इंदौरा : प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध : मलेंद्र राजन
** विधायक ने पराल स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में नवाजे होनहार
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा है कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह उद्धगार उन्होंने आज इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पराल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
विधायक ने कहा कि शिक्षा से मनुष्य महान बनता है। बिना शिक्षा के मनुष्य कुछ भी नहीं है। उन्होंने बच्चों से कहा कि उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और बच्चों के अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी देश और समाज का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था पर ही निर्भर करता है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक व्यवस्था में व्यापक सुधार करने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय विकसित किए जाएंगे तथा एक-एक डे-बोर्डिंग स्कूल भी खोला जाएगा।
इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 11 हजार रुपये देने तथा स्कूल में चारदीवारी लगवाने की घोषणा की। उन्होंने पराल से बरोटा सड़क पर पुली निर्माण के लिए एक लाख रुपए की राशि देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर विधायक ने शैक्षणिक, खेल कूद, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अजय कुमार शर्मा, मुख्य शिक्षक सतनाम सिंह,
जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष केवल कृष्ण, एसएमसी प्रधान राधा रानी, बकराडवां की प्रधान रानी देवी, बसंतपुर पंचायत प्रधान के कुलदीप, उप प्रधान जोगिंदर सिंह, पूर्व प्रधान तारा चंद, स्कूल के बच्चे, अभिभावक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।
