जसवां-परागपुर: बणी के शिव मंदिर में महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली की 39वीं त्रैमासिक बैठक सम्पन्न
निकटवर्ती बणी स्थित शिव मंदिर परिसर में महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली की 39वीं त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा निराश्रित महिलाओं को पेंशन राशि एवं घरेलू उपयोग का सामान वितरित करने का कार्यक्रम पूर्व की भांति जारी रखा गया।
ट्रस्ट की प्रमुख सदस्य शालिनी पटियाल राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था अब तक लगभग 45 निराश्रित महिलाओं को सहायता प्रदान कर रही है। यह सहयोग प्रत्येक तीसरे महीने के पहले रविवार को बणी गांव के शिव मंदिर में उपलब्ध कराया जाता है।
बैठक के दौरान निराश्रित महिलाओं एवं उनके बच्चों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। साथ ही प्रत्येक महिला को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस अवसर पर वालिया परिवार की ओर से सभी के लिए धाम का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट से जुड़े सदस्य मदन लाल शर्मा, निर्मला राणा, हेमराज शर्मा, कुसुम वालिया, सरोज शर्मा, वरुण पटियाल, अमित वालिया, चुहरू राम, संसार चंद, सुभाष पटियाल, संजीव, दलजीत खट्टा तथा रंगील सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
संस्था के सभी सदस्यों ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इस प्रकार के समाजसेवी एवं मानव कल्याण के कार्यों से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी दानी सज्जनों एवं सहयोगकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा कार्य निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
बैठक के अंत में ट्रस्ट के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे भी इस नेक कार्य में संस्था का सहयोग करें तथा महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी अभियानों का हिस्सा बनकर जरूरतमंद लोगों की सहायता में योगदान दें।
