जयसिंहपुर : केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला कैंपस के लिए तुरंत राशि जमा करवाए सरकार : मनजीत डोगरा
लगभग डेढ़ दशक पहले हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी। हिमाचल प्रदेश से केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययन करने की इच्छा रखने वाले शिक्षार्थियों/ शोधकर्ताओं को कांगड़ा में ही अध्ययन करने की बड़ी सुविधा मिली थी। किसान नेता एवं समाज सेवी मनजीत डोगरा ने कहा कि यह बहुत बड़ी विडंबना है कि स्थापना के समय से ही विश्वविद्यालय निर्माण को लेकर राजनीतिक विवाद तथा राजनीतिक खींचातानी होती रही है, जिसके परिणामस्वरूप आज लगभग डेढ़ दशक के पश्चात भी केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसर का निर्माण नहीं हो सका, जिसका खामियाजा शिक्षार्थियों को उठाना पड़ रहा है।
निर्माण के लिए प्रदेश सरकार को अपना वित्तीय हिस्सा जमा करने के आदेश केंद्र से हुए हैं, लेकिन बड़े दुख की बात है वर्तमान प्रदेश सरकार भी केंद्रीय विश्वविद्यालय पर राजनीति कर रही है तथा अपने हिस्से के धनराशि को जमा न करवाकर धर्मशाला में विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण में रोड़े अटका रही है, जो की दुर्भाग्यपूर्ण है। मंजीत डोगरा ने जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला में जिला की प्रबुद्ध जनता तथा समाजसेवी संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 30 करोड़ की धनराशि जो जमा करना अपेक्षित है, तुरंत जमा करवाए।
