सुजानपुर: डीएवी आलमपुर में मनाया जन्माष्टमी महोत्सव

अनूप । सुजानपुर
डीएवी आलमपुर द्वारा श्रीकृष्ण के जन्मदिन के उपलक्ष्य में जन्माष्टमी का महान व पवित्र उत्सव कक्षा एलकेजी से 12वीं तक के छात्रों द्वारा धूमधाम से मनाया गया। यह महोत्सव भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में पूरे भारतवर्ष में मनाया जाता है। भादों में कृष्ण पक्ष के आठवें दिन अष्टमी के दिन मनाया जाने वाला यह त्याेहार नन्ने-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर श्रीकृष्ण भगवान के रूप में अवतरित होकर हर्षोल्लास सहित इस दिन की महत्ता को बढ़ाया। इस शुभ दिवस को छात्रों ने विभिन्न प्रकार के शुभ कार्ड बनाकर व शुभ संदेश देते हुए मनाया व छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बांसुरी सजावट, मुकुट सजावट व मटकी सजावट आदि विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस उपलक्ष्य में ' दही-हांडी 'प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह ने बच्चों, अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार हमें हमारी संस्कृति और भारत की सभ्यता को सहजने में सहायक होते हैं। अतः हमें समय-समय पर बच्चों के साथ इन त्योहारों को अवश्य मनाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी संस्कृति को याद रखे व उससे जुड़ी रहे।