जसवां परागपुर : बठरा के उप प्रधान पर मनरेगा में फर्जी हाजिरियां लगाने का आरोप
( words)
ब्लॉक खंड परागपुर के तहत बठरा पंचायत के उप प्रधान पर मनरेगा में सरकारी आईटीआई में शिक्षा ग्रहण कर रहे अपने ही बेटे की फर्जी हाजिरियां लगाने का अरोप लगा ह। ग्रामीण परीक्षित चौहान ने पूरे तथ्यों के साथ इस धांधली की लिखित शिकायत ब्लॉक खंड अधिकारी परागपुर को सौंपी है। उन्होंने अपने शिकायत पत्र में आरोप लगाए हैं कि पंचायत बठरा के उप प्रधान ने मनरेगा में फर्जी हाजिरियां लगाकर मनरेगा के कार्य में धांधली की है। शिकायतकर्ता ने लिखा है उप प्रधान प्रकाश चंद ने मनरेगा के कार्य में अपने बेटे रमनदीप की 1 नवंबर, 2021 से 15 नवंबर 2021 तक फर्जी हाजिरी लगाई है, जबकि उप प्रधान का बेटा आईटीआई डाडासीबा में पढ़ाई कर रहा है। 1 नवंबर, 2021 से 15 नवंबर 2021 तक आईटीआई डाडासीबा में भी उसकी हाजिरी लगी है। वहीं, उप प्रधान ने कहा कि उनके ऊपर लगे सभी आरोप झूठे हैं।
उधर, इस संबंध में बठरा पंचायत की प्रधान सुनीता कुमारी से बात की गई तो उन्होंने बताया मुझे इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। वहीं, इस संबंध में ब्लॉक खंड अधिकारी परागपुर वीरेंद्र कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया इसकी शिकायत की कॉपी आज ही उनके पास आई है। शीघ्र ही इसके जांच करवाई जाएगी।
