचारियों को चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में बिना पंचायत की अनुमति के बोर करने की कोशिश की गई तो उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं पंचायत उपप्रधान ने कहा कि छटेरा गांव में गर्मियों में पानी की काफी किल्लत आती है सभी ग्रामीण यहां के दो प्राकृतिक स्त्रोत (बावड़ी) पर निर्भर रहते है यदि कोई भी व्यवसायी यहाँ व्यवसाय के दृष्टिगत पानी का बोर करवाता है तो इसका सीधा असर प्राकृतिक स्तोत्रों पर पड़ेगा और ग्रामीणों को पानी से वंचित होना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने भी पंचायत प्रतिनिधि को साफ शब्दों में कहा है कि हम अपने बच्चों का भविष्य खतरे में नही डाल सकते।इसलिए भविष्य में भी पंचायत छटेरा गांव में किसी भी तरह की बोर के लिए अनुमति न दे। इस पर पंचायत उपप्रधान ने भी कहा कि सरकार द्वारा केवल घरेलू इस्तेमाल के लिए बोर ओपन किये गए है,व्यवसायिक गतिविधियों के लिए पंचायत की एनओसी आवश्यक है।
हिमाचल प्रदेश सरकार की युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के अवसर प्रदान करने की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। आज इस योजना के अंतर्गत पांच युवाओं का पहला बैच अपनी नई भूमिका शुरू करने के लिए सऊदी अरब पहुंच गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इन युवाओं को 31 अगस्त, 2024 को शिमला में नियुक्ति पत्र प्रदान किए थे। इन युवाओं में ऊना जिला के रजत कुमार, सुनील कुमार, जसप्रीत सिंह और अभिनव तथा जिला हमीरपुर के दिनेश शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने यूएई स्थित दुबई में ईएफएस फैसिलिटीज़ सर्विसिज ग्रुप लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया है। दिसम्बर, 2023 में मुख्यमंत्री की दुबई यात्रा के उपरांत इएफएस ने विदेश भर्ती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हिमाचल से 15-20 प्रतिशत भर्तियां करने का लक्ष्य रखा है। इसके अंतर्गत आतिथ्य, तकनीकी सेवाओं, हाउस कीपिंग, खाद्य व पेय पदार्थ और कार्यालय सहायक जैसे क्षेत्रों में प्रदेश से प्रतिवर्ष लगभग 1000 उम्मीदवारों को दुबई में रोजगार दिया जाएगा। इसके अलावा, श्रम एवं रोजगार विभाग को विदेश में कार्य कर रहे युवाओं का कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए एक तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रदेश सरकार की विदेश में राज्य के युवाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने सिर्फ 20 माह के अपने कार्यकाल के दौरान सरकारी क्षेत्र में 31000 पद सृजित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए भी सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य कर रही है ताकि भविष्य में अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के लिए विदेश में और अवसर प्राप्त हो। इस पहल से राज्य के युवा ऐजेंटों के शोषण से बचेगें और विदेश में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वरोजगार को और अधिक बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना भी आरम्भ की है। इस योजना से राज्य के युवा स्वयं के उद्यम और स्थायी आजीविका अर्जन के लिए प्रेरित होंगे और आत्मनिर्भर बनेंगे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जिला कुल्लू के चार दिवसीय प्रवास के दौरान आज मनाली पहुंचने पर प्रीणी स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आवास का दौरा किया। उन्होंने परिसर में कुछ समय व्यतीत किया और अटल जी के साथ बिताए पलों और स्मृतियों को याद किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उनके साथ मौजूद रहीं। अटल जी को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें हिमाचल और यहां के लोगों से बहुत लगाव था। वह इसे अपना दूसरा घर मानते थे। यहां के शांतिपूर्ण माहौल में उन्होंने कई कविताएं लिखी हैं। राज्यपाल ने रोरिक आर्ट गैलरी और नग्गर कैसल का दौरा भी किया। राज्यपाल ने कहा कि महान कलाकार निकोलस रोरिक ने अपनी अद्भुत कला के माध्यम से हिमाचल की खूबसूरती को चित्रों में उकेरा है। यह गैलरी भारत और रूस के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित करती है। इससे पहले, राज्यपाल ने काईस मॉनेस्ट्री का भी दौरा किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव चंद्र प्रकाश वर्मा और जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे।
सोलन/सन्नी गौतम: प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ड्रंक एंड ड्राइव के ख़िलाफ़ चलाये गये अभियान में सोलन पुलिस का प्रदर्शन पूरे प्रदेश में सर्वोत्तम रहा है। विगत एक वर्ष की अवधि के दौरान जिला सोलन पुलिस द्वारा जन-साधारण को सुरक्षित एवं भय मुक्त वातावरण उपलब्ध करवाने में सफलता हासिल की है। इसी क्रम में शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध 24 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलाये गये 15 दिवसीय प्रदेश व्यापी अभियान के दौरान जिला सोलन पुलिस द्वारा नशेड़ी चालकों के बिरूद्ध सबसे सख़्त कार्रवाई की गई है । इस अभियान के दौरान जिला सोलन पुलिस द्वारा अन्य जिलों की अपेक्षा शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सबसे अधिक कार्रवाई करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस अभियान के दौरान जिला पुलिस द्वारा सर्वाधिक कुल 218 चालान किये गये, जिनमें 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले कुल 133 चालकों के ड्राईविंग लाईसैन्सों को रद्द करने के लिये सन्बन्धित विभागों को भेजा गया हैं। जो भी सभी ज़िलों में सबसे ज़्यादा है। इस प्रकार जिला पुलिस का नशेड़ियों, असमाजिक तत्वों, चोरों तथा नशा कारोबारियों के विरूद्ध अभियान लगातार जारी है। जिला पुलिस जन साधारण की जान-माल की सुरक्षा तथा उन्हें भय मुक्त वातावरण उपलब्ध करवाने के लिये प्रतिबद्ध है।
सिविल अस्पताल पधर में आयोजित दिव्यांगता शिविर दौरान स्वास्थ्य जांच के लिए मरीजों की खूब भीड़ उमड़ी। शिविर में 56 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि शिविर में नेत्र, हड्डी, मानसिक, शिशु, नाक कान व गले के रोगियों की जाँच की गई, जिन में शिशु रोग के 3, मेडिसिन के 7, मनोचिकित्सक रोग के 4, शल्य चिकित्सा के 4, नेत्र रोग के 8 और हड्डियों की समस्या के 15 लोगों की दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए जांच की गई। शिविर में मुख्यतः शिशु रोग विशेषज्ञ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ आर एल कौंडल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. स्वाति सोनी, शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अभिनव, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुनील दत्त नेगी, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुनील चौहान, मनोचिकित्सक विशेषज्ञ डॉ. अनीता ठाकुर, नैदानिक मनोचिकित्सक विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार, नेत्र चिकित्सक सहायक अनिमा सूद उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला के गीतों पर सैकड़ों दर्शक थिरके। लालचंद प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला ने 'सेम टाइम सेम जगह', 'ले गई मेरा दिल' गीत से कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद 'तेरी मेरी अड़िये नी लगू टिच बटना दी जोड़ी', 'गुड़ नाल इश्क मिठा', 'फायदा कि प्लाजो पाके निकलने का', 'तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी', 'आपको देखकर देखता रह गया', 'द्व इश्क च डूब जांदा बंदा कितना भी चलाक होंदा', 'दिल चोरी साडा हो गया' आदि गीतों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। संध्या में रूस और कुल्लवी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली. रूस के सांस्कृतिक दल ने मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, कुल्लू के सांस्कृतिक दल ने भी पारंपरिक कुल्लवी परिधानों में सजकर वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच कुल्लवी नाटी की आकर्षक प्रस्तुति दी। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की दूसरी सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत शाम 05:30 बजे हुई। सबसे पहले पुलिस और होमगार्ड बैंड ने प्रस्तुति दी। इसके बाद सुर-ताल की परीक्षा को पास कर दशहरा के मंच पर पहुंचे प्रदेशभर के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में एकल गीत, एकल डांस, समूह डांस और गीत के साथ क्लासिकल डांस और मॉडलिंग शामिल रही। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में म्यांमार व रूस के सांस्कृतिक ग्रुप द्वारा पेश किए गए कार्यक्रम को दर्शकों ने खूब पसंद किया. स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक संध्या में मनोज कुमार, भूपेंद्र ठाकुर, राधिका लाल, हरीश चंद्र, चूड़ेश्वर सांस्कृतिक दल, डॉ. मदन झूलठा, लक्ष्मी ठाकुर संजीव धीमान किशन वर्मा ने गीतों की प्रस्तुति दी. जबकि रिशिता कैंडल, रेड डॉट ग्रुप ने नृत्य किया इसके साथ ही रेशमू देवी क्लासिकल डांस किया। वहीं, रोजी शर्मा के साथ हरियाणा की सांस्कृतिक दल में फोक डांस किया। स्थानीय कलाकारों ने कुल्लवी गीतों पर नाटी प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। रूस के सांस्कृतिक दल की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। विदेशी कलाकारों ने मंच पर उत्कृष्ट प्रस्तुति से रूस की संस्कृति और वेशभूषा से रूबरू करवाया। इसके अलावा हरियाणा के एनजेडसीसी कलाकारों के लोक नृत्य और फिरदौस बैंड ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
हिमाचल प्रदेश में सिरमौर पुलिस ने लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी के मामले में एक आरोपी को धर दबोचा है।आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने एजेंसी दिलाने के नाम पर पीड़ित से 30.87 लाख रुपए की ठगी की थी। आरोपी के खाते में ठगी के लाखों रुपए की ट्रांजेक्शन भी हुई है। मामले में गठित एसआईटी इस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। मामला सदर पुलिस थाना नाहन से जुड़ा है। एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि गत 23 सितंबर को नाहन पुलिस थाने में पीयूष गुप्ता निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नाहन ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई थीं। शिकायत के मुताबिक पीयूष गुप्ता के साथ ‘कीया’ की एजेंसी दिलाने के नाम पर 30.87 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई। इस पर पुलिस ने केस दर्ज किया। मामले की जांच के लिए नाहन शहर की गुन्नूघाट पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई सुरेश मेहता के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। एसआईटी ने जांच के दौरान इस मामले में आरोपी अनुराग गौतम निवासी बेगूसराय, बिहार को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते में ठगी के करीब 26.65 लाख रुपए की ट्रांसजेक्शन हुई है। अब एसआईटी इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पूछताछ के बाद सामने आएगा कि शातिर किस तरह से ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे और कौन-कौन इस गिरोह में शामिल हैं।
हिमाचल के पालमपुर में मुख्य एसडीआरएफ प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण आपदा की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसलिए आपदाओं का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित कर हमें इन चुनौतियों के साथ जीना सीखना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्याप्त धनराशि व्यय कर लोगों को आपदा से निपटने की तैयारियों के बारे में जागरूक कर रही है और आपदा से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए कई उपाय अपनाए जा रहे हैं। आपदा की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्राधिकरण को सदैव तैयार रहना चाहिए। इस दिशा में फ्रांस की एजेंसी एएफडी के सहयोग से 800 करोड़ रुपये की परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है और मिटीगेशन फंड से 500 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पालमपुर में एक मुख्य एसडीआरएफ प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की घोषणा भी की है। सीएम सुक्खू ने कहा कि पिछले साल मानसून के दौरान प्रदेश के लोगों ने तबाही का मंजर देखा, जिसमें 500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और 10 हजार करोड़ रुपये की सार्वजनिक और निजी संपत्ति का नुकसान हुआ था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से किसी प्रकार की वित्तीय सहायता न मिलने के बावजूद राज्य सरकार ने 23 हजार प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया और 4,500 करोड़ रुपये का आपदा राहत पैकेज लागू किया है। इस पैकेज के तहत पूरी तरह से नष्ट हो चुके घरों के लिए मुआवजे की राशि 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर सात लाख रुपए की गई है। मुख्यमंत्री ने आपदा राहत प्रयासों में राजनीतिक हस्तक्षेप की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश को अभी तक आपदा उपरांत आवश्यकता आकलन (पीडीएनए) के 10 हजार करोड़ रुपये नहीं मिले हैं। विपक्ष की ओर से खड़ी की गई हर बाधाओं के बावजूद उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप इस दिशा में कुछ प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए और प्रभावित लोगों को पूरी सहायता प्रदान की जानी चाहिए। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 72 घंटे तक उन्होंने स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बचाव व राहत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से राज्य से 75 हजार पर्यटकों और 15 हजार वाहनों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया। सीएम ने कहा कि इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बावजूद 48 घंटों के भीतर, बिजली, पानी और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को अस्थायी रूप से बहाल किया गया. जिससे राहत कार्यों को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिली। राज्य सरकार ने किसानों, विशेष रूप से सेब उत्पादकों की उपज को सुरक्षित रूप से मंडियों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की, ताकि उन्हें अपने उत्पादों के बेहतर दाम मिले। विश्व बैंक, नीति आयोग और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने राज्य के प्रभावी आपदा प्रबंधन कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने आपदा के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी की अगुवाई में प्रदेश सरकार ने लाहौल-स्पीति जिले के चंद्रताल से 303 फंसे पर्यटकों को सफलतापूर्वक बचाया और सभी पर्यटकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई।
हिमाचल प्रदेश में फेस्टिव सीजन में सुक्खू सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को 4 फीसदी डीए देने के साथ पेंडिंग मेडिकल बिलों के भुगतान का ऐलान किया है। वहीं, कर्मचारियों और पेंशनर्स को अगले महीने यानी नवंबर में दी जाने वाली सैलरी और पेंशन को भी एडवांस में दिवाली से पहले 28 अक्टूबर को देने की घोषणा की गई है। ऐसे में त्योहारी सीजन में कई सौगातें एक साथ मिलने पर लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की नाराजगी सरकार के प्रति कुछ हद तक दूर हो गई है। फेस्टिवल सीजन में 4 फीसदी डीए की किश्त देने, पेंडिंग मेडिकल बिलों के भुगतान और अगले महीने की सैलरी और पेंशन एडवांस में 28 अक्टूबर को डाले जाने के ऐलान से कर्मचारी और पेंशनर्स खुश हैं, लेकिन इसके साथ ही कुछ लंबित मांगों को लेकर सचिवालय कर्मचारियों का आज दोपहर बाद 1.30 जनरल हाउस होने जा रहा है, जिसमें सीएम सुक्खू की सरकार की ओर से कर्मचारी डीए की 4 फीसदी किश्त देने सहित एडवांस सैलरी और पेंशन सहित मेडिकल बिलों के बिलों के भुगतान करने के फैसले पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद करेंगे।इसके साथ ही कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगे भी सरकार के ध्यान में लाई जाएंगी। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं परिसंघ के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को 4 फीसदी डीए सहित मेडिकल बिलों के भुगतान और अगले महीने की सैलरी और पेंशन एडवांस में 28 अक्टूबर को डाले जाने के ऐलान को लेकर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने कहा "जहां तक जनरल हाउस की बात है तो ये पहले से ही प्रस्तावित है। हमने कहा था कि 15 अक्टूबर को जनरल हाउस करेंगे। इस बीच सरकार कुछ देती है तो हम धन्यवाद करेंगे, वरना आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। संजीव शर्मा का कहना है कि जनरल हाउस में कर्मचारियों को 2016 से 2022 के बीच का एरियर के भुगतान, साल में अनुबंध कर्मचारियों को दो बार नियमित करने और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने की मांग रखी जाएगी। उनका कहना है कि जनरल हाउस में प्रिविलेज मोशन को वापस लेने की भी मांग रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की आरटीओ यानी रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर सोना चंदेल ने पंजाब रोडवेज के अमृतसर डिपो-2 के जीएम को नोटिस जारी किया है। इतना ही नहीं संबंधित डिपो की पांवटा साहिब-अमृतसर रूट पर बिना परमिट के चलने वाली एक बस पर 10,000 रुपए का चालान भी किया गया है। आरटीओ की ओर से जीएम को जारी नोटिस में संबंधित बस के ड्राइवर-कंडक्टर को आरटीओ कार्यालय नाहन में तलब किया गया है। आरटीओ ने यह कार्रवाई नाहन निवासी एक यात्री के. टांक की शिकायत पर अमल में लाई है। दरअसल के. टांक ने 18 सितंबर 2024 को इस बाबत आरटीओ सिरमौर को ई-मेल के जरिए पांवटा साहिब-अमृतसर रूट पर पंजाब रोडवेज बस की शिकायत भेजी थी। अमृतसर डिपो-2 की यह बस पांवटा साहिब से शाम 6:25 पर चलती है, जो शाम करीब साढ़े 7 बजे नाहन से 3 किलोमीटर दूर दोसड़का पहुंचती है। टांक ने बताया कि वह प्रतिदिन पांवटा साहिब से नाहन तक सफर करते हैं। आरटीओ को शिकायत करने से कुछ दिन पहले वह इसी बस में पांवटा साहिब से नाहन आ रहे था। बस का रूट पांवटा साहिब-नाहन-अमृतसर था, जैसे ही बस दोसड़का पर पहुंची, तो नाहन आने वाली सवारियों को दोसड़का पर ही उतार दिया गया, जिसमें वह भी शामिल थे. जबकि टिकट की एवज में पैसे पूरे नाहन तक के लिए गए। टांक ने बताया कि इसको लेकर बस के ड्राइवर-कंडक्टर देरी का बहाना बनाकर नाहन न आकर दोसड़का से ही बस लेकर अपने निर्धारित गंतव्य की तरफ निकल गए। यही नहीं 100 रुपए पूरा किराया वसूलने के बाद जो टिकट उन्हें दिया गया, उस पर भी बस का रूट पांवटा साहिब-नाहन दर्शाया गया है। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत आरटीओ नाहन कार्यालय से की। शिकायत पर आरटीओ सिरमौर ने न केवल बिना परमिट पर संबंधित बस का 10,000 रुपए का चालान किया, बल्कि गत 7 अक्टूबर 2024 को पंजाब रोडवेज अमृतसर-2 के जीएम को भी कें. टांक की शिकायत के साथ एक नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया है कि इस शिकायत के अलावा टेलीफोन पर भी इस बारे में काफी शिकायतें मिल रही हैं। वहीं, अमृतसर डिपो की बसों के नाहन-दोसड़का से रूट बदलने की सूचनाएं भी बार-बार मिल रही हैं। इसके चलते यात्रियों खासकर बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं को सामान सहित दोसड़का में उतारा जा रहा है, जबकि उनसे नाहन तक का किराया पूरा वसूल किया जा रहा है। नोटिस में जीएम से कहा गया कि पंजाब रोडवेज बस के ड्राइवर-कंडक्टर को 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे आरटीओ कार्यालय नाहन में उपस्थित होने और इस लापरवाही के कारणों को बताने का निर्देश दें। साथ ही यह भी कहा गया कि संबंधित बसों को नाहन के जरिए अपने निर्धारित मार्ग पर बस चलाने के लिए भी निर्देशित करें। ऐसा न होने की सूरत में आरटीओ कार्यालय एमवी एक्ट 1998 के प्रावधानों और उसके तहत बनाए गए नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।
जयसिंहपुर/नरेंदर डोगरा: थाना लंबागांव के अंतर्गत आते प्राथमिक स्कूल भटवारा व आंगनबाड़ी केंद्र में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरी का पता सोमवार सुबह उस समय चला जब स्कूल में कार्यरत मल्टी टास्क वर्कर सपना स्कूल पहुंची। उसने देखा कि स्कूल के किचन सहित सभी कमरों के ताले टूटे पड़े हैं व दरवाजे खुले पड़े हैं। मल्टी टास्क वर्कर ने इस बात की सूचना मुख्याध्यापक किरण सूद को दी।सूचना मिलते ही मुख्याध्यापक किरण सूद भी स्कूल पहुंचे और कमरों की जांच करने पर पाया कि एक कमरे में लगी एलईडी, वायरलैस स्पीकर सहित रसोई घर में रखे गैस सिलैंडर, चूल्हा, 2 कुक्कर, दरियां व राशन आदि गायब हैं। उधर, स्कूल के साथ लगते आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर अंदर रखे कुक्कर, बर्तन व रिफाइंड तेल सहित दलिए के पैकेट भी चोर चुरा कर ले गए हैं। दोनों ही मामलों की सूचना लंबागांव पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची व मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है।
बिलासपुर/सुनील: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में राज्यस्तरीय अंडर 19 गर्ल्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के 50 किलोग्राम भार वर्ग में सोलन जिला की अंकिता प्रथम स्थान पर रही। 53 किलोग्राम भार वर्ग में हमीरपुर जिला की संजिग्धा प्रथम स्थान पर रही। 55 किलोग्राम भार वर्ग में सोलन जिला की कोमल और 57 किलोग्राम भार वर्ग में सोलन जिला की हर्षिता प्रथम स्थान पर रही। इसके अलावा 59 किलोग्राम भार वर्ग में सिरमौर जिला की दीक्षा प्रथम, 62 किलोग्राम भार वर्ग में हमीरपुर जिला की दीक्षा प्रथम, 65 किलोग्राम भार वर्ग में सोलन जिला की प्रेरणा प्रथम रही और 68 किलोग्राम भार वर्ग में सोलन जिला की काजल प्रथम, 72 किलोग्राम भार वर्ग में जिला बिलासपुर की कनिका प्रथम, 76 किलोग्राम भार वर्ग में चंबा जिला की नाजिया प्रथम स्थान पर रही। आपको बता दें कि ओवर ऑल ट्राफी सोलन जिला के नाम रही। रनर अप ट्राफी बिलासपुर जिला के नाम रही।
इंदौरा/ मनीष ठाकुर: मिनर्वा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन इंदौरा के प्रांगण में मंगलवार को बी.एड के नए सत्र संगम 2024 का आगाज हवन आहुतियों व मंत्र उच्चारण के साथ हुआ। कार्यक्रम में काॅलेज प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष जरनैल सिंह पटियाल और कवि नरेश कुमार निर्गुण ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। काॅलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत कुमार ने नए विधार्थियों को महाविद्यालय के अनुशासन प्रणाली से अवगत कराया और काॅलेज प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष जे.एस पटियाल और कवि नरेश कुमार निर्गुण और निदेशक ए.के.खजुरिया, फार्मेसी प्राचार्य डॉ कपिल कुमार वर्मा को सम्मानित किया और उन्होंने बी.एड नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। इस कार्यक्रम में बी.एड व अन्य कोर्सों के सभी अध्यापक वर्ग और अभिभावक वहां उपस्थित रहे ।
राजकीय महाविद्यालय देहरा में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए केंद्रीय छात्र परिषद संघ का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें नवनिर्वाचित छात्र परिषद संघ के प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। इस समारोह में प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रधान पद पर छवि राणा ,उपप्रधान पद पर हर्षिता बी. कॉम तृतीय वर्ष से, सचिव पद पर प्रियांशु बी.ए द्वितीय वर्ष से तथा उपसचिव पद पर शिखा प्रथम वर्ष से चुने गए। इसी के साथ कक्षा प्रतिनिधि पद पर पलक, नेहा, साक्षी, अंशुल व सेजल चुने गए। इसके इलावा विभिन्न क्लब के प्रतिनिधियों को भी शपथ ग्रहण करवाई गई। सांस्कृतिक पद पर पायल व मुस्कान, रेड रिबन क्लब पद पर वैशाली व अंकित, रोड सेफ्टी क्लब पद पर पलक व शुभम, रेंजर पद पर अमीषा व रोवर पद पर अंश धीमान, राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रतिनिधि के रूप में शिखा व अंशुल तथा स्पोर्ट्स के प्रतिनिधि के रूप में यश व श्रुति ने शपथ ली। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो मोनिका शर्मा, प्रो. निशा, डॉ. परवीन, प्रो शिवानी गुप्ता, श्रीमती ब्रिज वाला अशोक कुमार, मुनीश, रामदयाल ,जीवन, सुदर्शना, सावित्री व कश्मीर उपस्थित रहे।
पधर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उरला में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने उरला स्थित प्राकृतिक पेयजल स्त्रोतों की साफ सफाई कर जल सरंक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बावड़ियों की साफ सफाई के साथ यहां पानी की समुचित निकासी को लेकर ड्रेन का निर्माण भी किया। वहीं बावड़ियों के आस पास कंटीली झाड़ियों और अन्य खरपतवार की साफ सफाई की। प्रातःकालीन सत्र में एसएमसी प्रधान एवं कराटे प्रशिक्षक भूप सिंह धरवाल ने स्वयंसेवकों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। कार्यक्रम अधिकारी पंकज ठाकुर और बंता देवी ने बताया कि स्वयंसेवक शिविर के दौरान आयोजित की जा रही तमाम गतिविधियों का दिलचस्पी के साथ निर्वहन कर रहे हैं।
** गीत-संगीत से किया आपदा, भूकंप और आगजनी से बचाव बारे जागरूक पधर में नुक्कड़ नाटक और गीत संगीत के माध्यम से लोगों को प्राकृतिक आपदा के प्रति जागरूक किया गया। आपदा जोखिम न्यूनीकरण समर्थ 2024 अभियान के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर और ग्राम पंचायत पाली में आपदा जागरूकता कार्यक्रमों का अयोजन किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबंधित राधिका म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और गीत संगीत के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं में बचाव के प्रति जागरूक किया। जागरूकता कार्यक्रम में राधिका म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने सुरक्षित भवन निर्माण, प्राकृतिक आपदा, आगजनी की घटना आदि के बारे में लोगों को जानकारी प्रदान की । कलाकारों ने नुक्कड़-नाटक के माध्यम से बताया कि घर का निर्माण करने से पूर्व चयनित जमीन की जांच करवाना आवश्यक है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जिस जमीन पर वे घर बना रहे हैं वह भूकंप आदि की दृष्टि से सुरक्षित है या नहीं। कलाकारों ने बताया कि नदी नालों के नजदीक घर बनाने से बचना चाहिए ताकि भविष्य के ख़तरों से बचा जा सके। इसके अलावा, कलाकारों ने आग की घटना होने और भूकंप आदि आने की स्थिति में कैसे बचाव किया जाए इसकी भी जानकारी प्रदान की। राधिका म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों में नीलम शर्मा, नागेंद्र कुमार देव राज और उनकी पूरी टीम ने अपनी अपनी प्रस्तुति दी।
** इस कार्यक्रम में काफी लोग उपस्थित रहे चिंतपूर्णी/मनोज कुमार: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा चिंतपूर्णी में पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जोकि भरवाई स्थित शिव मंदिर से शुरू होकर चिंतपूर्णी के शंभू बैरियर पर संपन्न हुआ । कार्यक्रम में ध्वज प्रणाम और शस्त्र पूजन किया गया । संघ के जिला प्रचारक ने टीकम ने बताया कि संघ सनातन को एकजुट होने के लिए प्रेरित कर रहा है। ताकि समाज में अस्थिरता पैदा करने वालों को जबाव दिया जा सके। संघ इस वर्ष अपनी स्थापना शताब्दी भी मना रहा हैं, जिसमें पांच सूत्रीय कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिसमें सामाजिक समरसता,संयुक्त परिवार की संस्कृति, पर्यावरण, जल संरक्षण और सवदेशी जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। हिंदू समाज के हर घर में पहुंच कर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा । नारी शक्ति का समाज के उत्थान में सबसे बड़ा रोल है । नौ दिन दुर्गा पूजन के बाद शस्त्र पूजन का आयोजन किया जाता है। शास्त्रों के साथ-साथ शास्त्र पूजन भी आवशायक है ताकि किसी को दुर्बल समझ कर कोई अनुचित लाभ न उठा पाए । पथ संचलन कार्यक्रम के दौरान जगह-जगह लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया गया। क्षेत्र के लोगों में पथ संचलन कार्यक्रम को लेकर काफ़ी उत्साह देखा गया । स्थानीय लोगों वेद प्रकाश, केवल, शेष पाल, परवीन शर्मा, सुभाष शर्मा, कुलदीप कालिया ने बताया कि संघ जन सेवा करते हुए लोगों को सनातन संस्कृति की ओर प्रेरित कर रहा है। संघ के सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए हमे आदर्श समाज की स्थापना करनी चाहिए। इस अवसर पर संजीव राजन, राजेंद्र कालिया, सतीश, संदीप कालिया , जीवन प्रकाश, अजय कालिया, विकास, राजीव, संदीप शर्मा, पुनीत कालिया, मनोज कुमार इत्यादि लोग शामिल हुए।
पेंशनर एसोसिएसन कुनिहार की मासिक बैठक आज एसोसिएसन के प्रधान विनोद जोशी की अध्यक्षता में पेंशनर भवन कुनिहार में आयोजित की गई। बैठक में सर्व प्रथम 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने पर सरकार का आभार प्रकट किया तथा सरकार से अनुरोध किया गया कि लम्बित बकाया राशि के भुगतान के बारे जल्दी कोई निर्णय लिया जाए। पेंशनरों ने कहा कि 1जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2022 के बीच सेवा निवृत कर्मचारियों के वित्तीय लाभ संशोधित वेतनमान का अभी तक भुगतान नहीं हुआ है, जबकि 1जनवरी 2022 के बाद सेवा निवृत कर्मचारियों को सभी लाभ दिए जा चुके हैं, जो कि अन्याय व पक्षपात वाला निर्णय है। पेंशनरों ने मांग की हैं कि सेवा निवृत कर्मचारियों की ग्रेजुएटी की एवज में 15 वर्ष तक कटने वाली राशि को भी घटा कर दस वर्ष आठ माह के पश्चात पेंशन के साथ समायोजित करने के आदेश किए जाए, क्योंकि यह सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिया गया निर्णय है। पेंशनरों ने कहा कि 65,70 और 75 वर्ष के सेवा निवृत कर्मचारियों के 5,10 और 15 प्रतिशत के लाभ को भी पेंशन में समायोजित किया जाए। इसके अलावा जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक का महंगाई भत्ते का एरियर तो दे ही दिया जाए अब भी जो किश्त दी उसके एरियर के बारे में अलग आदेश के लिए कहा गया है। पेंशनरों ने मांग की हैं कि महंगाई भत्ते की किश्त का एरियर तो कम से कम साथ देना ही चाहिए। एसोसिएसन के प्रधान विनोद जोशी ने सभी पेंशनरों का बैठक में पहुंचने के लिए धन्यवाद किया। इस बैठक में विनोद जोशी के अलावा गोपाल सिंह, ज्ञान चंद, के एल तनवर, दिला राम पंवर, राम स्वरूप, विजय सिंह कंवर, डी एन परिहार, दीपराम ठाकुर आदि मौजूद रहे।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में रविवार से सात दिवसीय एन एस एस वार्षिक शिविर का शुभारम्भ किया गया I इस सात दिवसीय एन एस एस वार्षिक शिविर के समारोह में गोपाल शर्मा विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की I मंच का संचालन करते हुए मीरा कौशल ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल व मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा का स्वागत किया I मुख्य अतिथि ने विधिवत ध्वजारोहण करके सात दिवसीय एन एस एस वार्षिक शिविर का शुभारम्भ किया I एन एस एस प्रभारी पूनम शर्मा ने बताया की यह शिविर 13 अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक चलेगा, जिसमे 33 स्वयंसेवक भाग ले रहे है I उन्होंने बताया कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया, उसके उपरान्त स्वयंसेवकों द्वारा एन एस एस गान प्रस्तुत किया गया I एन एस एस प्रभारी पूनम शर्मा और पुर्शोतम लाल गुलेरिया ने मुख्यातिथि को एन एस एस कैप , बैच और समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया I साथ ही इस समारोह के विशिष्ट अतिथि पुर्शोतम लाल और सुषमा शर्मा को भी एन एस ऍस प्रभारी और अध्यापको द्वारा सम्मानित किया गया I मुख्य अतिथि गोपाल शर्मा ने अपने वक्तव्य में एन एस एस स्वयंसेवकों को एन एस एस के बारे में अवगत कराया गया तथा साथ ही स्वच्छ भारत अभियान तथा सामाज की सेवा करने व् आपसी भाईचारा बनाए रखने में स्वयंसेवकों को जानकारी प्रदान की, जिससे हम एक अच्छा समाज बना कर देश के निर्माण में अपना योगदान दे सकते है I विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि एन एस एस विशेष शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट आदि व्यक्तियो के रूप में एन एस एस के स्वयंसेवकों को अपना अपना ज्ञान साँझा करेंगे I एन एस एस स्वंयसेवक इस शिविर के दौरान गोद लिए गावं हाटकोट, हॉस्पिटल, पुलिस थाना, मंदिर तालाब, ठाकुर द्वारा और गौशाला आदि स्थानों में जाकर सफाई भी करेंगे I विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग ने भी एन एस एस वार्षिक शिविर के शुभारम्भ पर सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी I इस शिविर के शुभारम्भ पर एन एस एस स्वयंसेवकों द्वारा सांकृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए I मंच का संचालन करते हुए मीरा कौशल ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि व अन्य सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर अध्यापक ईशान भाटिया , सुमन कुमारी , मीरा कौशल ,अरुणा शर्मा, रजनी सूद , आरती भरद्वाज भी मौजूद रहे I
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने दिवाली से पहले जल शक्ति विभाग में 12 साल का सेवाकाल पूरा कर चुके कर्मचारियों को तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार ने 184 जल रक्षकों को अब पंप अटेंडेंट बनाया है। जल शक्ति विभाग ने अनुबंध अवधि पूरी किए जाने के बाद इन्हें पंप अटेंडेंट बनाने का फैसला लिया है। ऐसे में अब दो साल की अनुबंध अवधि पूरी करने के बाद ये सभी कर्मचारी विभाग में रेगुलर किए जाएंगे, जिससे इन्हें राज्य सरकार की ओर से तय वेतन और भत्तों का लाभ मिलेगा। इस तरह से इन कर्मचारियों की अब दिवाली रोशन होने वाली है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने जल रक्षकों के लिए 12 साल की अनुबंध अवधि तय की है, जिन्हें 5400 रुपए मासिक मानदेय दिया जाता है। प्रदेश भर में 184 कर्मचारियों ने 12 साल की तय अवधि को पूरा कर लिया है। इस लिए इन्हें पंप अटेंडेंट बनाया गया है। प्रदेश में इस समय छह हजार जल रक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन जल रक्षक को 60 फीसदी भुगतान जल शक्ति विभाग के माध्यम से मिल रहा है, वहीं 40 फीसदी भुगतान पंचायत करती हैं। हिमाचल प्रदेश में अब भी करीब 700 कर्मचारी ऐसे हैं, जो इस अवधि को पूरा कर रहे हैं और इसी साल दिसंबर तक इनका 12 साल का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। ऐसे में जल शक्ति विभाग को दिसंबर में इन कर्मचारियों को लेकर भी फैसला करना होगा। वहीं, जल रक्षक इस 60-40 के कोटे को खत्म कर खुद को पूरी तरह से जल शक्ति विभाग के अधीन किए जाने की मांग कर रहे हैं। जल रक्षक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रूप लाल ने 184 कर्मचारियों को नियमित करने के फैसले का स्वागत किया है। लेकिन अभी भी जल रक्षकों को 12 साल की अवधि पूरी होने के बाद ही नियमित किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंप अटेंडेंट बनने वाले सभी कर्मचारियों को बधाई दी है। डिप्टी सीएम ने कहा, "अब कठिन समय पूरा करने वाले सभी कर्मचारियों का भविष्य उज्जवल होगा। राज्य सरकार ने कर्मचारियों को नियमित करने के लिए दो साल की समयावधि तय की है। अब कर्मचारी दो साल के बाद नियमित हो जाएंगे।
जयसिंहपुर/नरेंदर डोगरा: उपमंडल जयसिंहपुर के जालग में रविवार को शहीद हवलदार मस्तराम मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि सेवानिवृत पुलिस अधीक्षक राजेंद्र भाटिया और सेवानिवृत्त तकनीकी उपनिदेशक मोहिंद्र सिंह उपस्थित रहे। इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लगभग 8 तीनों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुक़ाबला टीम दीनानगर और पठानकोट के बीच हुआ जिसमें दीनानगर की टीम ने तीन शून्य के साथ फाइनल मुक़ाबला जीता। विजेता टीम को 25 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी उपविजेता को 15 हजार रूपये ट्रॉफी मुख्य अतिथि ने देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत पुलिस अधीक्षक ने अपनी तरफ से 25 हजार समान निधि वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजकों को दी। गौरतलव है कि शहीद हवलदार मस्तराम भारतीय सेना में चार महा रेजिमेंट तैनात थे 22 फरवरी 1980 को जम्मू में बम ब्लास्ट में पुलिस जबानों के साथ शहीद हो गए थे। इस अवसर पर एएसआई पंचरुखी यसपाल, ओम प्रकाश धीमान, रिटायर्ड सिरमौर सिंह, रिटायर्ड इंस्पेक्टर रतन चंद, ओम प्रकाश, अरुण पटियाल, मिलाप, रंगीला राम, बाबू राम, रवि, अनुज भाटिया, राम सिंह, के साथ अन्य वरिष्ठ लोग भी उपस्थित रहे।
जिला शिमला में नशे के आदी युवाओं के जरिये चिट्टा तस्करी का नेटवर्क चलाया जा रहा है। इस साल पकड़े गए चिट्टा तस्करी के मामलों की जांच में यह खुलासा हुआ है। चिंता की बात यह है कि बाहरी राज्यों से बड़ी मात्रा में चिट्टे की तस्करी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही है। इसमें कई अंतरराज्यीय चिट्टा तस्कर भी सक्रिय हैं और शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी पैठ बना रहे हैं। इससे जिले के युवा नशे के दलदल में धंसते जा रहे हैं। जिले में इस साल अभी तक 102 अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें पंजाब राज्य के 50 सबसे ज्यादा तस्कर पकड़े गए हैं। इसके अलावा हरियाणा और दिल्ली समेत अन्य राज्यों से भी नशे की तस्करी जिले के लिए हो रही है। पुलिस की कार्रवाई में सामने आया है कि नशा तस्कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किराये के कमरे लेकर नशीला पद्धार्थ बेचने के कारोबार से जुड़े हैं। जिला शिमला के चलाैंठी में ही पुलिस ने कुछ समय पहल दो युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा था। पंजाब के रहने वाले दोनों युवक यहां किराये का कमरा लेकर चिट्टा तस्करी को अंजाम दे रहे थे। इसके अलावा जुलाई में पुलिस ने पंजाब और अमृतसर के रहने वाले चार युवकों को 169 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा था। चारों आरोपी पंजाब से नशे की खेप लेकर जिले में आए थे और इसे बेचने की फिराक में थे लेकिन पुलिस ने दबोच लिया। इसके अलावा संजौली में ही दिल्ली के आकाश माथुर नाम के शख्स को चिट्टा बेचते पकड़ा था। इसके अलावा रामपुर क्षेत्र में चिट्टा तस्करी करने वाले संजय भुरिया गिरोह और रोहड़ू में सालों से नशे की तस्करी कर रहे शाही महात्मा के गिरोह पर भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शाही महात्मा गिरोह के अभी तक 25 सदस्यों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जिला पुलिस नशा तस्करों पर कार्रवाई करने के लिए सोशल इंटेग्रिटी नेटवर्क पर काम कर रही है। इसमें शिमला शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं, स्कूल के विद्यार्थी, टैक्सी चालक, महिला मंडल की सदस्य और बुजुर्ग लोगों को शामिल किया है। यह सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हैं और नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को देते हैं। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। इस साल करीब 102 अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा जा चुका है। पंजाब से सबसे अधिक नशे की तस्करी हो रही है। इसको लेकर पुलिस पैनी नजर बनाए हुए है।
राजधानी शिमला के समीप जुन्गा में आयोजित तीन दिवसीय दशहरा पर्व के अवसर पर जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद लागों की पहली पसंद बनी। वन परिक्षेत्र कोटी, मशोबरा और तारादेवी के स्वयं सहायता समूहों ने यहां प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए, जिसमें पहाड़ी शहद, आचार और पाइन नीड्ल प्रोडक्ट्स उपलब्ध थे। दशहरा पर्व का लुत्फ उठाने पहुंचे ग्रामीणों ने स्वयं सहायता समूहों के प्राकृतिक उत्पाद खरीदने में खूब रुचि दिखाई। मेले के दूसरे दिन यानी रविवार को 25 हजार रुपये से अधिक की ब्रिकी हुई। वन परिक्षेत्र कोटी के अंतर्गत उमंग, सरस्वती और सशक्त महिला स्वयं सहायता समूह, वन परिक्षेत्र मशोबरा के अंतर्गत उमंग और कोरगन देवता स्वयं सहायता समूह और वन परिक्षेत्र तारादेवी के अंतर्गत राधे कृष्णा स्वयं सहायता समूह के उत्पाद मेले में आकर्षण को मुख्य केंद्र बना। मेले के दौरान रस्सा-कस्सी खेल का आयोजन भी किया गया। जिसमें उमंग स्वयं सहायता समूह और सरस्वती स्वयं सहायता समूह की मिक्स टीम ने बाजी मारी और 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला।
**स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने किया उद्घाटन पर्यटन स्थल काजा में जाइका वानिकी परियोजना का मल्टी पर्पज सेल आउटलैट खुल गया। वाइल्ड लाइफ स्पीति के तत्वावधान में लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने रविवार को उद्घाटन किया। उन्होंने आउटलैट में रखे उत्पादों का निरीक्षण भी किया। अनुराधा राणा ने कहा कि जाइका वानिकी परियोजना प्रदेश के ग्रामीणों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि वन पारिस्थिति तंत्र प्रबंधन के साथ-साथ यह परियोजना लोगों की आजीविका सुधार के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है। अनुराधा राणा ने परियोजना के इस कार्य के लिए जमकर सराहना की। गौरतलब है कि काजा जैसे पर्यटन क्षेत्र में देश-विदेश से सैलानी दस्तक देते हैं। ऐसे में इस आउटलैट में स्पीति के प्राकृतिक उत्पादों की बिक्र होगी। छरमा चाय, छरमा जूस, गर्म जुराबें, गलीचे, गर्म कंबल समेत कई अन्य उत्पादों की बिक्री होगी। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी वण्य प्राणी स्पीति मंदार उमेश जेवरे, सहायक अरण्यपाल चमन ठाकुर, विषय वस्तु विशेषज्ञ आशुतोष पाठक, एफटीयू कॉ-ऑर्डिनेटर मिनाक्षी बोद्ध, वन विभाग एवं परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एंव जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि मेलों एवं त्यौहारों की परम्परा हमें संस्कृति और इतिहास की गहन जानकारी प्रदान कर भविष्य को बेहतर बनाने में सहायता करती है। संजय अवस्थी गत रात्रि सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में दो दिवसीय दशहरा मेला की प्रथम सांस्कृतिक सन्ध्या को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति और हस्तशिल्प समय के साथ यथावत है और इनके संरक्षण में बेहतर भविष्य निहित है। उन्होंने कहा कि संस्कृति और परम्पराएं तथा हस्तशिल्प में समय के साथ बदलाव होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित बनाना होगा कि संस्कृति का मूल स्वरूप बना रहे। संस्कृति, परम्परा तथा हस्तशिल्प को संजोकर न केवल पर्यटन क्षेत्र को नए आयाम दिए जा सकते हैं बल्कि आर्थिक बेहतरी भी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक संरक्षण के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र के विस्तार और आर्थिकी की मज़बूती पर बल दे रही है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपनी समृद्ध विरासत को सहेज कर रखने में सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आग्रह भी किया। उन्होंने सभी को विजयदश्मी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम भारतीय चेतना के कारक हैं और उनके द्वारा स्थापित मार्ग का अनुसरण करना हम सभी का कर्त्वय है। उन्होंने दो दिवसीय बातल दश्हरा मेले की भी सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर बातल में मंच निर्माण कार्य के लिए 1.50 लाख रुपए, युवक मंडल बातल के भवन निर्माण कार्य के लिए 1 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की तथा भविष्य में आकलन अनुसार समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने महिला मंडल शिवरी के भवन निर्माण कार्य के लिए 1 लाख रुपए, पोखटू सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए 1 लाख रुपए व आयोजन समिति को 31000 रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा किया जाएगा। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि ग्राम पंचायत बातल के लिए मल निकासी योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई है तथा शीघ्र ही इसका कार्य आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में कचरा प्रबन्धन की आवश्यकता पर भी बल दिया।उन्होंने इस अवसर पर कबड्डी और वॉलीबाल के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। कबड्डी में धुन्धन की टीम विजेता और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की टीम उप विजेता रही। विजेता, उप विजेता टीम को क्रमशः 5100 रुपए और 3100 रुपए नगद पुरस्कार के साथ ट्राफी व वॉलीबाल की विजेता पट्टा बरौरी व उप विजेता कुठार की टीमों को 5100 रुपए तथा 3100 रुपए के नगद पुरस्कार के साथ ट्राफी प्रदान की गई। दो दिवसीय दशहरा मेला बातल की प्रथम सांस्कृतिक सन्ध्या में स्थानीय एवं अन्य कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी। खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षदगण, ग्राम पंचायत बातल की प्रधान उर्मिल शर्मा, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, ग्राम पंचायत बातल के उप प्रधान भरत शर्मा, मेला समिति के प्रधान रोहित शर्मा व अन्य जन तथा क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
केन्द्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय की योजना के अनुसार हिमाचल के कांगड़ा जिले में परागपुर का निकटवर्ती गांव मसोट"संस्कृत ग्राम" के रूप में विकसित किया जाएगा। इस क्रम में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में दो दिनों तक कार्यशाला में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।शनिवार-रविवार को आयोजित कार्यशाला में हिमाचल के विभिन्न जिलों से 62 कार्यकर्त्ताओं ने भाग लिया। स्वयंसेवी संगठन संस्कृतभारती के उत्तरक्षेत्रीय प्रशिक्षणप्रमुख संजीव कुमार ने कहा कि संस्कृतग्राम बनाने में संस्कृतभारती संगठन अपना पूर्ण योगदान प्रदान करेगा। रविवार प्रातः कार्यशाला के संयोजक डॉ. पुरुषोत्तम ने प्रसिद्ध संस्कृत प्रचारक प्रताप सिंह व संस्कृतभारती के डॉ. ओंकार को मसोट गांव का भ्रमण करवाया एवं ग्रामवासियों से मिलवाया। इस कार्य से ग्रामवासी काफी उत्साहित हैं कि हमारा मसोट गांव भारत के मानचित्र पर संस्कृत गांव के रूप में दिखेगा। कार्यशाला का आयोजन कुलपति प्रो. वरखेड़ी एवं परिसर निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला के दौरान समस्त कार्यक्रम का संचालन बी एड विभाग के शिक्षक डॉ. सत्यदेव ने किया।
** जयसिंहपुर में बनेगा नया बस अड्डा, जल शक्ति का विश्राम गृह बनाने की घोषणा **कला तथा संस्कृति के संरक्षण को उठाए जाएंगे कारगर कदम जयसिंहपुर/ नरेंदर डोगरा: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जयसिंहपुर में राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ रुपए पेयजल की विभिन्न परियोजनाओं पर खर्च कर रहे हैं । उन्होने कहा अभी पिछले दिनों पंचरुखी में पानी की योजना के लिए 36 करोड रुपए दिया है इसके इलावा सिंचाई की दो नई योजनाएं लगभग 8-8 करोड रुपए की भी स्वीकृत किया है ताकि किसानों को खेतीबाड़ी के लिए प्रचुर मात्रा में पानी उपलब्ध हो सके। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयसिंहपुर में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह भी निर्मित किया जाएगा इस के लिए भी विभागीय अधिकारियों को औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर में नया बस अड्डा का निर्माण किया जाएगा ताकि इस के लिए दो करोड़ की राशि व्यय की जाएगी तथा बस अड्डे निर्माण तीव्र गति से किया जाएगा ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयसिंहपुर से वोल्वो बस सेवा भी आरंभ की जाएगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में कला तथा संस्कृति के संवर्धन तथा संरक्षण के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं तथा हिमाचली कलाकारों को उत्सवों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर मंच उपलब्ध करवाया जाएगा इस के लिए साथ पुरातन कला को संरक्षित करने के लिए भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंदर गोमा, डॉ आस्था अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष महेश्वर चैहान, ट्रांसपोर्ट बीओडी के सदस्य धर्मवीर धामी व एसडीएम संजीव ठाकुर सहित विभिन्न लोग उपस्थित थे।
कुनिहार में दशहरा वाली रात्रि एक बाईक सड़क किनारे खड़ी इनोवा गाड़ी से टकरा गई, जिसमे बाईक चालक की मौत हो गई। प्राप्त सूचना अनुसार नवीन कुमार पुत्र रमेश चंद निवासी गाँव हाटकोट डा0 कुनिहार तह0 अर्की के ब्यान पर थाना कुनिहार में मामला दर्ज हुआ कि यह अपने कमरे में बैठा हुआ था तो रात इसे अपने घर के बाहर जोर से किसी गाड़ी के टकराने की आवाज सुनाई दी, जिस पर यह एकदम अपने घर से बाहर निकला तो इसने देखा कि इसके घर के सामने जय माँ मंगला हार्डवेयर के बाहर खड़ी गाड़ी INNOVA नम्बर HP 11C-0295 को एक मोटरसाईकल ने टक्कर मार दी तथा मोटरसाईकल वहीं सड़क के साथ पड़ी हुई थी तथा मोटरसाईकल सवार दो लड़के भी वहीं सड़क पर पड़े हुए थे, जिन्हें इस हादसे में काफी चोटे आई हुई थी, जिन्हें स्थानीय लोग ईलाज के लिए कुनिहार अस्पताल ले आए। इसके बाद में मोटरसाईकल चालक का नाम रविन्द्र कुमार गौतम पुत्र कृष्ण चंद गौतम निवासी गांव व डा0 बातल तह0 अर्की जिला सोलन व साथ बैठे व्यक्ति का नाम अनूप कुमार निवासी गोयला व मोटरसाईकल न0 HP11 B-3214 मालूम हुआ, जिस स्थान पर मोटरसाईकल चालक ने सड़क से बाहर जाकर उपरोक्त गाड़ी को टक्कर मारी है वहां पर सड़क काफी चौड़ी है । यह हादसा मोटरसाईकल नम्बर HP 11B-3214 के चालक द्वारा मोटरसाईकल को लापरवाही, तेज रफ्तारी व गलत दिशा में चलाने के कारण हुआ है। प्राप्त सूचना अनुसार रात को दोनो व्यक्ति को ईलाज के बाद घर भेज दिया गया था सुबह उसमें बाइक चालक रविंद्र कुमार गौतम पुत्र कृष्ण चंद्र गौतम निवासी गांव बातल डाकघर बातल तहसील अर्की जिला सोलन की मृत्यु हो गई । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अर्की अस्पताल में मृतक का पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की पुष्टि डी एस पी अशोक चौहान ने की है।
**पुलिस ने शुरू की मामले की जांच हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है। हादसे में एक गाड़ी सड़क से नीचे पलट गई, जिसमें गाड़ी सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि हादसा शिमला के चक्कर के पास बीती देर रात पेश आया है। दुर्घटना में यह गाड़ी कच्ची घाटी से लिंक रोड चक्कर कोर्ट पर गिरी, जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया है। स्थानीय लोगों को जैसे ही हादसे का पता चला, उन्होंने फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसपी शिमला ने बताया कि गाड़ी में तीन युवक सवार थे। मृतक युवकों की पहचान गाड़ी के ड्राइवर अजय और उसके साथी विशाल के रूप में हुई है, जबकि गाड़ी में सवार तीसरे युवक की पहचान कपिल के तौर पर हुई है। घायल युवक को भी हादसे में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे आईजीएमसी अस्पताल शिमला ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, एक युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया था, जबकि दूसरे युवक की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई।
**भगवान रघुनाथ की रथयात्रा में शामिल होंगे सैकड़ों देवी-देवता जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में आज से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ होगा। आज भगवान रघुनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सैकड़ों देवी-देवता भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला द्वारा अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी इस दौरान दशहरा उत्सव में शामिल होंगे।अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के लिए देवी-देवता ढालपुर मैदान पहुंच गए हैं. सभी देवी-देवता रघुनाथ मंदिर में जाकर भगवान रघुनाथ के भी दर्शन कर रहे हैं। आज दोपहर 2:00 बजे भगवान रघुनाथ पालकी में सवार होकर ढालपुर आएंगे और करीब 4:00 बजे भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में यहां पर प्रशासन के द्वारा सारी तैयारी कर ली गई है। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सिर्फ हिमाचल ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों एवं विदेशों से भी लोग शामिल होते हैं। ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से जगह-जगह पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। कुल्लू पुलिस द्वारा दशहरा उत्सव को विभिन्न सेक्टर में बांटा गया है। करीब 1400 पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था को देख रहे हैं। इसके अलावा ढालपुर मैदान में देवी-देवताओं के अस्थाई शिविर में सज गए हैं और मैदान में व्यापारी भी अपनी-अपनी दुकानें सजा रहे हैं। ऐसे में इस साल भी धूमधाम के साथ अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। 19 अक्टूबर को दशहरा उत्सव का समापन किया जाएगा और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा रोजाना 7 दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बिलासपुर/सुनील: बिलासपुर के कोलडैम के पास स्थित बाहौट- कसोल को जिला प्रशासन विलेज टूरिज्म के रूप में डेवलप कर रही है, जिसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें होमस्टे उपलब्ध करवाने के लिए लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। यह जानकारी पर्यटन अधिकारी मनोज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक के निर्देशों पर पंचायत घर हरनोडा और बाहौट- कसोल गांव में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के पश्चात अब तक छह लोगों ने होमस्टे के लिए अप्लाई किया है। उन्होंने कहा कि विलेज टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पहली प्राथमिकता उस क्षेत्र में पर्यटकों की ठहरने की सुविधा अवश्य होनी चाहिए, जिसके चलते इस क्षेत्र में होमस्टे की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जिसके पास अच्छी रहने की सुविधा हो एक से लेकर चार कमरों तक का घर हो वह व्यक्ति होमस्टे के लिए पर्यटन विभाग के पास अप्लाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त बिलासपुर के मार्गदर्शन में यह हिमाचल का पहला टूरिज्म विलेज डिपेल्प होगा। इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए कसरत शुरू हो गई है। बाहौट-कसोल गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित करने की योजना का खाका तैयार किया है और अगली कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। गन्ने और शक्कर के उत्पादन के लिए मशहूर लगभग एक हजार की आबादी वाला बाहौट-कसोल गांव कोलडैम के प्रभावित एरिया में शामिल है।
** रिलायंस जियो में जॉब करता था मृतक युवक, गांव में मातम मंडी-पठानकोट नेशनल हाइवे में बीते रोज गवाली के पास हुए सड़क हादसे में जख्मी युवक प्रमोद ने शनिवार को पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। इलाका दुंधा की ग्राम पंचायत बड़ीधार के खजरवाहल गांव का प्रमोद कुमार (28 वर्ष) रिलायंस जिओ कंपनी में जॉब करता था। बीते रोज प्रमोद की बाइक की कार से सीधी टक्कर हुई थी। घटना में युवक गंभीर जख्मी हो गया था। मेडिकल कॉलेज नेरचौक से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान युवक ने प्राण त्याग दिए। इस घटना से इलाका दुंधा में शोक की लहर है। प्रमोद के पिता दूनी चंद लोक निर्माण विभाग में बेलदार हैं, जबकि माता गृहणी हैं। भाई ललित कुल्लू में अपना निजी कार्य करता है। प्रमोद की अभी शादी नहीं हुई थी। यह खबर मिलते ही स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। युवक का शव शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है। पंचायत समिति सदस्य घनश्याम ठाकुर ने घटना पर शोक जताते हुए संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।


















































