इंदौरा : बेमौसम बारिश ने फिर फेरा किसानों की मेहनत पर पानी
उपमंडल इंदौरा में बुधवार सुबह हुई बेमौसम तेज बारिश ने किसानों की 6 महीने की कड़ी मेहनत से उगाई गेहूं की फसल पर पानी फेर दिया है | इंदौरा क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे तेज बारिश और आंधी चल रही थी, जिस कारण इलाके में बिजली भी गुल हो गई। सुबह 8:00 बजे के करीब बारिश बंद हुई। किसानों का कहना है कि उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है। किसानों की गेहूं की फसल तेज बारिश के कारण खराब होने की कगार पर है। पहले भी बेमौसम बारिश के कारण फसल को नुकसान हुआ था।
किसानों ने कहा कि जब बारिश की जरूरत थी तब बारिश नहीं हुई, अब हो रही बेमौसम बारिश के कारण बची हुई फसल भी खराब हो चुकी है। किसानों ने सरकार से गुहार लगाई है कि खराब फसल के लिए किसानों को उचित मुआवजे का प्रावधान किया जाए।
