मानसून सत्र में 36 घंटे 38 मिनट चली सदन की कार्यवाही : कुलदीप पठानिया
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की समाप्ति के पश्चात मिडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चौदहवीं विधानसभा का तृतीय सत्र अपेक्षा अनुरूप सफलता के साथ संपन्न हुआ है। पठानिया ने कहा कि यह सत्र 18 सितंबर को आरंभ हुआ था। इस सत्र में कुल 7 बैठकें आयोजित की गई। इस सदन की कार्यवाही कुल 36 घंटे 38 मिनट तक चली तथा इसकी उत्पादकता 106 प्रतिशत रही।
उन्होंने कहा कि इस मानसून सत्र में सदस्यों द्वारा कुल 743 प्रश्न सरकार से पूछे गए, जिसमें 547 प्रश्न तारांकित तथा 196 अतारांकित प्रश्न थे। इसके अतिरिक्त नियम 61 के अंतर्गत 8, नियम 62 के अंतर्गत 5, नियम 101 के अंतर्गत 3, नियम 130 के अंतर्गत 3,तथा 324 के अंतर्गत 9 विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।
पठानिया ने सदन की कार्यवाही संपन्न होने पर मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा उप मुख्यमंत्री सहित संसदीय कार्य मंत्री का भी धन्यवाद किया जिनकी वजह से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित कर पाए।
विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आने वाले शरद नवरात्रों, कुल्लू दशहरा तथा दिपावली की सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की, जिन्होंने प्राकृतिक आपदा के कारण अपनों को खोया है।
