आईपीएल मैचों पर न पड़े बारिश की मार, 7 मई को इंद्रुनाग की पूजा करेंगे एचपीसीए पदाधिकारी
मई में लगातार हो रही बेमौसमी बारिश से एचपीसीए और यहां खेलने वाली टीमों की चिंता बढ़ सकती है। अभी धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैचों के करीब दो हफ्ते का समय है। 17 और 19 मई को यहां आईपीएल मैच खेले जाने हैं। कांगड़ा जिले में लगातार बारिश हो रही है। मैच के दौरान बारिश न हो, इसके लिए सात मई को एचपीसीए के पदाधिकारी खनियारा स्थित इंद्रुनाग देवता के मंदिर में शीश नवाएंगे। इंद्रुनाग को बारिश का देवता माना जाता है। माना जाता है कि क्षेत्र में जितने भी छोटे-बढ़े आयोजन होते हैं तो इंद्रुनाग देवता से बारिश न होने के लिए पूजा-अर्चना की जाती है। सचिव अवनीश परमार ने कहा कि 7 मई को पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में भंडारा होगा और कन्या पूजन भी करवाया जाएगा। इससे पहले 19 फरवरी को भी पूजा की जा चुकी है।
