इंदौरा : सैंकड़ों भक्तों ने श्रीमद्भागवत कथा पंडाल में लगाई हाजरी
गांव बेहलपुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को भगवान श्री कृष्ण की महारास लीला, कंस का उद्धार, गोपी एवं उद्धव के बीच संवाद तथा उद्धव का हार स्वीकार करना एवं कृष्ण रुक्मणी विवाह के प्रसंग सुनाए गए। शनिवार को छठे दिन कथा का शुभारंभ आयोजन से जुड़े लोग ने भगवान की पूजा कर किया। इसके बाद वृंदावन धाम से आए परम पूज्य महेश कृष्ण ठाकुर महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत कथा सुनाते हुए भक्ति रस से सराबोर भजनों की प्रस्तुतियां दी। व कथा में परम पूज्य महेश कृष्ण ठाकुर महाराज ने भगवान कृष्ण की रास लीलाओं के प्रसंग सुनाए।
कथा वाचक ने महारास के दौरान भगवान कृष्ण द्वारा लोगों को दिए गए संदेश के बारे में जानकारी दी। इसी प्रकार कंस एवं कृष्ण के युद्ध तथा कंस उद्धार का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि धर्म की हानि रोकने तथा अधर्म का विनाश करने के लिए हर काल में प्रभु अवतार लेते हैं। कृष्ण द्वारा गोपियों को संदेश देने के लिए भेजे गए उद्धव जी एवं गोपियों के प्रसंग को भी मार्मिक रूप से प्रस्तुत करते हुए कथावाचक ने कहा कि सदैव प्रेम की जीत होती है। गोपियों ने उद्धव के ज्ञान को प्रेम की जीत में बदल दिया। कथा के दौरान कृष्ण एवं रुक्मणी के विवाह का प्रसंग भी सुनाया। कथा के मुख्य आयोजकों ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे सम्पन्न होगा और लंगर की भी व्यवस्था की जाएगी।
