कांगड़ा पुलिस की कार्रवाई: कुख्यात नशा तस्कर अवतार सिंह गिरफ्तार
कांगड़ा पुलिस ने नशे पर कार्रवाई करते हुए पालमपुर में एक कुख्यात नशा तस्कर अवतार सिंह उर्फ गुन्नू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 6.09 ग्राम हेरोइन, 10.31 ग्राम चरस और 18,670 रुपए कैश बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अवतार सिंह अपने घर से नशे का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के गांव चौकी खलेट स्थित रिहाइशी मकान पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर के अंदर से नशीले पदार्थ और ड्रग मनी बरामद हुई, जिसके बाद अवतार सिंह को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ पालमपुर थाने में NDPS एक्ट में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अवतार सिंह उर्फ गुन्नू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत पहले से ही चार अन्य केस दर्ज हैं। इनमें साल 2023, में पालमपुर थाने में 7 ग्राम चिट्टा और नूरपुर थाने में 50.46 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले शामिल हैं। इसके अलावा, साल 2024 में नगरोटा बगवां थाने में 20.65 ग्राम और पालमपुर थाने में 6.47 ग्राम चिट्टा बरामदगी के दो अन्य केस भी दर्ज हैं। बार-बार जेल जाने के बावजूद आरोपी ने नशा तस्करी जारी रखी। पुलिस ने उसे एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है।
