जयसिंहपुर : आयुष एवं खेल मंत्री गोमा को तिनबड़ में कोली समाज ने पहनाया चांदी का मुकुट
** मंत्री बोले, जयसिंहपुर के लोगों के हितों की रक्षा और विकास मेरी जिम्मेदारी
** धार के कांगड़ी में 33 केवीए सब स्टेशन और टंबरू में बनेगा जल शक्ति का विश्राम गृह
** अगले सत्र से मझेड़ा स्कूल में शुरू हो जाएंगी साइंस कक्षाएं
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा को आज धार क्षेत्र के तिनबड़ में हिमाचल प्रदेश कोली समाज की कांगड़ा इकाई ने चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। मझेड़ा जोन के कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा लोगों ने भी मंत्री का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। वहीं, मंत्री ने कोली समाज, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और इलाके के लोगों का भव्य सम्मान के लिये आभार प्रकट किया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा और इलाके का विकास उनकी जिम्मेदारी है। धार क्षेत्र में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं। इस क्षेत्र में बिजली के सुधार पर लगभग 40 लाख रुपये व्यय किये गए हैं और आने वाले समय में कांगड़ी में 33केवीए सब स्टेशन स्थापित किया जायेगा। वहीं, अगले सत्र से मझेड़ा स्कूल में साइंस कक्षाओं को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टम्बरु में जल शक्ति विभाग का रेस्ट हाउस निर्मित किया जायेगा। गोमा ने तिनबड़ चौक में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की घोषणा भी की।
30-30 लाख से बनेगा पंचरुखी और सलियाणा में कलामंच
आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री ने पंचरुखी में 30-30 लाख से निर्मित होने वाले पंचरुखी कला मंच और सलियाणा कला मंच के कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि दोनों कला मंच दो माह में बनकर तैयार होंगे।
वहीं, मंत्री के पिता व पूर्व विधायक डॉ. मिलखी राम गोमा ने कहा कि राजगीर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भी बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया। उन्होंने ने भी कई वर्षों तक इस क्षेत्र का नेतृत्व कर विकास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के लिये यह अब सुनहरा अवसर है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने यादविंदर गोमा को मंत्रीमण्डल में स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मंत्री जयसिंहपुर विधानसभा में विकास को ओर तीव्र गति से आगे बढ़ाएंगे।
