कांगड़ा : 13 साल से मां बज्रेश्वरी मंदिर में लंगर लगा रहे मुंबई के कृष्ण शर्मा
मुंबई के तिलक नगर के निवासी कृष्ण शर्मा 13 वर्षों से बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में मां के भक्तों के लिए लंगर लगा रहे हैं। उनकी मां बज्रेश्वरी में अटूट आस्था है। कृष्ण शर्मा का कहना है कि साल 2010 में एक मित्र के माध्यम से मां बज्रेश्वरी के दर पर प्रथम बार आना हुआ। यहां आने के उपरांत मन को एक असीम शांति मिली और मन में मां के भक्तों के लिए लंगर लगाने का विचार आया।
उन्होंने प्रथम बार साल 2010 में मां के भक्तों के लिए लंगर लगाया और तब से लेकर आज तक मां की कृपा से लगातार भंडारा लगाते आ रहे हैं। उनके द्वारा यह लंगर शरद कालीन और ग्रीष्म कालीन दोनों नवरात्रों के दौरान लगाया जाता है।
कृष्ण शर्मा लंगर का सारा सामान मुंबई से ही लेकर आते हैं। आज मंदिर प्रशासन द्वारा कृष्ण शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। कृष्ण शर्मा का कहना है मां की कृपा सब भक्तों पर और उन पर हमेशा ऐसे ही बनी रहे और वे इसी तरह हर वर्ष मां के भक्तों के लिए लंगर लगाते रहें।
