ज्वालामुखी: जिला परिषद कर्मियों ने सामूहिक अवकाश के लिए बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
( words)
विकास खंड परागपुर में सोमवार को जिला परिषद कर्मियों ने खंड कार्यालय परागपुर के बीडीओ वीरेंद्र कौशल को सामूहिक अवकाश के लिए संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा, जिसमें पंचायत सचिव, कनिष्ठ अभियंता, तकनीकी सहायक तथा जिला परिषद के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे। गौर रहे कि जिला परिषद कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर 27 जून को पूरे प्रदेश में सामूहिक अवकाश पर चले जाने का निर्णय लिया है, जिस कारण मंगलवार को पूरे प्रदेश के पंचायत कार्यालय बंद रहेंगे।
जिला परिषद कर्मियों का कहना है कि न तो उन्हें छठे वेतन आयोग का लाभ मिला है तथा न ही उनका एनपीएस कटना बंद हुआ है । जिला परिषद के कर्मचारी सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस कैडर के कर्मचारियों और अधिकारियों का पंचायती राज या ग्रामीण विकास विभाग में विलय किया जाए। इसके लिए सरकार को 2 सप्ताह का समय दिया जाएगा। उसके उपरांत जिला परिषद के कर्मी आगामी रणनीति तय करेंगे । परागपुर ब्लॉक के जिला परिषद कर्मियों को अपने ब्लॉक के समस्त पंचायत प्रधानों का भी समर्थन मिल गया है। सोमवार को ब्लॉक परागपुर में हुई एक बैठक के उपरांत समस्त पंचायत प्रधानों ने भी जिला परिषद कर्मियों की मांगों के समर्थन का ऐलान कर दिया है। जिला परिषद कर्मचारी और अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि जिला परिषद कर्मियों की प्रमुख मांग विभाग में विलय से संबंधित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार ने जो वादा चुनावों से पूर्व इन कर्मियों के साथ किया था, उसे सरकार अवश्य पूरा करेगी।
