इंदौरा: दिन हो या रात, रे में कभी भी लग जाता है बिजली कट; लोग बेहाल
उपमंडल रे में कुछ दिनों से लगातार बिजली विभाग की लापरवाही देखने को मिल रही है। उपमंडल रे के अंतर्गत लगभग 50 के करीब गांव आते हैं, जिसमें लगभग 40 हजार के करीब उपभोक्ता आते हैं, जिन्हें लगभग पिछले 10 दिनों से बिजली की आंख मिचौली से परेशान होना पड़ रहा है। हर 15 मिनट के बाद आधे घंटे का कट लग जाता है। गर्मी के इन दिनों में लोगों का जीना बेहाल है। दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी यही हाल है। इस संदर्भ में कई बार बिजली विभाग वालों को आगाह भी किया गया, किंतु विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती।
संजवा में एक हफ्ते में दो बार खराब हो चुका ट्रासफार्मर
संजवा में पिछले एक हफ्ते में दो बार ट्रासफार्मर ओवरलोडिंग के कारण खराब हो चुके हैं। स्थानीय लोग कई दिनों से इस गर्मी में बिना बिजली के गुजर-बसर कर रहे हैं। ट्रासफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव की बिजली पिछले एक हफ्ते से बाधित है। वहीं किसानों को धान की फसल में देरी हो रही है, वह जिन लोगों ने धान की फसल लगा ली है। उनकी फसल पानी के बिना खराब होने की कगार पर है। लोगों का कहना है की हमारी बिजली विभाग से यही गुजारिश है कि बिजली की समस्या को जल्द से जल्द दूर किया जाए ताकि लोगों को और नुकसान ना झेलना पड़े। लोगों ने बताया कि कई बार 1100 के माध्यम से भी सरकार समस्या बताई गई, किंतु इससे भी कोई हल नहीं निकल पाया।
सत्ता परिवर्तन तो हो गया, पर व्यवस्था नहीं बदली
स्थानीय लोगों ने बताया कि हिमाचल में सत्ता परिवर्तन व व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली सरकार में सत्ता परिवर्तन तो हो गया, परंतु व्यवस्था परिवर्तन नहीं हो पाया। एक-दो दिन की बात हो तो समझ आती है, किंतु बिजली विभाग वालों का हर दिन का यही काम है। हर 15 मिनट के बाद आधे घंटे का कट लगा दिया जाता है, जिससे गर्मी के दिनों में काफी परेशानी होती है। गर्मी में छोटे बच्चों को सुलाना मुश्किल हो जाता है, स्कूल में छुट्टियां होने के कारण बच्चे घर में रहते हैं, लेकिन गर्मी के कारण बच्चों को पढ़ाई में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी यही हाल है। रात को भी 15 मिनट आधे घंटे बाद उनके द्वारा बिजली काटी जाती है।
बिजली के कटों से प्रभावति हो रहा कारोबार
बिजली की समस्या से दुकानदारों को भी काफी समस्याओं का सामना उठाना पड़ रहा है। कुछ स्थानीय दुकानदारों से फर्स्ट वर्डिक्ट ने बात की तो उनका कहना है कि दिन में कई बार बिजली के कट लगते हैं। लगभग 15 से 20 मिनट या आधे घंटे का कट लगता है, जिससे कि फ्रिज में रखा हुआ सामान जैसे आइसक्रीम, पेस्ट्री, केक इत्यादि जो कि खराब होने वाली चीजें हैं,काफी मात्रा में खराब हो रही है, जिससे कि दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, बीएसएनल उपभोक्ताओं को बिजली के बिना नेटवर्क नहीं होने के कारण काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता हैं।
इस संदर्भ में जब अधिषाशी अभियंता बिजली विभाग फतेहपुर अमन चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इलाके ओवरलोडिंग के कारण कहीं ट्रासफार्मर जल रहे हैं तो कहीं लाइन खराब हो रही है, जिस कारण कुछ समय के लिए विभाग को बिजली बंद करनी पड़ती है। विभाग हमेशा लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए प्रयासरत रहता है। जो ट्रासफार्मर खराब हो चुके हैं, उन्हें भी जल्द से जल्द बदल दिया जाएगा। डिवीजन में ट्रासफार्मर न होने के कारण यह सम्सया आ रही हैं।
