इंदौरा : गंगथ महादंगल में पहलवानों पर बरसेंगे 1 करोड़ के इनाम
जिला कांगड़ा की उप तहसील गंगथ में स्थित ऐतिहासिक सिद्ध पीठ बाबा क्यालु महाराज महादंगल की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। 3 जून से 6 जून तक चलने वाले महादंगल के लिए कमेटी ने 16 अप्रैल से दान पर्ची का शुभारंभ किया था। इस बार महादंगल में करीब 1 करोड़ के नाम पहलवानों पर बरसेंगे। बाबा क्यालु महाराज को समर्पित चार दिवसीय महा दंगल में क्षेत्रीय लोगों की बेहद गहरी आस्था है। लोगों का कहना है कि मनोकामनाएं पूरी होने पर श्रद्धालु पीतल के बर्तन,गागरें, पंखे, कूलर, साइकिल, मोटरसाइकिल व नकद राशि दान में देते हैं। इसी दान के माध्यम से चार दिवसीय महादंगल में पहलवानों को पुरस्कृत किया जाता है।
जानकारी देते हुए प्रबंधन सचिव महा दंगल कमेटी गंगथ सुनील गुप्ता ने बताया कि मेला 3 से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। भक्तों द्वारा अब तक कई चीजें दान में दी गई हैं। इससे महादंगल को करवाने में सहयोग मिलेगा।
