जयसिंहपुर : संतान सुख की प्राप्ति के लिए दंपतियों ने श्री भौडी सिद्ध गुफा मंदिर में टेका माथा
संतान सुख प्राप्ति के लिए श्रद्धा,विश्वास तथा आस से सैकड़ों दंपतियों ने बाबा भौडी सिद्ध गुफा में पुजारी से आशीर्वाद रूपी फल ग्रहण किया। बाबा भौडी सिद्ध विकास सभा सभा द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान तथा खाने का प्रबंध किया गया था। जयसिंहपुर विधानसभा की सुआं पंचायत में स्थित सिद्धेश्वर श्री बाबा भौडी सिद्ध "सिद्ध -पीठ" जोकि कलयुग में बाबा बालकनाथ जी के सात जन्मों में से शुरू के पांच जन्मों की तपोस्थली माना जाता है तथा यह गुफा मंदिर लगभग 2300 वर्ष पुराना है।
प्रतिवर्ष बड़े महीने (ज्येष्ठ मास) के पहले रविवार को सिद्धेश्वर श्री बाबा भौडी सिद्ध गुफा मंदिर में पुजारी द्वारा श्री बाबा भौडी सिद्ध आशीर्वाद रूपी फल ऐसे दंपतियों (पति-पत्नी) को वितरित किया जाता है,जो बिना किसी ठोस कारण संतान सुख- प्राप्ति से वंचित होते हैं तथा निश्चय ही उन दंपतियों को संतान सुख की प्राप्ति होती है। यह प्रमाणित सत्य है। इस वर्ष जो वंचित रहे,वह निराश ना हों।अगले वर्ष यह दिन रविवार ,19 मई 2024 को है। वैसे तो हर रोज असंख्य श्रद्धालु भौडी सिद्ध में मन्नत मांगने तथा पूर्ण होने पर पहुंचते हैं, परंतु ज्येष्ठ महीने के प्रथम रविवार का दंपतियों के लिए विशेष महत्व है।
