कांगड़ा : सीवरेज सिस्टम से जुड़ेंगे मटाैर, घुरकड़ी, कच्छियारी, वीरता, जोगीपुर, ललहेड़ व नटहेड़ : काजल
कांगड़ा शहर के साथ लगते लगभग 6 गांवों को 60 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। विधायक प्राथमिकता में शुमार रहे इस कार्य को 4 साल में पूरा किया जाएगा। मटाैर, घुरकड़ी, कच्छियारी, वीरता, जोगीपुर, ललहेड़ व नटहेड़ आदि गांवाें काे इस सीवरेज परियोजना में शामिल किया गया है। इस परियोजना से करीब 25 हजार की आबादी को लाभान्वित हाेगी। यह बात आज स्थानीय विधायक पवन काजल ने पत्रकाराें को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कांग्रेस सरकार के 3 माह के कार्यकाल को हनीमून पीरियड की संज्ञा दी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान जो 10 गारंटी देने का वादा किया गया था, वह पूरा नहीं हो पाया। महिलाएं 1500 रुपये महीना पेंशन का इंतजार कर रही हैं और युवा स्टार्टअप के लिए सरकार की राह देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है, लेकिन इसकी अनदेखी सरकार को महंगी पड़ेगी। उन्होंने कांगड़ा जिला के विधायकों से भी अपील की कि वे जिला की विकास योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि कांगड़ा जिले को तवज्जो मिले। उन्होंने अफसोस प्रकट किया कि कांगड़ा को एक मंत्री ही मिल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में हालात खराब हैं। डॉक्टरों को स्थानांतरित किया जा रहा है। सुविधाओं का भी अभाव है।
