फतेहपुर : पंचायत कार्यों में प्रधान के पति के हस्तक्षेप से बतराहन के प्रतिनिधि परेशान, सामूहिक इस्तीफा देने की कही बात
विकास खंड फतेहपुर की पंचायत बतराहन के उप प्रधान, 4 वार्ड सदस्य व संबंधित बीडीसी शुक्रवार को बीडीओ फतेहपुर से मिलने उनके फतेहपुर स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने सुपरिंटेंडेंट मनोज शर्मा के माध्यम से बीडीओ को लिखित निवेदन देते हुए अवगत करवाया कि वे सब पंचायत कार्यों में प्रधान के पति की दखलंदाजी से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर प्रधान के पति द्वारा पंचायत के कार्यों में किये जा रहे हस्तक्षेप पर विभाग द्बारा कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो वे लोग सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे। इस दौरान पंचायत के उप प्रधान रमेश चंद ने बताया पंचायत में होने वाले कार्यों में उन्हें विश्वास में ही नहीं लिया जाता है। इसलिए उन सभी ने सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
वहीं, बीडीसी सदस्य तमन्ना धीमान शर्मा ने बताया कि पंचायत के कार्यों में प्रधान के पति की अकसर दखलंदाजी रहती है, जिस कारण विकास कार्यों की गुणवत्ता भी जांच के घेरे में आ रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने बीडीओ से पंचायत के कार्यों की जांच करने की मांग की है। अगर सात दिन के भीतर जांच नहीं की गई तो पंचायत प्रतिनिधियों के साथ वे भी अपना इस्तीफा विभाग को सौंप देंगी। इस मौके पर वार्ड 1 सदस्य अभिषेक कुमार, वार्ड 3 सदस्य मंगल सिंह, वार्ड 5 सदस्य पूनम देवी और वार्ड 7 से सदस्य प्रतिभा धीमान उपस्थित रहीं।
