जयसिंहपुर : भाषण प्रतियोगिता में अविका-नेहा व अविनाश रहे प्रथम
कंवर दुर्गा चंद कॉलेज जयसिंहपुर में मनाया शिक्षक दिवस
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर प्रदीप कौंडल की उपस्थिति में दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने भाषण एवं कविता पाठ के द्वारा शिक्षक दिवस के बारे में अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता का विषय 'विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में शिक्षक की भूमिकाÓ रहा और काव्य पाठ का विषय बिंदु भी शिष्य शिक्षक संबंध रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्रों अविका नेहा शर्मा और अविनाश ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान ग्रहण किया और काव्य पाठ में कनिका शर्मा, सान्या कुमारी और अभिषेक ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने प्राध्यापकों के सम्मान में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें महाविद्यालय के छात्रों ने बढ़-चढ़ कर अपनी प्रस्तुतियां दीं। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री प्रदीप कुमार कौण्डल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया तथा छात्रों को शिक्षा व शिक्षक के महत्व के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।
