इंदौरा : 8 किसानों की सूखी गेहूं में लगी आग, लाखों का नुकसान
( words)
विकास खंड इंदौरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पलाख में गेहूं में आग लगने के कारण 8 किसानों की फसल जल कर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने पहुंचकर आग पर पाया काबू।
मामले की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत पलाख की प्रधान सुषमा देवी ने बताया कि फोन के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि गेहूं की फसल में भयानक आग लग गई है। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंच कर जायजा लिया व आसपास के लोगों से मदद मांगी। लोग ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे, लेकिन आग इतनी फैल चुकी थी कि काबू होने का नाम नहीं ले रही थी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन के माध्यम से सूचित किया व फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ग्राम पंचायत पलाख के लगभग 8 किसानों की फसल जलकर राख हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि सरकार से किसानों को मुआवजा देने की गुहार लगाई जाएगी और किसानों को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा।
वहीं, नायब तहसीलदार इंदौरा गगन सिंह ने बताया कि जानकारी प्राप्त होने के बाद उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। नुकसान की जानकारी जुटा ली गई है। टीम के द्वारा किस-किस किसान को कितना नुकसान हुआ है, उसकी फाइल तैयार करके उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। जो भी उचित मुआवजा बनेगा वह किसानों को दिलवाया जाएगा।
