हमीरपुर :- बचत योजनाओं पर भाजपा सरकार चला रही कैंची : सुखविंदर सिंह सुक्खू

सरकार की आर्थिक कुनीतियों के चलते जहां बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है तो वहीं दूसरी तरफ एक-एक करके सारी बचत योजनाओं पर भाजपा सरकार कैंची चला रही है। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष, टिकट वितरण कमेटी के सदस्य एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही। उन्होंने कहा कि पीपीएफ, ईपीएफ, आरडी और एफडी जैसी बचत योजनाओं पर ब्याज की दरों को भाजपा सरकार ने सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया है। सत्ता में आने के बाद से ही भाजपा सरकार ने बचत योजनाओं पर ब्याज की दरों को घटाना शुरू किया है। भाजपा सरकार द्वारा एक तरफ सबकी पेंशन खत्म की जा रही है और वहीं दूसरी तरफ बचत योजनाओं पर प्रहार किया जा रहा है। कोई व्यक्ति चाहे प्राइवेट नौकरी में हो या फिर सरकारी, देश के विकास में सबका योगदान होता है और जब यह प्राइवेट,अर्द्ध सरकारी और सरकारी कर्मचारी रिटायर होंगे तो बचत योजनाओं के ब्याज की कटौती के बाद उनका और उनके परिवार का खर्च कैसे चलेगा,यह बात सरकार को सोचनी चाहिए। विधायक सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार अपने मित्रों को फ़ायदा पहुंचाने के लिए लूट की नीति पर चल रही है भाजपा सरकार लोगों से उनकी आर्थिक सुरक्षा को छीन कर उनके भविष्य को असुरक्षित व तंगहाल करने में लगी हुई है।
इस मौके पर विधायक सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के करौर पंचायत का दौरा किया और करौर पंचायत पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विधायक सुक्खू का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक सुक्खू ने लोगों की समस्याएं सुनी और उनका मौके पर निपटारा किया। इस मौके पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद,पंचायत प्रधान राजीव सोनू, उपप्रधान पृथ्वी चंद, पूर्व बसारल प्रधान सुभाष, करौर पूर्व उप प्रधान संजीव सिम्पू, महिला मंडल प्रधान सरिता, रत्न चन्द, राज कुमार, प्रवीन कुमार, वार्ड पंच अजय कुमार, वार्ड पंच सरिता, पूर्व वार्ड पंच सुमना, आशा देवी, रीता, सुदर्शना, निशा आदि गणमान्य लोग मौजूद थे।