इंदौरा: तंबाकू पदार्थों पर टैक्स बढ़ाना सरकार का सराहनीय कदम : नाडा इंडिया फाउंडेशन
( words)
प्रदेश सरकार द्वारा तंबाकू पदार्थों पर टैक्स को 3 रुपये से बढ़ाकर 4.50 रुपये करना एक सराहनीय कदम है। नाडा इंडिया फाउंडेशन ने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश कैबिनेट में लिया गया यह निर्णय हिमाचल सरकार की युवाओं के प्रति चिंता और स्वास्थ्य की प्रमुखता को दर्शाता है।
नाडा इंडिया फाउंडेशन के हिमाचल प्रदेश के स्टेट को-ऑर्डिनेटर मंगल सिंह ने कहा कि फाउंडेशन सरकार के इस फैसले का स्वागत करती है और सरकार से यह भी आशा रखती है कि सरकार आने वाले समय में तंबाकू नियमों में राज्य स्तर पर संशोधन और कर की मात्रा बढ़ाने के लिए अग्रसर रहेगी।
नाडा इंडिया फाउंडेशन के चंबा से सदस्य तपिश चंद्र ने कहा कि तंबाकू उत्पादों पर कर बढ़ाना एक सराहनीय कदम है। युवाओं को जो तंबाकू उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, उन पर रोक लगाने के लिए सरकार का यह एक बेहतरीन प्रयास है। यह फैसला प्रदेश के युवाओं के स्वास्थ्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
वहीं, नाडा इंडिया फाउंडेशन से जुड़ी एचपीयू की छात्रा रीत वर्मा ने बताया कि जब उन्होंने नाडा यंग इंडिया कैंपेन के माध्यम से युवाओं को जागरूक व धरातल स्तर पर आवाज उठाना शुरू किया था, उस समय यह लग रहा था कि शायद जीएसटी काउंसिल में ही इन उत्पादों को बढ़ाया जाएगा। परंतु विभाग के साथ मिलकर और समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आज सरकार का हम धन्यवाद करते हैं कि वह युवाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रख रही है। कर में बढ़ोतरी करने से सरकार के रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी होगी।
वहीं, नाडा इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील बत्स्यान ने बताया स्वास्थ्य ही मनुष्य का सर्वोपरि सहारा है। इस तरह के फैसले लेकर सरकार युवाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाती नजर आ रही है। तंबाकू पदार्थों पर कर बढ़ने से राज्य के राजस्व को बढ़ाने की भी यह एक अच्छी पहल है और कर के साथ-साथ युवाओं की सेहत को बचाने के लिए भी सरकार द्वारा यह निर्णय सराहनीय है। नाडा यंग इंडिया ने समय-समय पर सरकार को युवाओं के माध्यम से कर बढ़ाने के लिए प्रयास किया है, जो आगामी समय में 1 मील का पत्थर साबित होगा।
