जयसिंहपुर : दशहरा लोगों की आस्था एवं जन भावनाओं का उत्सव: गोमा
राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव जयसिंहपुर के आयोजन को लेकर उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जयसिंहपुर अभिषेक भास्कर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक यादविंद्र गोमा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर दशहरा लोगों की आस्था और जन भावनाओं का उत्सव है और इसके गौरव तथा आकार को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्सव में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को सुनिश्चित किया जाए तथा उत्सव को अधिक आकर्षक तथा मनोरंजक बनाने के लिए सांस्कृतिक संध्याओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं, मनोरंजन खेलों और प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाये।
गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर दशहरा उत्सव का मुख्य आकर्षण रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन है। उन्होंने कहा कि इस बार पुतलों की ऊंचाई 45 फुट तक बढ़ाई जाएगी और आतिशबाजी को और अधिक आकर्षक बनाया जायेगा।
उन्होंने ने कहा कि जयसिंहपुर का राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाले बड़े उत्सवों में शामिल है और और इसके महत्व और पहचान को बरकरार रखने के उत्सव को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। विधायक ने प्रदेश में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
