इंदौरा : विधायक मलेंद्र राजन ने गंगथ स्कूल के होनहारों को बांटे पुरस्कार
विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गंगथ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा वर्ष भर में प्राप्त उपलब्धियोंं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव संस्थान में वर्षभर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियोंं के लिए सम्मानित करने का अवसर होता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ उनको प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक न केवल विषय ज्ञान प्रदान करने के लिए, बल्कि अपने छात्रों में कैरियर मार्गदर्शन और नैतिक आदर्श स्थापित करने के लिए भी जिम्मेदार हैं। विधायक ने अध्यापकों से छात्रों के लिए पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाने का आह्वान किया और छात्रों की प्रतिभा की पहचान कर इन्हें ओर निखारने की दिशा में सकारात्मक शुरुआत करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संवेदनशील सरकार है, जो जनता की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझती है। उन्होंने कहां की वर्तमान राज्य सरकार आम लोगों की सरकार है, जिसमें महिलाओं, युवाओं,गरीबों, किसानों और कर्मचारियों सहित हर वर्ग को सम्मान मिल रहा है।
विधायक ने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग निर्माण का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है। उन्होंने स्कूल के लिए कबड्डी मैट देने तथा सोलर लाइट्स लगाने की घोषणा भी की। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को अपनी तरफ से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
