जसवां-परागपुर : पीडब्ल्यूडी डिवीजन कोटला बेहड़ के दफ्तर का निर्माण करो शुरू, नहीं तो देंगे धरना : बिक्रम ठाकुर
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा है कि यदि लोक निर्माण विभाग ने कोटला बेहड स्थित पीडब्ल्यूडी डिवीजन के ऑफिस की निर्माण प्रक्रिया को 15 दिनों के भीतर शुरू नहीं किया तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग के धर्मशाला स्थित मुख्य अभियंता के कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। बिक्रम ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए इस डिवीजन को अन्य जगह शिफ्ट करने का षड्यंत्र हो रहा है जिससे जसवां क्षेत्र की दुर्गम पंचायतों के बाशिंदों में भारी आक्रोश पनप उठा है। भाजपा नेता विक्रम ठाकुर ने संबंधित ठेकेदार को 10 दिनों के भीतर अवॉर्ड लैटर जारी करने की मांग करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी किसी के झांसे में न आयें अन्यथा ऐसे अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे ।
