इंदौरा: सांसद किशन कपूर को वोट मांगने का अधिकार नहीं: मनमोहन कटोच
कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर को लोकसभा चुनाव में वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है। सांसद पांच वर्ष प्रदेश की जनता से दूर रहे और अब जब चुनाव का समय आया तो जनता को भ्रमित कर राजनीतिक रोटियां सेंकने का कार्य कर रहे है। यह शब्द कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनमोहन कटोच ने इंदौरा के वन विश्राम गृह में रखी प्रेसवार्ता के दौरान कहे।
मनमोहन कटोच ने भाजपा सांसद पर हमला बोलते हुए कहा की सांसद पूरे पांच वर्ष गायब रहे। खासकर आपदा के समय में जब कांगड़ा चंबा त्राहि-त्राहि कर रहा था, तब सांसद कहीं भी दिखाई नहीं दिए। केंद्र से सांसद निधि से एक फूटी कौड़ी अपने संसदीय क्षेत्र में जनता की सहायता के लिए नहीं ले पाए। अब लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख प्रदेश की जनता से झूठ बोल उसे भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा की कठिन घड़ी में भी अपने संसाधनों से प्रदेश की जनता के लिए राहत कार्य किए और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा रहा है, लेकिन भाजपा ने आपदा के समय में भी प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया। किसी भी सांसद ने केंद्र सरकार से प्रदेशवासियों के लिए एक फूटी कौड़ी तक नहीं लाई। लोकसभा चुनाव को लेकर मनमोहन कटोच से पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ वर्षों से जुड़े हैं और पार्टी लोकसभा चुनावों में उनको प्रत्याशी बनाती है तो वे निश्चित रूप से चुनाव लड़ेंगे।
