इंदौरा: अवैध लकड़ी भंडारण पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, आरा मशीन सीज
वन विभाग की टीम ने मंगलवार को वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत चल रही एक क्षेत्र आरा मशीन इकाई का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद के नेतृत्व में गई विभिन्न बीट्स के वन रक्षकों व वन मित्रों की टीम द्वारा आज लगभग 11:30 बजे अमल में लाई गई।
वन मंडल अधिकारी नूरपुर संदीप कोहली ने बताया कि आर.ओ. इंदौरा अपनी विभागीय टीम सहित क्षेत्र में वन कटान की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु गुप्त अभियान पर थे, इस दौरान उन्होंने केवल सिंह पुत्र वकील सिंह, निवासी गाँव व डाकघर बरंडा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा द्वारा संचालित आरा मशीन ईकाई पर छापा मारा। इस औचक निरीक्षण के दौरान उपरोक्त व्यक्ति की आरा मशीन पर पड़ी लकड़ी से संबंधित दस्तावेज़ पेश करने के लिए कहा गया। इस दौरान वहाँ पाई गई लकड़ी व आरा मशीन रजिस्टर की जाँच करने पर कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि आरा मशीन पर पाई गई लकड़ी का विवरण आरा मशीन रजिस्टर में नहीं पाया गया। यही नहीं आरा मशीन पर पाई गई लकड़ी पर किसी भी तरह का विभागीय टंकण अथवा हैमरिंग नहीं पाई गई।
मौका पर आम के 17, जामुन के 8, शीशम के 16, तमन के 10, सफेदा के 41, तुनी के 3, बहेड़ा के 58, क्रैंबल का 1, लसूनी के 15, सीरस के 7 व सागवान के 13 मौच्छों सहित 189 मौच्छे पाए गए, जिनका विवरण आरा मशीन रजिस्टर में नहीं पाया गया।
जिस पर उक्त आरा मशीन, आरा मशीन ट्रॉली व उक्त लकड़ी को अनिश्चितकाल तक के लिए सीज कर दिया गया।
