ज्वालामुखी : हार की हैट्रिक से भाजपा सदमे में : संजय रत्न
ज्वालामुखी से विधायक संजय रत्न ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व सदैव नकारात्मक राजनीति करने में व्यस्त रहा है। जब सत्ता थी, तब काम नहीं कर पाए, अब कांग्रेस की सत्ता है तो काम में अड़ंगा डालने का प्रयास कर रहे हैं। कभी हाईकोर्ट में जा रहे हैं, कभी किसी निर्णय को चुनौती दे रहे हैं, कभी किसी पोस्ट को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले उप चुनाव में हारे, फिर विधानसभा चुनाव में और अब शिमला नगर निगम में हारकर भारतीय जनता पार्टी ने हार का हैट्रिक लगा ली है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व बेशर्म है। हार मानने के स्थान पर कभी ईवीएम को दोष दे रहे हैं, कभी वोटर को दोष दे रहे हैं तो कभी सरकार को दोष दे रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व अभी भी गलतफहमी में है। उन्होंने कहा कि हम आने वाले समय में लोकसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयारी करेंगे। उन्होंने शिमला के कांग्रेस नेतृत्व को जीत हार्दिक बधाई है। शिमला की जनता ने कांग्रेस को 24 सीटें जीत कर दी हैं, इसके लिए जनता का आभार है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो काम नहीं कर पाई, हम करके बताएंगे और कांग्रेस ने जो वादे किए हैं, उन वादों को पूरा करेंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को कहा कि वे ख्याली पुलाव बनाते रहे और इसी प्रकार हार पर हार का सिलसिला जारी रखें।
