इंदौरा : चलोह में एक मकान में अचानक लग गई आग, दो व्यक्ति बुरी तरह से झुलसे
** अग्रिकांड में रिहायशी मकान पूरी तरह से जलकर राख
** प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 20 हजार की फौरी राहत दी
विकास खंड इंदौरा के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत चलोह में एक घर में आग लगने से दो व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गए, वहीं पूरा मकान जलकर राख हो गया।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत चलोह में एक रिहायशी मकान में आग लग गई है। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए, लेकिन इस अग्रिकांड में मकान पूर्ण रूप से जल गया।
वहीं, मकान में रह रहे बलवीर सिंह पुत्र सरैन सिंह और राजकुमारी पत्नी सरैन सिंह भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गए हैं। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल इंदौरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें नूरपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
