इंदौरा: जनकल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : कृषि मंत्री
** मंत्री ने इंदौरा की सूरजपुर पंचायत में सुनी लोगों की समस्याएं
** मुख्यमंत्री शगुन योजना के 16 लाभार्थियों को वितरित किए 5 लाख
कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा है कि जनकल्याण ही प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस ध्येय को स्वीकार करने के लिए सरकार कई जन कल्याणकारी योजनाएं लागू कर पात्र लोगों को लाभान्वित करने का कार्य कर रही है। वे आज इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत सूरजपुर पंचायत में आयोजित प्रदेश सरकार के महत्वकांक्षी कार्यक्रम सरकार जनता के द्वार में जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन तथा एडीएम रोहित राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र में 268 करोड़ की लागत से बनने वाले वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के पेप्सी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला रखी है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में इतने बड़े निवेश से लगने वाला यह पहला उद्योग है। इससे क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार और आर्थिकी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस उद्योग के माध्यम से दो हजार से अधिक युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि गत बरसात में प्रदेश में आई आपदा के समय मंड क्षेत्र में बाढ़ के भयंकर हालात थे। तत्काल स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन ने वायुसेना के हेलीकॉप्टर तथा एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम की सहायता से लोगों को बाढ़ ग्रसित क्षेत्रों से बाहर निकाला व उनके लिए अस्थायी निवास तथा खाने पीने की व्यवस्था की। उन्होंने बताया कि प्रदेश की नाजुक आर्थिक स्थिति के बावजूद प्रदेश सरकार ने 4500 करोड़ का विशेष राहत पैकेज जारी किया। जिसके तहत पूर्ण तौर पर क्षतिग्रस्त हुए मकानों के मालिकों को नया मकान बनाने के लिए 7 लाख तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकान के मालिकों को 1-1 लाख रुपये की राशि दी गई है। इसके अलावा डंगे लगाने के लिए 1 लाख तथा फसल के नुकसान पर किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है।
60 लोगों की समस्याओं का हुआ निपटारा
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से सम्बंधित 60 समस्याएं प्राप्त हुई। जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जबकि शेष समस्याओं के समयबद्ध निपटारे के अधिकारियों को निर्देश दिये गए। मंत्री ने लोगों की समस्याओं तथा मांग को पूरा करते हुए घोड़न पंचायत में रास्ते के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए, बसंतपुर पंचायत में दो शमशानघाट के लिए 2-2 लाख रुपए, गधराणा तथा डडोली पंचायत के महिला मंडलों को 25-25 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की। डमटाल पंचायत के दिव्यांग जोगिंद्र पाल की शौचालय की समस्या को सुनते हुए ग्रमीण विकास विभाग को शेष राशि तुरंत जारी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 16 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपए के चेक भी वितरित किए। मंत्री ने इस मौके पर विभिन्न विभागों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा सभी के प्रयासों की सराहना की।
