कांगड़ा : डिनोटिफाई किए पीएचसी गाहलियां को दोबारा शुरू करवाया जाएगा : काजल
कांगड़ा विस हलके के विधायक पवन काजल ने कहा विधानसभा क्षेत्र के गाहलियां पंचायत में मौजूदा कांग्रेस सरकार द्वारा डिनोटिफाई किए पीएचसी को दोबारा शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा गाहलियां पंचायत व साथ लगते आधा दर्जन पंचायतों के लिए 8 करोड रुपए की लागत से पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है और आने वाले समय में चंगर क्षेत्र की पंचायतों में पेयजल समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा। काजल रविवार को गाहलियां पंचायत में आयोजित वार्षिक मेले में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा मेले हमारी सभ्यता व संस्कृति के परिचायक हैं और युवा पीढ़ी को मेलों के आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि हम अपने पुराने धरोहर को सहेज कर रख सके। उन्होंने युवा वर्ग को नशे से दूर रहने व ग्रामीणों को नशा माफिया विरुद्ध एकजुट होकर अभियान शुरू करने की अपील की। उन्होंने मेला कमेटी को ग्यारह हजार रुपये की नकद राशि भेंट की। इस मौके पर ग्राम पंचायत गाहलियां श्री राधा कृष्णा मंदिर मेला कमेटी प्रधान अनूप सिंह, उप प्रधान ज्ञान चौधरी, परमिंद्र सिंह पटियाल, मलक सिंह, किशोरी लाल मेहता, सुरेश शर्मा, राम स्वरुप, प्रदीप भाटिया, देवी लाल, नंद लाल संधू, रणजीत सिंह, लकी शर्मा भी उपस्थित रहे। इससे पहले विधायक काजल ने खोली पंचायत में चल रही श्रीमद् भागवत कथा और ईच्छी पंचायत में आयोजित भंडारे में शिरकत की।
