परागपुर ब्लॉक में हुआ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जागरूकता अभियान का शुभारम्भ
बाल विकास परियोजना अधिकारी परागपुर के अन्तर्गत विभिन्न आंगनवाडी केन्द्रो में बुधवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 18 से 24 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रमों का विधिवत तरीके से शुभारंभ हो गया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि आज क्षेत्र भर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित जन समूह को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई।
तदोपरांत आंगनवाड़ी सुपरवाइजर व कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता रैली भी निकाली। सीडीपीओ अनिल कुमार ने कहा कि इन कार्यक्रमों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लिंग दर में सुधार लाना, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना, लड़कियों की शिक्षा की निरंतरता को बनाए रखना और मासिक धर्म के बारे में जागरूक करना है। उन्होनें कहा कि किसी वजह से स्कूल छोड़ चुकी लड़कियों को दोबारा स्कूल में दाखिला दिलवाने के लिए प्रेरित करना और आत्मनिर्भर कैसे रहे इस विषयों पर भी जानकारी मुहैया करवाना रहेगाl इसके लिए परागपुर ब्लॉक की समस्त आंगनबाडी केंद्रों और सशक्त महिला केंद्रों के और वृत्त सुपरवाइज़र के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का व्यापक रूप से प्रचार- प्रसार भी किया जाएगा। सीडीपीओ अनिल कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत 19 जनवरी 2023 को विशेष महिला सभाओं का आयोजन किया जाएगा जिसमें लिंगानुपात एवं लड़कियों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर प्रत्येक पंचायत में चर्चा की जाएगी। 20 जनवरी 2023 को बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में लड़कियों को बढ़ावा देने वाले खेलों के बारे में जागरूक करना शामिल है। 23 जनवरी 2023 ,को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएगी। 24 जनवरी को कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। वही, इस अवसर पर सभी आंगनवाड़ी केन्द्रो की सुपरवाइज़र, कार्यालयों का स्टाफ व पर्यवेक्षक ने कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस शपथ के माध्यम से लोगों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ वह कन्या भ्रूण हत्या के बारे में जागरूक किया गया।
