जयसिंहपुर : पंचरुखी को दिया जाए नगर पंचायत का दर्जा : मंजीत डोगरा
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उभरते हुए कस्बे पंचरुखी को नगर पंचायत के रूप में गठित करना अति अनिवार्य है। किसान नेता एवं समाजसेवी मनजीत डोगरा ने कहा कि पंचरुखी के आसपास तेज गति से हो रहे विकास को योजनाबद्ध रूप देने की आवश्यकता है। इसलिए इस क्षेत्र को शहरी निकायों की परिभाषा के अंतर्गत गठित करने की आवश्यकता है।
मनजीत डोगरा ने कहा जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता पंचरुखी क्षेत्र अब कस्बे का रूप ले चुका है, पंचरुखी के आसपास घनी आबादी, बड़े-बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान, बैंकों का विस्तार, ब्लॉक कार्यालय, तहसील कार्यालय, सभी सरकार के विभागों के कार्यालय, अस्पताल, सभी तरह की सुविधाएं इस क्षेत्र में मौजूद हैं, निर्माण का कार्य बहुत ही तेजी से समूचे क्षेत्र में चल रहा है, इस निर्माण को शहरी योजना में लाना आवश्यक है, ताकि शहर का विकास भविष्य की तमाम आवश्यकता ओं के मध्य नजर किया जा सके और यह क्षेत्र आर्थिक एवं सामाजिक तौर पर सुदृढ़ बने तथा हिमाचल प्रदेश के एक सुंदर एवं सुनियोजित शहर के रूप में विकसित हो सके।
