कांगड़ा : शैक्षिक भ्रमण पर पिंक सिटी पहुंचीं शरण कॉलेज की 100 छात्राएं
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वूमेन की बीएड तथा डीएलएड की 100 छात्राओं ने पिंक सिटी जयपुर का शैक्षिक भ्रमण किया। पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान छात्राओं ने पिंक सिटी में जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, म्यूजियम, हवा महल, आमेर फोर्ट, जयगढ़ फोर्ट, विरला मंदिर, जल महल, बापू बाजार जैसी जगहों पर जाकर अलग-अलग अनुभव हासिल किए। म्यूजियम में जाकर जहां उन्होंने प्राचीन कलाकृतियों के माध्यम से उस समय की सभ्यता और संस्कृति के बारे में जाना, वहीं दूसरी ओर फोर्ट में जाकर उन्होंने महाराजा मान सिंह के जीवन, जो कि अब इतिहास बन चुका, संबंधी सारी जानकारी हासिल की।
हवा महल को देखकर उन्होंने जाना कि यह महल विशेष रूप से राजपूत सदस्यों और खासकर महिलाओं के लिए बनवाया गया था, ताकि शाही महिलाएँ नीचे की गली में हो रहे रोज़ाना के नाटक नृत्य को देख सकें। जल महल से उन्होंने जाना कि अरावली पर्वत के गर्भ में स्थित यह महल झील के बीचों-बीच खड़ा है। यह महल राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसागर झील के मध्य स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक महल है ।साथ ही उन्होंने जाना कि सिटी पैलेस जयपुर में स्थित राजस्थानी व मुगल शैलियों की मिश्रित रचना है, जिसके प्रवेश द्वार पर संगमरमर के दो नक्काशी हाथी खड़े हैं ।कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुमन शर्मा ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से छात्राओं को भविष्य के लिए भी तैयार किया जाता है। प्रियंका, आंचल, निकिता, ईशु, तन्वी, अक्षिता, दीक्षित, तनु ,श्रेया, निहारिका, श्रुति, शिवानी कपूर, आर्या, गज़ल आदि ने बताया कि हमने शैक्षिक भ्रमण के ज़रिए बहुत सारी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं, जो भविष्य में हमारा मार्गदर्शन करेंगीं।
