इंदौरा-डमटाल में अब अवैध खनन करने वालों पर कसेगा शिकंजा : एसपी
इंदौरा व डमटाल थाना पुलिस को अवैध माइनिंग, नशा तस्करी व अन्य अवैध कार्यो में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस बात की जनकारी देते हुए एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि इंदौरा व डमटाल थाना के अंतर्गत पुलिस टीम को क्षेत्र में अब नो टॉलरेशन के तहत जारी विशेष अभियान के तहत अवैध खनन करने, नशा तस्करी , बुलेट मोटरसाइकल पर पटाखे चलाने व एक्सट्रा साइलेंसर लगाने तथा किसी भी प्रकार के वाहन को शराब पीकर चलाते हुए पकड़े जाने पर बख्शा नहीं जाएगा। इसमें ऐसे किसी भी व्यक्ति का वाहन भी जब्त होगा तथा उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। अतः सभी सतर्क रहें और सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
अवैध माइनिंग तथा नशा तश्करी की मिल रही शिकायतों के चलते इंदौरा थाना व डमटाल थाना के अधीन अब पहले से भी ज्यादा सख़्ती बरती जाएगी, ताकि कोई भी अवैध माइनिंग न कर सके। अवैध खनन ले जाते वाहन को भी जब्त कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। एसपी ने नशा तस्करों व सप्लायरों को चेताया है कि इस अनैतिक धंधे को छोड़ दें। इससे कई घर बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंदौरा व डमटाल थाना के विभिन्न सीमांत गावों में रात की गश्त भी जारी रहेगी। स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों की पहचान बताएं।
