इंदौरा : अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर काबू, 9 हजार जुर्माना वसूला
( words)
खनन विभाग ने अवैध खनन करने पर दो ट्रैक्टर को काबू कर 9 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। जानकारी देते हुए खनन रक्षक सन्नी जसवाल ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि छौंछ खड्ड में अवैध खनन कर सामग्री को पंजाब में ले जाया जा रहा है।
इस पर खनन अधिकारी नीरजकांत ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कंदरोड़ी में मुख्य मार्ग पर ही दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों को पकड़कर मौके पर ही 4500 रुपये प्रति ट्रैक्टर और कुल 9 हजार रुपये नकद जुर्माना वसूल किया गया। उन्हें भविष्य में अवैध खनन करते हुए पाए जाने पर ट्रैक्टर जब्त कर मामला कोर्ट में प्रेषित करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। खनन अधिकारी नीरजकांत ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
