इंदौरा: प्रदेश में अगले सत्र से खोले जाएंगे अत्याधुनिक तकनीक व उपकरणों से लैस 18 स्कूल : मलेंद्र राजन
** विधायक ने गंगथ स्कूल में नवाजी होनहार छात्राएं
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा है कि शिक्षा जीवन का सबसे बड़ा मूलमंत्र है और बगैर इसके मनुष्य का जीवन अधूरा है। विधायक ने ये शब्द सोमवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गंगथ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि शिक्षण ढांचे की मजबूती तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समृद्धि का स्रोत होने के साथ ही समाज को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके लिए प्रदेश सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने के प्रति गंभीर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से राजीव गांधी राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने आगामी वित्त वर्ष में ऐसे 18 अत्याधुनिक तकनीक व उपकरणों से लैस स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है।
मलेंद्र राजन ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में शिक्षण संस्थानों व शिक्षा का काफी विस्तार हुआ है। वर्तमान सरकार प्रदेश में नए शिक्षण संस्थान खोलने के बजाए पुराने सभी संस्थानों का युक्तिकरण करते हुए शैक्षणिक ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसके तहत शिक्षण संस्थानों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेजी से शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव संस्थान की वर्षभर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने का अवसर होता है। इसके आयोजन से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और छात्रों को उचित मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है।
इस मौके पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने 21 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्कूल में एक लाइब्रेरी रूम तथा स्टेज पर शेड बनाने के लिए धनराशि देने की घोषणा की।
