इंदौरा : रिवॉल्वर की नोक पर अधिकारियों और कर्मचारियों को डराने वाला पंचायत प्रधान गिरफ्तार
सरकारी कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को रिवॉल्वर की नोक पर डरा-धमका और गाली-गलौज कर सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाना पंचायत प्रधान को महंगा पड़ गया। विद्युत विभाग की शिकायत के बाद डमटाल पुलिस ने प्रधान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार खंड इंदौरा की ग्राम पंचायत शेखुपुर का प्रधान सुधीर सिंह पठानिया निवासी गांव बाईं अटारिया, जो डमटाल विद्युत उपमंडल विभाग के कार्यालय में पिछले एक माह से लगातार जाकर क्षेत्र में लगे किसी व्यक्ति के नाम पर बिजली के मीटर को कटवाकर जबरन अपने नाम पर करवाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव डाल रहा था। रोजाना कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को गाली-गलौज कर उन्हें अपने रिवॉल्वर दिखा डराता-धमकाता आ रहा था। डमटाल विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ने अपने विभाग के उच्च अधिकारियों को इस विषय पर जानकारी दी थी। प्रधान का आतंक इस तरह फैला कि कई कर्मचारियों ने कार्यालय आना ही बंद कर दिया था।
बुधवार को प्रधान ने कार्यालय में जाकर सहायक अभियंता के ऊपर रिवॉल्वर तान दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए उसके टेबल पर पड़े कई सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठा अपने साथ ले गया। विद्युत विभाग उपमंडल कार्यालय डमटाल के सहायक अभियंता तनुज मेहरा ने प्रधान के खिलाफ थाना डमटाल में प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस कार्यालय में पहुंच अपनी कार्रवाई अमल में ला रही थी कि प्रधान फिर से कार्यालय में पहुंच गया और गाली-गालौज करते हुए अधिकारियों को रिवॉल्वर दिखा डराने-धमकाने लगा। पुलिस ने प्रधान को मौके पर ही धर-दबोचा और उसे गिरफ्तार कर थाना डमटाल लाया गया।
