इंदौरा उपमंडल में नशा निवारण को लेकर अहम बैठक, प्रशासन ने मांगा जन-सहयोग
नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायत इंदपुर के पंचायत घर में नशा निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम इंदौरा सुरिंदर ठाकुर ने की, जबकि एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान ग्राम पंचायत इंदपुर नशा निवारण समिति की अध्यक्षा अंजू कुमारी (मुख्याध्यापक, राजकीय उच्च पाठशाला इंदपुर) सहित समिति के अन्य सदस्यों और क्षेत्र के लगभग 40-50 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी डर के आगे आकर सहयोग कर सकें। इसके अलावा, सरकार द्वारा नशा माफिया के खिलाफ सूचना देने वालों के लिए चलाई जा रही विभिन्न इनामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
स्थानीय निवासियों ने भी नशे के उन्मूलन के लिए अपने सुझाव दिए और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी इंदौरा ने बताया कि बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और सभी ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
