जसवां-परागपुर: पंचायत चुनाव को लेकर सरकार पर साधा निशाना, विनोद शर्मा का बड़ा बयान
परागपुर क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। भाजपा परागपुर मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा ने हिमाचल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार चुनाव से डरी हुई है और पिछले छह महीनों से पंचायत चुनावों को “फुटबॉल का खेल” बनाकर रखा हुआ है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने एक नया “ड्रामा” रचते हुए डीसी को रोस्टर में 5% सीटें आरक्षित करने की सहमति दी है। विनोद शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार चाहे तो 5% नहीं, 100% सीटें भी अपनी मर्जी से रिजर्व करवा ले, लेकिन जनता ने मन बना लिया है कि वह भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को ही विजयी बनाएगी।
विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को विभिन्न वादों के नाम पर ठगा गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले 1500 रुपये देने, गोबर खरीद योजना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को बसों में 50% छूट, पहली कैबिनेट में 5 लाख नौकरियां देने और कर्मचारियों को डीए जारी करने जैसे वादे किए गए, लेकिन इनमें से अधिकांश धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन, रोजगार और स्थायी नौकरी के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगार युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जबकि बुजुर्ग पेंशन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। विनोद शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों से प्रदेशवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और अब जनता जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। पंचायत चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा और कांग्रेस को करारा झटका लगेगा।
