ज्वालामुखी : राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करना उचित नहीं : विकास धीमान
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता विकास धीमान ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने का एतराज जताया है। विकास धीमान ने बताया कि जब भारत आजाद हुआ, तब पूरी दुनिया यह देख के हैरान थी कि भारत ने लोकतंत्र का रास्ता अपनाया। कुछ देशों ने तो यह तक कह दिया था कि बहुत जल्द भारत का लोकतंत्र फेल हो जाएगा, लेकिन पक्ष, विपक्ष और हमारी न्यायपालिका के संगम ने भारत को मजबूत लोकतंत्र बनाकर दुनिया के सामने एक मिसाल पैदा की।
लेकिन आज भाजपा जिस तरह से विपक्ष का शोषण कर रही है, इसे भी पूरी दुनिया देख रही है। राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र के ऊपर हमला है। पक्ष और विपक्ष दोनों ही देश की तरक्की में महत्वपूर्ण हैं। विपक्ष के सवाल लोगों के सवाल होते हैं और उनका जवाब देना सत्ता पक्ष की प्राथमिकता होती है। लेकिन, आजकल ऐसा नहीं हो रहा। जिन मुद्दों पर विपक्ष चर्चा चाहता है, वो सदन में चर्चा में आते ही नहीं। सत्ताधारी भाजपा जवाब देना भी उचित नहीं समझती। सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल विपक्ष के नेताओं के खिलाफ हो रहा है, जो कि उचित नहीं है।
