कांगड़ा : रात में युवकों ने ठीकरी पहरा लगाकर पकड़ा चाेर, एक फरार
पुलिस थाना कांगड़ा के तहत पड़ते पुराना कांगड़ा में शुक्रवार देर रात स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक काे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुराना कांगड़ा में पिछले एक महीने से चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही थी। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बावजूद चोर गिरफ्त में नहीं आ रहे थे। इसके चलते स्थानीय युवाओं ने पिछले एक सप्ताह से कांगड़ा में रात को पहरा लगाना शुरू किया । इस दौरान शुक्रवार रात को डाक बंगला रोड पर एक संदिग्ध युवक गली में घूमता देखा। उसने अपने मुंह और सिर पर ग्रीस लगाई हुई थी। शक के आधार पर उससे पूछताछ की, तो वो घबरा गया। स्थानीय युवाओं ने उसे पकड़कर जमकर पीटा। लाेगाें का कहना है कि सूचना देने के बावजूद भी पुलिस समय पर घटना स्थल पर नहीं पहुंची,जिससे युवाओं ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले करने से मना कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देखकर SHO विजय शर्मा अतिरिक्त फोर्स के साथ पुराना कांगड़ा पहुंचे। उनकी मौजूदगी में स्थानीय लोगों ने कांगड़ा पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और काफी समझाने के बाद युवाओं ने इसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस थाना प्रभारी विजय शर्मा ने बताया कि युवक के साथ 2-3 लड़के और भी थे, जो मौके से फरार हो गए। पुलिस अब युवक से पूछताछ में जुटी है।
