इंदौरा : प्रदेश की जनता ने भाजपा की नीतियों से तंग आकर सत्ता से किया बाहर : मलेंद्र राजन

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इंदौरा की बैठक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंदर सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में विश्राम गृह कंदरोड़ी में संपन्न हुई, जिसमें स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर समस्त कांग्रेस कमेटी ने सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष होने पर 11 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाली कांग्रेस की व्यवस्था रैली को सफल व ऐतिहासिक बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि आज प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विकास के नए अध्याय लिखने की ओर निरंतर बढ़ रहा है। मलेंद्र राजन ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। प्रदेश की जनता ने भाजपा की नीतियों से तंग आकर ही प्रदेश को भाजपा मुक्त करके सुख की सांस ली है।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश में आई विपदा पर भाजपा ने कोई भी मदद नहीं की और साफ मुंह फेर लिया। अब जनता का मोह भाजपा से पूरी तरह भंग हो चुका है। मलेंद्र राजन ने कहा की इंदौरा कांग्रेस द्वारा धर्मशाला में कांग्रेस की रैली को ऐतिहासिक बनाया जायेगा और प्रदेश मुख्यमंत्री इस रैली में बाढ़ पीड़ितों के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं व राहत पैकेज घोषित करेंगे। आगामी लोकसभा चुनावों पर बोलते हुए मनमोहन कटौच ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस चारों सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।