इंदौरा: भारी बारिश के चलते आम जन जीवन अस्त-व्यस्त, लोगों के घरों में घुसा पानी
प्रदेशभर में इन दिनों मौसम विभाग द्वारा हाई अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि बरसात के कारण भारी बारिश होने के कारण नदियों-नालों का बहाव तेज हो जाता है और भूस्खलन का खतरा मंडराता रहता है। बीते तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र इंदौरा की ग्राम पंचायत तोकि (वार्ड -7) के लोग सहमे हुए हैं क्योंकि एक तो पहले ही उनके रास्तों व घरों से नाली का पानी नही जाता और ऊपर से बरसात आई तो गरीब जनता के लिए आफत का पहाड़ बन गई।
लोगों के घरों में पानी इतना घुस गया है कि घर का सारा सामान पानी में डूब चुका हैं। इस मौके पर जब पीड़ित परिवारों ने अपनी व्यथा पंचायत प्रधान को सुनाई तो प्रधान तुरंत मौका देखने पहुंची। मौका देखने के बाद प्रधान ने उपमंडल अधिकारी सुरिंदर ठाकुर को संपर्क किया तो उन्होंने पीड़ित परिवारों को राशन दिया व जल्द ही उनकी समस्या हल करने का आश्वासन दिया। वहीं प्रधान बबली देवी ने कहा कि जनता की सेवा के लिए हम हमेशा तत्पर रहेंगे और जल्द उच्च अधिकारियों से बात करके इस समस्या का समाधान करवाएंगे ताकि हमारी पंचायत के किसी भी व्यक्ति को समस्या का सामना न करना पड़े।
