हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने पंचायत चुनावों से जुड़े 30 मार्च 2026 के संशोधन नियमों पर रोक लगाने के बाद सरकार हरकत में आ गई है। आदेश CWPIL 32/2026 मामले में आया है। कोर्ट ने आरक्षण रोस्टर पुराने नियमों (पंचायती राज अधिनियम 1994) के अनुसार ही तैयार करने के आदेश दिए हैं। अब पंचायती राज विभाग ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को आज ही नया रोस्टर जारी करने के निर्देश दिए। डीसी को 5 प्रतिशत रोस्टर बदलाव का अधिकार देने वाली नोटिफिकेशन को वापस ले लिया है।
पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार की मासिक बैठक मंगलवार को अध्यक्ष विनोद जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर गहन चर्चा करते हुए सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की गई। बैठक में सदस्यों ने महंगाई भत्ते (डीए) की सभी बकाया किस्तों का तुरंत भुगतान करने की मांग उठाई। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कम्यूटेशन मामले को लेकर कहा गया कि वर्तमान में 15 वर्ष तक की कटौती अवधि को घटाकर 10 वर्ष 8 माह किया जाए, जैसा कि कई अन्य राज्यों में पहले ही लागू किया जा चुका है। एसोसिएशन ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स को क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ मूल पेंशन में जोड़ने की मांग भी रखी। इसके अलावा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिना किसी भेदभाव के वित्तीय लाभ देने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनर्स के मामलों में भेदभावपूर्ण नीति अपना रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंशनर्स के साथ “बंदरबांट” जैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए और सभी लंबित मामलों का समान रूप से समाधान किया जाए। बैठक में पेंशन से संबंधित जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को लेकर सरकार की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि बजट उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की खंड स्तरीय मूल्यांकन एवं समीक्षा बैठक विधायक मलेंद्र राजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास कार्यालय तथा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ स्कूलों व कॉलेज के प्रिंसिपल भी उपस्थित रहे, ताकि विद्यालय स्तर पर बच्चों एवं अभिभावकों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके। बैठक में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अंतरजातीय विवाह योजना, दिव्यांग छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के तहत दिए जा रहे लाभों पर चर्चा की गई। विधायक ने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को गृह निर्माण हेतु 1.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 51,000 रुपये तथा मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों को 31,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट एवं कोचिंग हेतु भी अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत अनाथ एवं निराश्रित बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा व देखभाल की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाई जाती है, जिसमें मासिक आर्थिक सहायता के साथ गृह निर्माण, शिक्षा व स्वरोजगार हेतु अनुदान भी दिया जाता है। वहीं मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना के अंतर्गत निराश्रित महिलाओं के बच्चों एवं अनाथ बच्चों को शिक्षा व पालन-पोषण के लिए मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के दौरान स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 40 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 1.50 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 से अक्टूबर 2025 तक 3,203 लाभार्थियों को मासिक पेंशन दी गई। अंतरजातीय विवाह योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 23 लाभार्थियों को 11 लाख पचास हजार प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जबकि दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत दो वर्षों में 105 लाभार्थियों को 8.75 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसी प्रकार मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत वर्ष 2023-24 में 24 लाभार्थियों को 31,000 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से सहायता प्रदान की गई, जबकि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अंतर्गत इस वित्त वर्ष में 6 लाभार्थियों को गृह निर्माण हेतु 3 लाख रुपये तक का अनुदान दिया गया। बेटी है अनमोल योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 42 लाभार्थियों को लगभग 8.73 लाख रुपये,छात्रवृत्ति योजना के तहत 440 लाभार्थियों को 4.65 लाख रुपये,शगुन योजना के तहत 3 वर्ष में 200 लाभार्थियों को 62 लाख ,कन्यादान योजना के तहत 107 लाभार्थियों को लगभग 55 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का ग्राम सभाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इनका लाभ उठा सकें और समाज के कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण हो सके।उन्होंने सभी प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को इन योजनाओं के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें और समाज के कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण हो सके। बैठक में एसडीएम डॉ सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी अनूप सिंह,सीडीपीओ सुनीत कुमार तथा सभी स्कूलों एवं कॉलेजों के प्रिंसिपल उपस्थित रहे।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में नए भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षा के क्षेत्र में लिए गए क्रांतिकारी निर्णयों के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या शून्य या अत्यंत कम थी, उन्हें यथावत चलाए रखना तर्कसंगत नहीं था, जबकि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक थी, वहां मूलभूत सुविधाओं और स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए गए है। विधायक ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के निर्णय को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इंदौरा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और विकास एक सतत प्रक्रिया है, जिसे गति देने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। इस दौरान उन्होंने शिक्षक भवन के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के चयन के लिए उपमंडलाधिकारी को आवश्यक निर्देश भी दिए, ताकि इसके लिए पर्याप्त बजट प्रावधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया, पूर्व प्रत्याशी मास्टर कमल किशोर, पोंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, पूर्व प्रधान लाला गुलशन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, पूर्व प्रधान जीवन सिंह, पूर्व उपप्रधान रंजीत पठानिया, सुरजीत कटोच, उमा कांत सूदेन, अनिल कटोच, नरेंद्र शर्मा, सूरज चौधरी, नीरज कुमार सहित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी किरण बाला, विधायक की धर्मपत्नी अंजू बाला, एस.डी.एम. सुरेंद्र ठाकुर, बी.डी.ओ. सुदर्शन सिंह, डी.एस.पी. संजीव यादव तथा एस.डी.ओ. शंकर दयाल सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
साई इंटरनेशनल स्कूल में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माधयम से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। स्वास्थ्य शिविर में सोलन के प्रसिद्ध चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान दी, जिनमें डॉ. तरुण भारद्वाज (दंत चिकित्सक), डॉ. विनोद सूरी एवं डॉ. सुखदा सूरी (होम्योपैथिक विशेषज्ञ), डॉ. विनय पटियाल (त्वचा विशेषज्ञ), डॉ. रविकांत सूद (जनरल फिजिशियन), डॉ. संजय ग्रोवर (नेत्र विशेषज्ञ) तथा डॉ. रवि वर्मा (एमडी पीडियाट्रिक्स, एपेक्स अस्पताल) शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा एवं प्रिंसिपल मीरा गुप्ता ने सभी डॉक्टरों को प्लांटर्स दे कर सम्मानित किया।
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर देहरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुकृत सागर द्वारा पार्टी से जुड़े वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं सहित उन्होंने भाजपा के वयोवृद्ध 96 वर्षीय कार्यकर्ता उत्तम तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता गिरधर विशिष्ट को उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. सुकृत सागर ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके पुराने और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उनका सम्मान भाजपा के संस्कारों में है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, जो अब आयु अधिक होने अथवा स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय नहीं हैं, उनका सम्मान किया जाएगा और उनके अनुभवों से सीख लेकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को स्थानीय वन विश्राम गृह में जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान 61 पात्र लोगों को 16 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विशेषकर स्वास्थ्य क्षेत्र में गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलने वाली यह सहायता लोगों के जीवन में संजीवनी का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति तथा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभ दिया जा रहा है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद इलाज के अभाव में पीड़ित न रहे। उन्होंने लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे इस सहयोग का सदुपयोग कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें। इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरेंद्र ठाकुर,पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा व विशाल ठाकुर,पूर्व उपप्रधान ठाकुर राणा प्रताप ,पूर्व प्रधान सूरजपुर चंदर देव,पूर्व प्रधान तारा चंद,ओबीसी सेल अध्यक्ष केवल कृष्ण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ऊना जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 की रात मुख्य आरक्षी बीरबल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जखेड़ा मोड़ के पास वाटर सप्लाई स्कीम क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान एक एक्सयूवी-500 गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर गाड़ी चला रहे अभिषेक पुत्र राकेश कुमार निवासी वार्ड नंबर-6 टक्का, तहसील व जिला ऊना को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा गाड़ी में सवार राहुल और महेश, दोनों निवासी कोटला खुर्द, तहसील व जिला ऊना को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 7 अप्रैल, 2026 को सोलन जिला के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री सुबह 11:00 बजे दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। इसके उपरांत वह सुबह 11:15 बजे टैगोर वनस्थली पब्लिक स्कूल, कुठाड़ में आयोजित ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी 2026-27’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
धर्मशाला विद्युत उपमंडल नंबर-2 के सहायक अभियंता रमेश चंद ने जानकारी दी है कि 7 अप्रैल को मरम्मत कार्य के चलते 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में पास्सु, ढगवार, मनेड़, अप्पर मनेड़ (दाड़ी क्षेत्र) तथा आसपास के इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक या कार्य पूर्ण होने तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि यदि मौसम खराब रहा तो यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। सहायक अभियंता ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
सदर पुलिस थाना ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भोटा के बैहण क्षेत्र में संचालित एक निजी होटल में देह व्यापार के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर पंजाब से संबंध रखने वाली तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है। इनमें एक महिला अमृतसर और दो महिलाएं तरनतारन की बताई जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा ने किया। उन्हें गुप्त सूत्रों से लंबे समय से होटल में अवैध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर कार्रवाई को अंजाम दिया। दबिश के दौरान होटल में मौजूद महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने रविवार रात को ही उनका मेडिकल परीक्षण करवाया और बाद में अदालत में पेश कर उनके बयान दर्ज किए। आगे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर हमीरपुर में रखा गया है, जहां उनकी सुरक्षा और काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है। रेस्क्यू की गई महिलाओं की उम्र 24, 29 और 30 वर्ष बताई गई है। पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में भी जुटी हुई है, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले ने एक सनसनीखेज सच उजागर कर दिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी रूबल चौहान की कहानी ने हर किसी को हैरान कर दिया है। रूबल चौहान हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र की टिक्कर तहसील के थाना गांव का रहने वाला है। एक समय वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और एक शिक्षित व सम्मानित परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके दादा दिल्ली के संसद भवन में कार्यरत रह चुके हैं, जबकि पिता सुरेंद्र चौहान दिल्ली में निजी व्यवसाय करते हैं। उसकी शुरुआती पढ़ाई कोटखाई क्षेत्र में हुई, जिसके बाद वह चंडीगढ़ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह नशे की गिरफ्त में आ गया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि रूबल हमले को अंजाम देने वाली गैंग के संपर्क में आया और उनके साथ “चिट्टा” का सेवन करने लगा, जिसने धीरे-धीरे उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया। इस मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें मुख्य आरोपी गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह भी शामिल हैं। यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि नशा कैसे एक होनहार युवा को अपराधी बना सकता है और उसके पूरे भविष्य को बर्बाद कर देता है।
कोटखाई थाना में 25.03.2026 को एक मामला दर्ज किया गया। यह मामला शिकायतकर्ता मोरियन की शिकायत पर पंजीकृत किया गया। शिकायत के अनुसार, बास्केटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुई कहासुनी के बाद शाम करीब 5 बजे कॉलेज के बाहर कुछ युवकों ने शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आई। पुलिस ने मामले में 6 आरोपितों से पूछताछ कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपितों में साहिल राठौर, अभय सिंह राणा, ऋतांश, शिवांश, शिवांश ठाकुर और विकास शामिल हैं। इस मामलें को अभियोग संख्या 33/2026 के तहत धारा 115(2), 191(2), 190 BNS के अंतर्गत दर्ज किया गया है। यह मामला शिकायतकर्ता मोरियन की शिकायत पर पंजीकृत किया गया। मामले में अन्वेषण जारी है।
भाजपा मंडल ग्रामीण हमीरपुर ने रविवार को ग्राम पंचायत चौकी कनकरी के रिहाला मैदान में पूर्व सैनिक एवं महिला मंडल सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विधायक सदर आशीष शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल ग्रामीण के अध्यक्ष जसवीर सिंह ने की और कर्नल मोतीराम भारद्वाज बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक आशीष शर्मा ने ग्राम पंचायत चौकी कनकरी, ताल, डिडवीं टिक्कर और साहनवीं के 326 पूर्व सैनिकों एवं सैन्य परिवारों तथा 38 महिला मंडलों को सम्मानित किया। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक आशीष शर्मा का स्थानीय ग्रामीणों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आप सभी की उपस्थिति से कार्यक्रम में चार चांद लग गए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों को सम्मान देना और उनसे लगातार संपर्क बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, वह हमेशा सैनिक ही रहता है। सेवानिवृत्ति के बाद भी सैनिक समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य करते रहते हैं। उन्होंने भारी संख्या में पहुंची मातृशक्ति का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने के बहाने ठगा, लेकिन हमीरपुर की जनता सरकार के बहकावे में नहीं आई और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। सरकार ने बिजली मुफ्त देने का वादा किया, लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधानसभा में हमीरपुर की जनता की आवाज उठाई, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। वह पिछले छह वर्षों से लगातार जनता की सेवा में लगे हैं और यह विधानसभा क्षेत्र उनका परिवार है, जिसके हर सुख-दुख में वह साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज युवा बेरोजगार हैं और विकास कार्य ठप पड़े हैं। कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जा रही है। पूर्व कर्मचारियों को डीए और एरियर नहीं मिल रहा है। लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने गरीब जनता के साथ धोखा किया है। मित्रों पर सरकार मेहरबान है, जबकि जनता के लिए खजाना खाली है। उन्होंने बताया कि चारों पंचायतों में विधायक निधि एवं अपने प्रयासों से करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। ताल पंचायत में 29.20 लाख रुपये, 12 सोलर लाइट्स और 9 बेंच, चौकी कनकरी में 15.38 लाख रुपये, 8 बेंच और 7 सोलर लाइट्स, साहनवीं पंचायत में पुल के लिए 23 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जो जल्द ही बनकर तैयार होगा। इसके अलावा इस पंचायत में 30 लाख रुपये, 24 सोलर लाइट्स और 22 बेंच दिए गए हैं। टिक्कर पंचायत में 18 लाख रुपये विधायक निधि से जारी कर विकास कार्य करवाए गए हैं। आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे और इस विधानसभा क्षेत्र को आदर्श बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही नौ पंचायतों की पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा, जिसके लिए प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने चारों पंचायतों के लिए 40 और सोलर लाइट्स स्वीकृत कीं। कार्यक्रम में भगेटु पंचायत के पूर्व प्रधान अजय चंदेल ने सभी महिला मंडलों को 22 लीटर के प्रेशर कुकर भेंट किए और सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री अश्वनी शर्मा, प्रमोद पटियाल, कमलेश परमार, राजकुमारी ठाकुर, कैप्टन तिलक, सेना मेडल विजेता कैप्टन क्लेशर चंद, राष्ट्रपति मेडल विजेता सुभाष मिश्रा सहित विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, ग्राम केंद्र अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
परागपुर क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। भाजपा परागपुर मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा ने हिमाचल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार चुनाव से डरी हुई है और पिछले छह महीनों से पंचायत चुनावों को “फुटबॉल का खेल” बनाकर रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने एक नया “ड्रामा” रचते हुए डीसी को रोस्टर में 5% सीटें आरक्षित करने की सहमति दी है। विनोद शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार चाहे तो 5% नहीं, 100% सीटें भी अपनी मर्जी से रिजर्व करवा ले, लेकिन जनता ने मन बना लिया है कि वह भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को ही विजयी बनाएगी। विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को विभिन्न वादों के नाम पर ठगा गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले 1500 रुपये देने, गोबर खरीद योजना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को बसों में 50% छूट, पहली कैबिनेट में 5 लाख नौकरियां देने और कर्मचारियों को डीए जारी करने जैसे वादे किए गए, लेकिन इनमें से अधिकांश धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन, रोजगार और स्थायी नौकरी के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगार युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जबकि बुजुर्ग पेंशन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। विनोद शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों से प्रदेशवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और अब जनता जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। पंचायत चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा और कांग्रेस को करारा झटका लगेगा।
रविवार 5 अप्रैल को पशुपालन परिचालक संघ इकाई जिला कांगड़ा का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव की अध्यक्षता अशोक कुमार (राज्यकारिणी वरिष्ठ उपप्रधान, हिमाचल प्रदेश), लेखराज (उपप्रधान, एनजीओ ब्लॉक नादौन) और सुनील कुमार (प्रधान, जिला राज्यकारिणी हमीरपुर) ने की। इस दौरान प्रधान पद के लिए विनोद कुमार, महासचिव पद के लिए सुभाष, वरिष्ठ उपप्रधान पद के लिए अशोक कुमार (वीएच दाड़ी), मुख्य सलाहकार पद के लिए अशोक कुमार (वीडी ढाणी), उपप्रधान पद के लिए अक्षय कुमार (एनडी बखाला) तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रवीण कुमार को मनोनीत किया गया। साथ ही कार्यकारिणी के विस्तार के लिए पूर्ण अधिकार जिला प्रधान कांगड़ा को दिए गए।
जिला ऊना के हरोली उपमंडल के तहत नंगल कलां में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक युवक को 10.36 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। अब पुलिस रिमांड के जरिए नशे के बड़े सौदागरों तक पहुंचने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात एएनटीएफ कांगड़ा के जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम इलाके में गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर नंगल कलां में दबिश दी गई। यहां स्थानीय निवासी गौरव कुमार, पुत्र चनण सिंह, की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.36 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गहनता से जांच कर रही है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। रिमांड के दौरान इलाके के कई बड़े नशा तस्करों के बेनकाब होने की संभावना जताई जा रही है।
ऊना जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऊना मुख्यालय के नजदीकी गांव रामपुर में एक व्यक्ति को 81.38 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार निवासी रामपुर बेला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को इलाके में नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संतोषगढ़ रोड पर रामपुर बेला के पास नाकेबंदी की। इस दौरान संतोषगढ़ से ऊना की ओर आ रहे एक स्कूटी सवार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर स्कूटी चालक घबरा गया और स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लिफाफे में रखी 81.38 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह चरस कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, शिमला में न्यूक्लियर मेडिसिन ब्लॉक का उद्घाटन किया। इसी के साथ अब राज्य में सरकारी क्षेत्र में पहली बार पॉज़िट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी (पैट) स्कैन की सुविधा उपलब्ध हो गई है। पैट स्कैन सुविधा रोगों का प्रारंभिक स्तर पर, मेटाबॉलिक और मॉलिक्यूलर स्तर पर पता लगाने में सक्षम है। पारंपरिक इमेजिंग तकनीकों जैसे सीटी और एमआरआई की तुलना में, जो बाद के चरणों में संरचनात्मक बदलाव दिखाती हैं, पैट तकनीक बहुत पहले ही शारीरिक परिवर्तनों का पता लगा लेती है। यह सुविधा कैंसर के स्टेज निर्धारण और पुनः मूल्यांकन, उपचार के प्रभाव का आकलन, बीमारी की पुनरावृत्ति का पता लगाने और रोग के पूर्वानुमान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह तकनीक मस्तिष्क ट्यूमर, सिर और गर्दन के कैंसर, थायरॉयड कारसिनोमा, लंग्स कारसिनोमा, प्लूरल मैलिगनेंसिज़, थाइमिक ट्यूमर, इसोफेगोगेसट्रिक कारसिनोमा, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्ट्रोमल ट्यूमर, ब्रेस्ट कारसिनोमा, कोलोरेक्टल कारसिनोमा तथा यूरोलॉजिकल एवं टेस्टिकूलर मैलिगनेंसिज़ के निदान और प्रबंधन में व्यापक रूप से उपयोग की जाती है। नई तकनीकों और ट्रेसर के विकास के साथ, ऑन्कोलॉजी में इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऑन्कोलॉजी के अलावा, पैट स्कैन का उपयोग अब हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, संक्रमण और सूजन संबंधी रोगों के आकलन में भी किया जा रहा है, विशेषकर उन मामलों में जहां पारंपरिक इमेजिंग से स्पष्ट निष्कर्ष नहीं मिल पाता। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हाल ही में इस प्रमुख संस्थान में 3 टेस्ला एमआरआई मशीन का भी शुभारम्भ किया गया है। आने वाले समय में प्रदेश सरकार राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में तकनीकी उन्नयन के लिए 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी ताकि लोगों को उनके घर के पास ही सुलभ और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने आईजीएमसी शिमला में स्पैक्ट-सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए 8 करोड़ रुपये की भी घोषणा की। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा व संजय अवस्थी, स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बिलासपुर जिला के कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित गरामोड़ा टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों पर एक वाहन चालक के साथ मारपीट और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, टोल टैक्स को लेकर चालक और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों ने कथित रूप से चालक पर डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि चालक के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मारपीट के दौरान चालक की गाड़ी से नकदी भी निकाल ली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने टोल कर्मचारियों के इस व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायल चालक को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने कहा कि मामला गंभीर है और इसकी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने आज राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह समारोह जिला किन्नौर के रिकांग पिओ पुलिस मैदान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समयबद्ध और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जिलों के उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और मुख्य सचिव को अपने-अपने जिलों में की जा रही तैयारियों के बारे में अवगत करवाया। मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और आपातकालीन सेवाओं की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठने की उचित व्यवस्था, मंच प्रबंधन और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्य सचिव ने आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खराब मौसम जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से ही की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
जिला शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। जिला पुलिस ने आईएसबीटी टूटीकंडी में हरियाणा के आरोपी से 288 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। जिसकी कीमत 10 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी की पहचान शमशाद अहमद (उम्र 42 वर्ष), निवासी जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई। पुलिस ने बालूगंज थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम, मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु आईएसबीटी शिमला क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इस दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) लेकर आईएसबीटी के प्रथम तल पर घूम रहा है और यहां के स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए हुलिये के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उससे पूछताछ की। गवाहों की उपस्थिति में उसके कैरी बैग की तलाशी लेने पर 288 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलु की जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन के अनुसार आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते 3 अप्रैल, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक जराश, सूर्य किरण, बेर की सेर तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। राहुल वर्मा ने कहा कि खराब मौसम या किसी अपरिहार्य कारण के चलते निर्धारित समय और तिथि में बदलाव संभव है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।
हैवेल्स इंडिया लिमिटेड, नोएडा द्वारा अपरेंटिस के 250 पद भरे जाएंगे। यह जानकारी क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए ये पद क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, धर्मशाला (जिला कांगड़ा) के माध्यम से अधिसूचित किए हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मैकेनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल) या डिप्लोमा निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 13,500 से 15,000 रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा। अक्षय कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) लेकर निर्धारित तिथियों पर साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं। साक्षात्कार 6 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय देहरा, 7 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 8 अप्रैल को जिला रोजगार कार्यालय नगरोटा बगवां, 9 अप्रैल को क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय धर्मशाला तथा 10 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय नूरपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य देय नहीं दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद करते हुए शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों और सरकारी संस्थानों में गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्र जीवन और विश्वविद्यालय के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि 17 वर्ष की आयु में कक्षा प्रतिनिधि के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई थी। इसके बाद उन्होंने एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। आगे चलकर वे नगर निगम शिमला के पार्षद और फिर नादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। उन्होंने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री पद तक पहुंच सकता है, जिसका उदाहरण उनकी अपनी जीवन यात्रा है। उन्होंने छात्रों को राजनीति में सक्रिय भागीदारी और जनसेवा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, हरीश जनारथा, विवेक शर्मा और प्रो. शशिकांत शर्मा भी मौजूद रहे।
कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के फैसले के खिलाफ क्षेत्र में विरोध तेज होता जा रहा है। कुनिहार विकास सभा, महिला मंडल कोठी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सरकार के इस निर्णय पर कड़ा ऐतराज जताते हुए हाटकोट, कोठी और कुनिहार पंचायतों को नगर पंचायत घोषित करने के नोटिफिकेशन को तुरंत डिनोटिफाई करने की मांग उठाई है। कुनिहार विकास सभा के प्रधान धनीराम तंवर के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों भागमल तंवर, ज्ञान ठाकुर, दीप राम ठाकुर, बाबूराम तंवर, नागेंद्र ठाकुर, संतराम, देवी राम मेहता, ज्ञान गर्ग, सनी राघव, ओम प्रकाश ठाकुर, सोहनलाल, राजेंद्र गर्ग, जगदीश ठाकुर, रामचंद, बलवीर चौधरी और धर्म सिंह सहित महिला मंडल कोठी व अन्य संस्थाओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि सरकार ने बिना स्थानीय लोगों की सहमति के यह निर्णय लिया, जो जनभावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार सरकार और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि कुनिहार अभी भी पूर्णतः ग्रामीण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोग खेती-बाड़ी और पशुपालन पर निर्भर हैं। नगर पंचायत बनने से न केवल उनकी पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि उन पर टैक्स और अन्य नियमों का अतिरिक्त बोझ भी पड़ सकता है। विकास सभा ने तर्क दिया कि कांगड़ा जोन में कई नगर पंचायतों को जनता के विरोध के बाद डिनोटिफाई किया जा चुका है। वहीं, कंडाघाट को भी 23 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा लोगों की मांग को स्वीकार करते हुए डिनोटिफाई किया गया। ऐसे में कुनिहार के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है, यह सवाल भी उठने लगे हैं। संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि सरकार को राजनीतिक द्वेष से ऊपर उठकर निर्णय लेने चाहिए। जनता के हितों की अनदेखी करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। उन्होंने चेताया कि यदि सरकार ने समय रहते इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत व्यवस्था में ही उनकी भागीदारी और अधिकार सुरक्षित हैं, जबकि नगर पंचायत बनने से उनकी पारंपरिक संरचना कमजोर हो सकती है। इसलिए वे किसी भी कीमत पर इस फैसले को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं हैं। अंत में कुनिहार विकास सभा और सभी संगठनों ने एक स्वर में सरकार से मांग की है कि कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के नोटिफिकेशन को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए और क्षेत्र को पहले की तरह पंचायत व्यवस्था में ही रखा जाए, ताकि लोगों का सरकार पर विश्वास बना रहे।
सोलन जिला राइफल एसोसिएशन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक कंडाघाट के कैथलीघाट, महालक्ष्मी फर्नीचर के समीप 11वीं जिला स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में होगी। जिला राइफल एसोसिएशन के महासचिव विजय ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में .22 राइफल (50 मीटर), .22 पिस्टल (50 व 25 मीटर), .32 सेंटर फायर पिस्टल (25 मीटर) और ट्रैप शूटिंग (12 बोर) की प्रतियोगिताएं होंगी। 10 मीटर एयर पिस्टल व राइफल प्रतियोगिताएं भी इसी अवधि में श्री बालाजी गनफायर शूटिंग अकादमी, छावनी रेस्टोरेंट के नजदीक, बायपास रोड़ सोलन में आयोजित की जाएंगी। ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता हेतु आर्म्स और एम्युनिशन प्रतिभागी शूटर्स को एसोसिएशन द्वारा मौके पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य किया गया है।
जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में काफी समय से एक महिला नशे की छोटी-छोटी मात्रा की तस्करी में संलिप्त थी, जो मुकदमा जमानती होने का फायदा उठाकर लगातार इस गतिविधि में लगी हुई थी। आरोपी महिला के खिलाफ अभियोग संख्या 19/2023, थाना रोहड़ू, जिला शिमला में धारा 20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत 31.27 ग्राम चरस की बरामदगी के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी महिला की पहचान सावरनु, निवासी समाला, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई थी। उक्त प्रकरण में आरोपी को विधि अनुसार धारा 41A दंड प्रक्रिया संहिता के तहत नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा नोटिस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्तता जारी रखी गई तथा उसके विरुद्ध एक अन्य मामला अभियोग संख्या 151/2025, धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया। उपरोक्त परिस्थितियों के दृष्टिगत पुलिस थाना रोहड़ू द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 41A दंड प्रक्रिया संहिता के तहत जारी नोटिस को निरस्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसे माननीय न्यायालय द्वारा स्वीकार करते हुए नोटिस निरस्त कर दिया गया। इसके उपरांत आरोपी को अभियोग में गिरफ्तार कर लिया गया।
मानव जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला शिमला पुलिस ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता एवं साहस का परिचय देते हुए एक महिला को सतलुज नदी में डूबने से बचाकर नया जीवन प्रदान किया है। दिनांक 31.03.2026 मंगलवार को लगभग 12:59 बजे थाना रामपुर को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला बजीर बावड़ी पुल से सतलुज नदी में छलांग लगाने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीम सहित तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम के पहुंचने के साथ ही उक्त महिला ने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मियों द्वारा बिना समय गंवाए बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। पुलिस टीम के एक पुलिस कर्मी सतपाल, आरक्षी, ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्वयं सतलुज नदी में छलांग लगाई और महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि अन्य कर्मियों द्वारा भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। उक्त महिला की पहचान अशोक कुमारी (उम्र 44 वर्ष), निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। महिला को तत्काल खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है तथा उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। यह घटना पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त उदाहरण है।
शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार शाम को बालूगंज थाना क्षेत्र के टुटू इलाके में कुल्लू जिले के दो युवकों से 1.055 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक अपनी गाड़ी में चरस की डिलीवरी देने शिमला आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उनकी गाड़ी की जांच की। तलाशी के दौरान उनके पास से एक कैरी बैग मिला, जिसमें अलग-अलग छोटे पैकेटों में कुल 1 किलो 55 ग्राम चरस रखी हुई थी। आरोपियों की पहचान कमलेश कुमार (35 वर्ष), निवासी मशाडा, कुल्लू, इन्द्रजीत (28 वर्ष), निवासी मशाडा, कुल्लू के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बालूगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस चरस के स्रोत और आगे के तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
क्षेत्र के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान द एसवीएन स्कूल में अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं इनोवेशन लैब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय के चेयरमैन टी.सी. गर्ग और सीनियर डायरेक्टर लुपिन गर्ग ने लैब की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से यह आधुनिक सुविधा साकार हो पाई, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, एसवीएन स्कूल क्षेत्र का पहला ऐसा संस्थान बन गया है, जहां विद्यार्थियों को रोबोटिक्स जैसी उन्नत तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस लैब के माध्यम से छात्र-छात्राएं कोडिंग, रोबोट निर्माण और विभिन्न नवाचार गतिविधियों में भाग लेकर अपने कौशल को निखार सकेंगे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी युग का है और रोबोटिक्स भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से ही तकनीकी शिक्षा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। रोबोटिक्स लैब विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक सोच और समस्या समाधान क्षमता को विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी। साथ ही, यह लैब उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे विद्यालय का भ्रमण कर यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं व विशेष कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करें और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भागीदार बनें। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एसवीएन स्कूल निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, इस मौके पर विद्यालय स्टाफ सहित अभिभावक उपस्थित रहे।
भाजपा नेता एवं विधायक डॉ. जनक राज ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के सेब बागवानों को डराने और गुमराह करने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह झूठ पर आधारित राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर कांग्रेस जिस प्रकार की बयानबाजी कर रही है, उसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। डॉ. जनक राज ने कहा कि भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा सेब आयातक है और 2024-25 में लगभग 5.57 लाख मीट्रिक टन सेब का आयात हुआ, जो घरेलू उत्पादन का करीब 21.9% है । इसके बावजूद केंद्र सरकार ने ऐसी नीतियां बनाई हैं जिससे हिमाचल के सेब उत्पादकों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरोपियन यूनियन (EU) के साथ हुए समझौते में सेब आयात के लिए सीमित कोटा (TRQ) रखा गया है, जो मौजूदा आयात से भी कम है और इसे 10 वर्षों में धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा। साथ ही न्यूनतम आयात मूल्य (MIP) ₹80 प्रति किलो निर्धारित किया गया है, जिससे सस्ते विदेशी सेब भारतीय बाजार में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। डॉ. जनक राज ने आगे कहा कि विदेशी सेब की वास्तविक कीमत केवल आयात मूल्य तक सीमित नहीं होती। जब इसमें ढुलाई (transportation), कोल्ड स्टोरेज और अन्य लॉजिस्टिक लागतें जुड़ती हैं, तो यह फल मंडियों तक पहुंचते-पहुंचते ₹120 से ₹150 प्रति किलो तक पहुंच जाता है, जो कि हिमाचल प्रदेश के स्थानीय सेब से कहीं अधिक महंगा है। ऐसे में यह साफ है कि विदेशी सेब भारतीय बाजार में सस्ते विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि प्रीमियम श्रेणी में ही उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि न्यूज़ीलैंड और अमेरिका के साथ भी जो व्यवस्थाएं बनाई गई हैं, उनमें केवल प्रीमियम सेगमेंट के महंगे सेब ही आयात होंगे, जिससे घरेलू सेब उत्पादकों की कीमतों पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, बल्कि यह आयात घरेलू बाजार को संतुलित रखने में मदद करेगा। डॉ. जनक राज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस के पास न तो तथ्यों की समझ है और न ही किसानों के प्रति कोई संवेदनशीलता। केवल राजनीतिक लाभ के लिए झूठ फैलाना उनकी पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेब बागवानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और उत्पादन बढ़ाने, तकनीक सुधारने तथा किसानों की आय सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। अंत में उन्होंने कहा कि हिमाचल का बागवान अब जागरूक है और कांग्रेस के झूठ को पहचान चुका है। भाजपा सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
कुल्लू में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बदाह क्षेत्र में एक रिहायशी मकान में दबिश देकर हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस टीम ने बदाह में एक मकान के प्रथम तल पर रह रहे किरायेदार संदीप वासुदेव (40 वर्ष), पुत्र श्री गुलशन वासुदेव, के कमरे में छापा मारा। तलाशी के दौरान कमरे से 7.12 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कुल्लू में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और उससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मामले में विस्तृत जांच जारी है।
जिला कांगड़ा में बीती रात पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि एसपी अशोक रत्न ने की है। सूचना के अनुसार आरोपी सन्नी कुमार बीते सोमवार को अपनी पत्नी काल्टी देवी को लेकर किसी तांत्रिक के पास लेकर गया था। बीती शाम को वह दोनों काल्टी देवी के भाई के घर लौटे। पुलिस के मुताबिक सुबह के करीब 3.30 बजे काल्टी देवी अपने तीन बच्चों के साथ सो रही थी। इस दौरान सन्नी ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का गलाकार काट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान काल्टी देवी का भाई दूसरे कमरे में सोया हुआ था। जैसे ही उसे भनक लगी तो उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सन्नी कांगड़ा के लंबागांव का रहने वाला है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। सन्नी और काल्टी देवी के दो छोटे बेटे और एक बेटी हैं। फॉरेंसिक टीम पर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है। एसपी अशोक रत्न ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि घरेलू विवाद के कारण आरोपी में पत्नि का मर्डर किया है। उन्होंने बताया कि मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
जिला शिमला के झाकड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राई खड्ड में मिले संदिग्ध शव के मामले को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। शुरुआती तौर पर हादसा या संदिग्ध मौत माने जा रहे इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक की हत्या उसके सगे छोटे भाई ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 30 मार्च 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि राई खड्ड स्थित श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अनिल कुमार, निवासी गांव सराहन (रामपुर, शिमला) के रूप में हुई। शुरुआती जांच के दौरान मृतक के चेहरे और शरीर पर गहरे चोट के निशान और खून के धब्बे पाए गए, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (SFSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के छोटे भाई 34 वर्षीय विक्रम की गतिविधियों पर संदेह हुआ। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर जब उसे हिरासत में लिया गया, तो उसने जल्द ही सच कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात दोनों भाई साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। नशे और गुस्से में आकर विक्रम ने अपने बड़े भाई अनिल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराहन में करवाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या को अंजाम देने के तरीके का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कांगड़ा पुलिस ने शाहपुर के एक युवक की गाड़ी से 149 पेटी अवैध शराब बरामद की है और गाड़ी को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई सोमवार देर रात पुराना कांगड़ा में की गई। डीएसपी अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हनुमान मंदिर के पास, पुराना कांगड़ा में एक पिकअप गाड़ी (नंबर HP90A 1656) से कुल 149 पेटी अवैध देसी शराब मार्का वी आर वी संतरा बरामद हुई। गाड़ी चालक की पहचान सृजन शर्मा पुत्र सुनील कुमार शर्मा, निवासी गांव क्यारी, डाकघर व तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। सृजन शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना में अभियोग संख्या 53/26, धारा 39(1)A के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद की गई 149 पेटी शराब (कुल 1341000 मिलीलीटर) और पिकअप गाड़ी (HP90A 1656) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी अंकित शर्मा ने यह भी कहा कि क्षेत्र में नशा माफिया को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के माध्यम से भरे जा रहे जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (ट्रेनी) के पदों की संख्या में 117 की बढ़ोतरी की गई है। अब आयोग जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (ट्रेनी) के कुल 351 पदों पर भर्ती करेगा। इसी प्रकार रेडियोग्राफर की भर्ती में भी 18 पद और जोड़े गए हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस वर्ष 21 जनवरी को जारी आयोग के विज्ञापन में पोस्ट कोड-26001 के तहत जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (ट्रेनी) के 234 पद विज्ञापित किए गए थे। लेकिन, अब भर्ती निदेशालय से 117 और पदों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसलिए, अब इन पदों की संख्या बढ़कर 351 हो गई है। डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस वर्ष 28 फरवरी को जारी आयोग के विज्ञापन में पोस्ट कोड-26009 के तहत रेडियोग्राफर के 10 पद विज्ञापित किए गए थे। लेकिन, अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय से 18 और पदों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसलिए, अब इन पदों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। सचिव ने बताया कि इन दोनों पोस्ट कोड की भर्ती प्रक्रिया के अन्य नियम और शर्तें यथावत रहेंगी।
डाडासीबा क्षेत्र में 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में डॉ. भीमराव अंबेडकर सोशल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष रजिंदर सिंह (गोगा) ने की। बैठक के दौरान जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अंबेडकर जयंती को विशेष रूप से भव्य और आकर्षक तरीके से मनाया जाएगा, ताकि समाज में जागरूकता और एकता का संदेश दिया जा सके। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं सेवानिवृत्त हेडमास्टर गुरदास राम, पूर्व प्रधान धर्मचंद, सेवानिवृत्त मास्टर गुरवतन सिंह, मास्टर यशवंत, सचिव नवजीत भाटिया, प्रिंसिपल सुदर्शन, पीटीआई रविंदर, डॉक्टर रामकृष्ण, जसविंदर सिंह, जितेंद्र सिंह, रवि दत्त, सुभाष, जोगिंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, अशोक कुमार व कमल सहित कई लोग उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि जयंती के मौके पर सामाजिक समरसता, शिक्षा के महत्व और भारतीय संविधान की मूल भावना पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें क्षेत्र के लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में राज्य वन विभाग के सहयोग से किसान सहभागिता के माध्यम से विलुप्तप्राय एवं संकटग्रस्त औषधीय एवं सुगंधित पौधों (MAPs) के रणनीतिक प्राथमिकता निर्धारण” विषय पर एक इंटरएक्टिव बैठक का आयोजन किया गया। वन उत्पाद विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, वन अधिकारियों तथा प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर हिमाचल प्रदेश में औषधीय एवं सुगंधित पौधों के संरक्षण, खेती और सतत उपयोग पर मंथन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने प्रदेश में औषधीय पौधों की खेती की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक एवं आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों पर ध्यान केंद्रित करने और हितधारकों की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान कार्यक्रम तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारण इन पौधों के प्राकृतिक आवासों पर पड़ रहे प्रभाव की ओर भी ध्यान आकर्षित किया तथा जागरूकता एवं संरक्षण में शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि औषधीय खेती ग्रामीण आजीविका और अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक हो सकती है। डॉ. सूद ने यह भी आश्वासन दिया कि जाइका वानिकी परियोजना औषधीय पौधों पर शोध के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि औषधीय पौधे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने विभागों और किसानों के बीच समन्वित सहयोग पर बल देते हुए संकटग्रस्त एवं विलुप्तप्राय प्रजातियों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। कृषि योग्य भूमि की सीमाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गहन खेती, अंतराफसलीकरण तथा प्राकृतिक खेती अपनाने की वकालत की, साथ ही गुणवत्ता मानकों और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर भी जोर दिया। इससे पूर्व, वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सी.एल. ठाकुर ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। वन उत्पाद विभाग के प्रमुख डॉ. यशपाल शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 32 औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर कार्य कर रहा है तथा कई प्रजातियों के लिए कृषि तकनीकों और नर्सरी उत्पादन विधियों का मानकीकरण किया जा चुका है। तकनीकी सत्र में हिमालयन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट, शिमला के डॉ. संदीप शर्मा ने उनके संस्थान द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। जाइका वानिकी परियोजना के मार्केटिंग प्रबंधक डॉ. राजेश चौहान ने परियोजना की गतिविधियों और औषधीय पौधों को बढ़ावा देने में हर्बल सेल की भूमिका के बारे में बताया। विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. रविंदर रैना ने दुर्लभ, संकटग्रस्त और विलुप्तप्राय औषधीय पौधों पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही, इन पौधों की खेती के भविष्य की रूपरेखा पर विचार-विमर्श हेतु एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजय सूद ने वन विभाग के आईडीपी प्रोजेक्ट के सहयोग से स्थापित वन संसाधन एवं पर्यावरण उद्यमिता केंद्र का उद्घाटन भी किया। औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत किसानों को चिरायता और कलिहारी के पौध सामग्री वितरित की गई। इस दौरान पांच प्रगतिशील किसानों—पवन कुमार (चंबा), ओम प्रकाश (कांगड़ा), राजेश कुमार कंवर एवं हरदेश बत्रा (सिरमौर) तथा कृपाल सिंह (शिमला)—को औषधीय पौधों की खेती एवं प्रोत्साहन में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी- डॉ. एचपी संख्यान और डॉ. दौलत राम भारद्वाज, वन संरक्षक सोलन नरेंद्र प्रकाश भरोट, जाइका वानिकी परियोजना के परियोजना निदेशक श्रेष्ठा नंद शर्मा, डीएफओ सोलन सहित वैज्ञानिक एवं वन अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में आज पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदेशभर से आए पेंशनरों ने अपनी लंबित देनदारियों का भुगतान न होने और बजट में राहत की घोषणा न किए जाने पर नाराज़गी जाहिर की। इस दौरान चौड़ा मैदान में पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें राहत नहीं दी जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पेंशनर इससे पहले भी कई बैठकों के माध्यम से सरकार को चेतावनी दे चुके थे। प्रदर्शन के दौरान चौड़ा मैदान में पेंशनरों ने विधायक प्रकाश राणा और विधायक रीना कश्यप की गाड़ी को भी रोक लिया। इसके चलते दोनों विधायकों को चौड़ा मैदान से विधानसभा तक पैदल जाना पड़ा।
मंडी जिले के करसोग उपमंडल में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नांज (पुराना) क्षेत्र से अवैध शराब की 22 पेटियां बरामद की हैं। इस अचानक हुई रेड से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करसोग पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि नांज क्षेत्र में अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक शेड से 22 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही सील कर कब्जे में ले लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में अवैध शराब या किसी भी प्रकार के नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना की है।
किन्नौर जिला में भाबानगर क्षेत्र के डेट–सुंगरा के पास दो युवकों की खाई में गिरने से मौत हो गई। यह दुखद हादसा रविवार शाम को पेश आया। मृतकों की पहचान भाबानगर (निचार) निवासी अंकित और पानवी निवासी संजीव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंकित का शव सड़क से करीब 10 मीटर नीचे खाई में मिला, जबकि संजीव का शव लगभग 120 फीट गहरी खाई से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के असली कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद हो सकेगा। मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक पैदल थे या किसी वाहन से गिरे, अथवा यह किसी आपसी विवाद का नतीजा तो नहीं। घटना के कारणों को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
ऊना जिला के अंब उपमंडल के एक गांव में कंजक पूजन के बहाने घर बुलाई तीन वर्षीय बच्ची के साथ गलत हरकतें करने की शर्मनाक घटना सामने आई है। पुलिस ने मासूम की मां की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मार्च को प्रवासी परिवार की बच्ची पास के एक घर में कंजक पूजन के लिए बुलाई गई थी। घर लौटने पर उसकी तबीयत सामान्य नहीं दिखी। बच्ची की बिगड़ती हालत देख परिजनों को लगा कि शायद वह किसी दुर्घटना का शिकार हो गई है। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सीय जांच के दौरान बच्ची के साथ गलत हरकतें होने की आशंका जताई गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इंदौरा क्षेत्र में रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले स्वर्गीय दीपक राज उर्फ रोक्की की स्मृति में डाह कुलाड़ा ब्लड डोनर ग्रुप के सौजन्य से माधव गौशाला, डाह कुलाड़ा के प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 113 यूनिट रक्त दान किया गया। रक्तदान शिविर में हर वर्ष की भांति अमनदीप अस्पताल, पठानकोट के ब्लड बैंक की टीम ने सहयोग देते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके सहयोग से ही कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए रक्तदान महादान है। इस अवसर पर डाह कुलाड़ा के पंचायत उपप्रधान अजय कुमार, माधव गौशाला के संयोजक अभिषेक शर्मा, संघ के खंड अध्यक्ष कमल गुलेरिया, निर्मल प्रसाद, संजू, राहुल पठानिया सहित अमनदीप अस्पताल से विकास, हर्ष एवं कृष्ण कुमार उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक दंपति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। सुंदरनगर पुलिस की टीम ने कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अलसू चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार में बैठी महिला की घबराहट ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक गुलेरिया और उनकी पत्नी अमीषा ने चंडीगढ़ से अपने घर लौटने के लिए ब्लाब्लाकार ऐप के जरिए गाड़ी बुक की थी। जब पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 5.637 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। सुंदरनगर के डीएसपी भरत भूषण ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह नशा कहाँ से लाया गया था और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।
चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF की नूरपुर-चंबा फील्ड यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान टीम ने एक संदिग्ध वाहन से 2.169 किलोग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) और 10,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, STF को पहले से सूचना मिली थी कि एक वाहन के माध्यम से अवैध नशीला पदार्थ क्षेत्र से होकर ले जाया जा रहा है। इसी आधार पर टीम ने रणनीतिक तरीके से नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामद नकदी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदेव सिंह के रूप में हुई है, जो गांव कल्याणपुर, डाकघर भरुणा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डलहौजी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही, इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित तस्करों और संपर्क सूत्रों की भी जांच की जा रही है। STF की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि चंबा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी नशा कारोबारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रविवार सुबह संतोखगढ़ पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक LPG गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में तीनों वाहनों के चालक घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक गाड़ियों के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और गाड़ियों के आगे के हिस्से को तोड़कर ड्राइवरों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए पुल पर यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल करवाया। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शनिवार रात को भी संतोखगढ़ के गौशाला चौक पर एक बड़ा हादसा हुआ था, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक दुकान में जा घुसा। इस घटना में भी भारी नुकसान हुआ, हालांकि गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
मिनर्वा पीजी कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स के एमएससी जीव विज्ञान (प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर) के परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहे हैं। विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। एमएससी प्रथम सेमेस्टर में कनिका ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, नेहा भगत ने 86.75 प्रतिशत तथा सरंभा ने 84.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। इस सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसी प्रकार, एमएससी तृतीय सेमेस्टर के परिणाम भी शत-प्रतिशत रहे। इसमें अर्पिता ने 85.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशी ने 85.25 प्रतिशत तथा आकृति और अमनदीप कौर ने 84.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन इंजीनियर जे.एस. पटियाल तथा प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
सोलन के देओघाट क्षेत्र में अवैध निर्माण, सड़क अवरोध और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां सोलन के एक प्रतिष्ठित कारोबारी द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क और बिजली लाइन को भी क्षतिग्रस्त किया जा रहा है और आरोप लगाया जा रहा है कि यह मामला रेरा के अधीन आता है तथा रेरा से कोई अनुमति नहीं ली गई है। स्थानीय निवासी पीहा वर्मा ने उपायुक्त सोलन को लिखित शिकायत भेजकर तुरंत हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, देओघाट मुख्य बाजार से श्रम एवं रोजगार कार्यालय को जोड़ने वाली नगर निगम की सड़क, जो पिछले करीब 24 वर्षों से आम उपयोग में है, उसे अवरुद्ध और क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। यह सड़क न केवल संबंधित आवेदक के प्लॉट्स तक पहुंच प्रदान करती है, बल्कि आसपास के कई घरों और सरकारी कार्यालयों के लिए भी महत्वपूर्ण मार्ग है। पीहा वर्मा ने बताया कि खसरा नंबर 817 में आशा देवी व अन्य द्वारा बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। आरोप है कि इस निर्माण के दौरान उक्त एमसी सड़क को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है, जो कानूनी रूप से गलत है। उन्होंने भारतीय उपबंध अधिनियम, 1882 का हवाला देते हुए कहा कि इस सड़क पर उनका स्थायी एवं निर्बाध अधिकार है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों को उखाड़कर जलाया गया और सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट्स को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इससे न केवल पर्यावरण को क्षति हुई है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आवेदक ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर करीब 50 फीट तक ऊर्ध्वाधर कटाई की गई है, जो नियमों के विरुद्ध है। नियमानुसार 3.5 मीटर से अधिक कटाई की अनुमति नहीं होती। इसके अलावा, यह कार्य पास से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन के लिए भी खतरा पैदा कर रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परियोजना क्षेत्र 2500 वर्गमीटर से अधिक है, जिससे यह मामला रेरा (RERA) के दायरे में आता है, लेकिन इसकी जानकारी संबंधित प्राधिकरण को नहीं दी गई है और नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से कई मांगें रखी हैं, जिनमें प्रमुख हैं: निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रोका जाए, निर्माण स्वीकृति की जांच करवाई जाए, 33 केवी बिजली लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अवैध पेड़ कटान की जांच हो, सरकारी भूमि में की गई कटाई की जांच हो तथा उक्त सड़क को किसी भी हालत में बंद न होने दिया जाए। साथ ही, पीहा वर्मा ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो उन्हें न्यायालय का सहारा लेना पड़ेगा।
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने गत दिवस कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर विकास खंड में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। विधायक ने लगभग 28 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक सेवा केंद्र हरिपुर, 2.75 लाख रुपये की लागत से मुख्य मार्ग से गांव बनगला तक संपर्क मार्ग तथा 3 लाख रुपये की लागत से कमलजीत के घर से मोहन लाल के घर तक पक्की सड़क का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त 9.1 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी केंद्र खनेरी तथा 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान जगोटा का शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों में गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि ग्रामीणों की आर्थिकी सुदृढ़ हो सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा बजट में प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली गेहूं, मक्की व हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा। इस अवसर पर विधायक ने नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न करवाया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता गौतम, ग्राम पंचायत रणों के पूर्व प्रधान संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत अन्हेच के पूर्व प्रधान मोहन लाल, ग्राम पंचायत पट्टा बरावरी के पूर्व प्रधान हरिश कौशल, ग्राम पंचायत हरिपुर के पूर्व उपप्रधान अफजल बेग, पूर्व बीडीसी सदस्य दलेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


















































